केंद्र विशेष राज्य का दर्जा दे तो दो साल में बिहार से गरीबी हट जाएगी, नीतीश कुमार का दावा
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार सरकार ने जाति गणना करवाकर हर एक परिवार की आर्थिक स्थिति की जानकारी ली है। इससे पता चला है कि हर वर्ग और हर जाति में गरीब मौजूद हैं।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक बार फिर केंद्र सरकार से बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग की है। मुंगेर में मेडिकल कॉलेज के शिलान्यास कार्यक्रम में नीतीश ने कहा कि विशेष राज्य का दर्जा मिले तो बिहार से दो साल के अंदर गरीबी खत्म हो जाएगी। उन्होंने कहा कि स्पेशल स्टेटस के लिए हम अभियान चलाएंगे। बिहार आर्थिक रूप से पिछड़ा है इसलिए इसे विशेष दर्जा मिलना ही चाहिए।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को मुंगेर में मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रखी। जिले के बाक पंचायत स्थित मंगरा पोखर में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि हमने जाति गणना करवाकर बिहार के हर एक परिवार की आर्थिक स्थिति की जानकारी ली। इस सर्वे से पता चला है कि हर वर्ग और हर जाति में गरीब मौजूद हैं। इसके लिए गरीबों के कल्याण के लिए राज्य सरकार योजनाएं लेकर आई हैं।
मुंगेर में करीब 300 करोड़ की लागत से मेडिकल कॉलेज बनाया जाएगा। सीएम नीतीश ने कहा कि यहां सिर्फ मेडिकल की पढ़ाई नहीं होगी बल्कि 630 बेड का अस्पताल भी बनेगा। शनिवार को मंच से रिमोट दबाकर मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज व हॉस्पिटल के शिलान्यास के साथ-साथ मुंगेर सदर अस्पताल में 100 बेड के प्रीफैबरीकेटेड हॉस्पिटल और 30 बेड के पीकू वार्ड का भी शुभारंभ किया।
सभा स्थल पर मौजूद भीड़ को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मुंगेर एक पौराणिक स्थल है हमें इसके विकास के लिए विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि 2005 से जब से आप लोगों ने काम का मौका दिया तब से लगातार काम कर रहे हैं। इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और जेडीयू अध्यक्ष सह मुंगेर सांसद ललन सिंह ने भी मौजूद रहे।




साइन इन