Firing at Ara Civil Court gate in broad daylight criminals ran away one injured आरा सिविल कोर्ट के गेट पर दिनदहाड़े फायरिंग, ताबड़तोड़ गोलियां बरसा कर भागे अपराधी; एक घायल, Bihar Hindi News - Hindustan
More

आरा सिविल कोर्ट के गेट पर दिनदहाड़े फायरिंग, ताबड़तोड़ गोलियां बरसा कर भागे अपराधी; एक घायल

आरा में सिविल कोर्ट के मेन गेट पर गुरुवार दोपहर को अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी। एक व्यक्ति गोली लगने से घायल हो गया। इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई।

Thu, 29 Feb 2024 04:28 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, आरा
share
आरा सिविल कोर्ट के गेट पर दिनदहाड़े फायरिंग, ताबड़तोड़ गोलियां बरसा कर भागे अपराधी; एक घायल

बिहार के आरा में सबसे सुरक्षित कहे जाने वाले सिविल कोर्ट इलाके में गुरुवार को दिनदहाड़े फायरिंग से दहशत फैल गई। दोपहर करीब एक बजे हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में एक व्यक्ति को गोली लग गई। उसे इलाज के लिए शहर के निजी अस्पताल में ले जाया गया है। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। इस वारदात से पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना पाकर एसपी प्रमोद कुमार, एसडीओ लाल ज्योति नाथ शाहदेव समेत अन्य अफसर घटनास्थल पर पहुंच कर छानबीन में जुट गए हैं। 

जानकारी के मुताबिक सिविल कोर्ट के बाहर दोपहर करीब एक बजे हथियारबंद अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक व्यक्ति को गोली लग गई उसे इलाज के लिए तत्काल शहर के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉक्टर विकास सिंह द्वारा उसका इलाज किया जा रहा है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है और अपराधियों की धरपकड़ में जुट गई है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।

गेट के सामने लगे सीसीटीवी फुटेज में यह घटना कैद हुई है। इसमें अपराधी फायरिंग कर भागते हुए दिख रहे हैं। कुछ पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद थे, लेकिन वे कुछ नहीं कर पाए। रिपोर्ट्स के मुताबिक गोलीबारी में घायल की पहचान गोपाल चौधरी (62) के रूप में हुई है। वह हत्या के एक केस में पेशी पर कोर्ट आया था। बुजुर्ग को टारगेट करते हुए अपराधियों ने कई फायर किए। एक गोली गोपाल के कान के पास लगी। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल ले जाया गया।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।