फिल्मी अंदाज में मांझी की पार्टी के प्रवक्ता दानिश रिजवान गिरफ्तार, कोर्ट में पेशी के दौरान पुलिस ने दबोचा; महिला को गोली मारने का आरोप
जीतनराम मांझी की पार्टी हम के राष्ट्रीय प्रवक्ता दानिश रिजवान को फिल्मी अंदाज में झारखंड की रांची पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रिजवान पर रांची की चर्चित महिला सुषमा बड़ाईक पर गोली चलाने का आरोप है।

पूर्व सीएम जीतन राम मांझी की हम पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता दानिश रिजवान को गुरुवार को आरा से गिरफ्तार कर लिया गया। उन्हें झारखंड पुलिस ने रांची की एक युवती को गोली मारने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरा नगर थाना क्षेत्र के तरी मोहल्ला निवासी दानिश को कोर्ट के बाहर पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पकड़ा। रांची पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर उनको अपने साथ ले जायेगी। पुलिस उन्हें शुक्रवार को कोर्ट में ट्रांजिट रिमांड के लिए प्रस्तुत करेगी।
रांची पुलिस के अनुसार 13 दिसंबर को रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र के हरमू चौक और सहजानंद चौक के बीच सुष्मा बड़ाइक उर्फ पद्मा बड़ाइक को गोली मारी गयी थी। इसे लेकर अरगोड़ा थाना क्षेत्र के हरमू वीर कुंवर सिंह चौक निवासी सुष्मा बड़ाइक के भाई सिकंदर बड़ाइक की तहरीर पर नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी। इसमें दानिश रिजवान सहित चार लोगों को नामजद किया गया था। इसके बाद से रांची पुलिस हम नेता की तलाश में जुटी थी। फिलहाल दानिश को भोजपुर के ही उदवंतनगर थाने में रखे जाने की सूचना है। इधर, हम प्रवक्ता दानिश रिजवान की गिरफ्तारी से सूबे के राजनीतिक हलके चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
व्यवसायी हत्याकांड में पेशी के लिए आए थे कोर्ट
जानकारी के अनुसार दानिश गुरुवार को आरा के बहुचर्चित गोला व्यवसायी कृष्णा सिंह हत्याकांड में पेशी के लिए कोर्ट गए थे। इसकी भनक उनकी तलाश में आरा पहुंची रांची पुलिस को लग गयी थी। रांची पुलिस कोर्ट के बाहर सादे लिबास में घूम रही थी। अपराह्न तीन बजे जब दानिश पेशी के बाद कोर्ट से बाहर निकल तभी रांची पुलिस के अफसरों व जवानों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गाड़ी में बैठाकर आनन-फानन में निकल गए।




साइन इन