डीएमसीएच गेस्ट हाउस से शराब की तीन बोतलें बरामद, डॉक्टरों की दारू पार्टी के बाद पुलिस की छापेमारी
बिहार के दरभंगा में स्थित DMCH अस्पताल के गेस्ट हाउस से पुलिस ने शराब की तीन बोतलें बरामद की है। डॉक्टरों की शराब पार्टी का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने यहां छापेमारी की।

बिहार के दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (डीएमसीएच) के डॉक्टरों की शराब पार्टी का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। डॉक्टरों की कथित शराब पार्टी के बाद एसएसपी अवकाश कुमार के निर्देश पर सदर एसडीपीओ अमित कुमार के नेतृत्व में शनिवार की देर शाम डीएमसीएच के गेस्ट हाउस में छापेमारी की गई। इस दौरान ग्राउंड फ्लोर पर स्थित एक कमरे से पुलिस ने विदेशी शराब की तीन बोतलें बरामद की हैं। पुलिस वायरल वीडियो की जांच कर रही है।
बता दें कि गत 15 दिसंबर को डीएमसीएच के गेस्ट हाउस में शराब पार्टी चलने का एक वीडियो वायरल हुआ था। हालांकि ‘हिन्दुस्तान’ इस वीडियो के सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। इस वायरल वीडियो में स्थानीय चिकित्सकों के अलावा बाहर से आए कई डॉक्टर भी शराब का सेवन करते देखे जा रहे हैं।
एसडीपीओ अमित कुमार ने बताया कि दरभंगा मेडिकल कॉलेज के गेस्ट हाउस में छापेमारी के दौरान ग्राउंड फ्लोर के एक कमरे से विदेशी शराब की तीन बोतलें बरामद की गई हैं। वीडियो के माध्यम से जानकारी मिली है कि शराब का सेवन करने में कई सीनियर डॉक्टर भी शामिल थे। वीडियो की जांच की जा रही है। जो भी दोषी होंगे, उनके खिलाफ नियमसंगत कार्रवाई होगी।
पप्पू यादव ने शराबबंदी पर उठाए सवाल
यह मामला शनिवार को तब चर्चा में आया जब पूर्व सांसद एवं जाप सुप्रीमो पप्पू यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कथित शराब पार्टी का फोटो पोस्ट किया। उन्होंने शराबबंदी को लेकर नीतीश सरकार को भी घेरा। पप्पू यादव ने कहा कि बिहार में गरीबों और डॉक्टरों के लिए शराबबंदी का अलग कानून है। उन्होंने सीएम नीतीश से इस मामले पर तुरंत संज्ञान लेने की मांग की थी।




साइन इन