Husband beaten with sticks after calling his wife a witch died on the spot FIR against 6 पत्नी को डायन बताकर पति को लाठी-डंडों से पीटा, मौके पर ही मौत, 6 के खिलाफ FIR, Bihar Hindi News - Hindustan
More

पत्नी को डायन बताकर पति को लाठी-डंडों से पीटा, मौके पर ही मौत, 6 के खिलाफ FIR

आरा जिले में एक शख्स की पत्नी को डायन बताकर दंबगों ने उसके पति की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी। और फिर फरार हो गए। इस मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। जबकि 6 के खिलाफ FIR है।

Sat, 25 Nov 2023 08:37 AMSandeep हिन्दुस्तान संवाददाता, आरा
share
पत्नी को डायन बताकर पति को लाठी-डंडों से पीटा, मौके पर ही मौत, 6 के खिलाफ FIR

आरा जिले के भोजपुर के तरारी थाना क्षेत्र के जेठवार गांव में घर के बाहर राजमिस्त्री की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी। घटना बुधवार की देर शाम की बतायी जा रही है। मृतक की पहचान 63 साल के ललन सिंह के तौर पर हुई है। उनके परिजन गांव के ही लोगों पर डायन के विवाद में हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं। हालांकि पुलिस की शुरुआती जांच में खाने-पीने के दौरान आपसी विवाद में हत्या की बात सामने आ रही है। 


पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपित नंदजी सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। वह उसी गांव के सुरेश सिंह का पुत्र है। पैर से दिव्यांग नंदजी सिंह पर अपने डंडे से राजमिस्त्री पर वार करने का आरोप है। इस मामले में राजमिस्त्री के बेटे शिव शंकर कुमार के बयान पर नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। इसमें गांव के सुरेश सिंह, उनके पुत्र धनजी कुमार, मनजी कुमार, शंकर, कुमार नंदजी सिंह और दीपक कुमार को आरोपित किया गया है। राजमिस्त्री के पुत्र का घर आरोपित सुरेश सिंह से काफी दूर है।

इसके बाद भी उन लोगों की ओर से पिछले कई सालों से उसकी मां पर डायन का गलत आरोप लगाकर बराबर गाली-गलौज किया जाता है। उनके घर में जब भी कोई बीमार पड़ता है, तो उसकी मां पर डायन का आरोप लगाकर गाली-गलौज किया किया जा रहा था। इसे लेकर उनके बीच विवाद चला आ रहा है। बुधवार की देर शाम सुरेश सिंह ने अपने बेटों के साथ दरवाजे पर आ धमके और लाठी-डंडों से उसके पिता की जमकर पिटाई कर दी। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए पीरो रेफरल अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आरा के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान गुरुवार की शाम उन्होंने दम तोड़ दिया। 

इसके बाद परिजन उनके शव को वापस गांव ले गए। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और देर शाम शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। एसडीपीओ राहुल सिंह ने बताया कि अबतक की जांच में पता चला है कि दोनों पक्षों में नजदीकी संबंध थे। बुधवार की शाम खाने-पीने के दौरान आपसी विवाद में दिव्यांग नंदजी सिंह की लाठी से उनपर वार कर दिया गया। इसमें गंभीर चोट लगने से मौत हो गयी। इस मामले में छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। इनमें एक आरोपित को गिरफ्तार भी कर लिया गया है।

डायन के आरोप की जांच की जा रही है। घटना के बाद राजमिस्त्री के घर में कोहराम और रोना-धोना मच गया है। बताया जा रहा है कि राजमिस्त्री अपने पांच भाइयों और दो बहनों में पांचवें स्थान पर थे। उनके परिवार में पत्नी संपातो देवी, पुत्री संगीता देवी, सविता देवी, पुत्र संतोष कुमार और शिव शंकर कुमार है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।