Bihar EOU SVU Raids on two corrupt officer finds black property over 13 crores कलंक कथा: बिहार में दो भ्रष्ट अफसरों पर निगरानी छापा, 13 करोड़ से अधिक की संपत्ति मिली, Bihar Hindi News - Hindustan
More

कलंक कथा: बिहार में दो भ्रष्ट अफसरों पर निगरानी छापा, 13 करोड़ से अधिक की संपत्ति मिली

बिहार में विशेष निगरानी इकाई, ईओयू ने अलग-अलग दो बड़े अफसरों पर कार्रवाई करते हुए 13 करोड़ से ज्यादा संपत्ति का खुलासा किया है। दोनों दागी अफसरों की शाही जिंदगी देखने को मिली है।

Tue, 28 June 2022 10:06 PMShoib Rana लाइव हिंदुस्तान, पटना
share
कलंक कथा: बिहार में दो भ्रष्ट अफसरों पर निगरानी छापा, 13 करोड़ से अधिक की संपत्ति मिली

पटना. बिहार में भ्रष्टाचार में लिप्त दो अफसरों के खिलाफ मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की गई। विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) ने जहां बीएमएसआईसीएल के महाप्रबंधक संजीव रंजन के ठिकानों पर छापेमारी की तो वहीं ईओयू ने मुजफ्फरपुर के सहायक उद्यान निदेशक शंभू प्रसाद के खिलाफ कार्रवाई की। दोनों अफसरों पर पद का दुरूपयोग कर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। तलाशी में दोनों अधिकारियों के पास से 13 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति मिली है।

गौरतलब है कि बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड (BMSICL) के महाप्रबंधक संजीव रंजन की अबतक 8 करोड़ से अधिक की संपत्ति का पता एसवीयू को मिला है। एसवीयू ने 1,76,72, 907 रुपए की आय से अधिक संपत्ति की प्राथमिकी दर्ज करने के बाद मंगलवार को पटना के आशियाना-दीघा रोड के ड्यू लश काउंटी अपार्टमेंट के फ्लैट और रामकृष्णनगर में बने आलीशान मकान और कार्यालय की तलाशी ली गई। अबतक 4 लाख नकद के अलावा एक बैंक लॉकर के कागजात मिले हैं।  

एसवीयू के मुताबिक, साल 2012 से विभिन्न पदों पर रहते हुए संजीव रंजन पर अवैध तरीके से अकूत संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। पत्नी सुमन रंजन के नाम पर बाढ़ के वाजितपुर में 91 डिसमिल जमीन, आशियाना-दीघा रोड में फ्लैट और बाढ़ में ही 32 डिसमिल जमीन लीज पर भी ली गई। रामकृष्णनगर में आलीशान मकान के अलावा पत्नी के नाम पर ही बहगलुरू में एक फ्लैट के अलावा रांची में फ्लैट व जमीन खरीदी गई है। रामकृष्णनगर इलाके में शानदार तीन मंजिला मकान बनाने में काफी रकम खर्च की गई है। इसकी कीमत 5 करोड़ रुपए आंकी गई है। 

सहायक उद्यान निदेशक के पास पांच करोड़ से अधिक की संपत्ति
आर्थिक अपराध इकाई ने मुजफ्फरपुर के सहायक उद्यान निदेशक शंभू प्रसाद के चार ठिकानों की तलाशी ली। पटना के पटेल नगर रोड नंबर 8 में बना जी प्लस फोर मकान, बेलछी थाना के फतेहपुर स्थित पैतृक आवास, मुजफ्फरपुर में बीएसएपी-6 परिसर के सामने किराए के मकान और कार्यालय की तलाशी शामिल है। अबतक 5 करोड़ से अधिक की चल-अचल संपत्ति का पता चला है।

पटेल नगर में आलीशान मकान
ईओयू के मुताबिक पटेल नगर में बने आलीशान मकान की कीमत 2 करोड़ से अधिक है। वहीं शास्त्रीनगर के गोकुलपथ स्थित धर्म अपार्टमेंट में फ्लैट और पटना में ही भूखंड भी हैं। इनकी खरीद और निबंधन पर 2,46,92,000 रुपए खर्च किए गए। वहीं, वित्तीय संस्थानों में 19,70,000 रुपए का निवेश पाया गया। खुद और परिजनों के नाम 26,50,000 रुपए की तीन कार व तीन बाइक खरीदी गई है। शंभू प्रसाद, उनकी पत्नी और दो बेटों के बैंक खातों में काफी नगद राशि जमा कराई गई। पत्नी के नाम बैंक खाते में 16,70,000 जबकि बेटे के एक बैंक खाते में 11,51,000 रुपए नकद जमा कराए गए थे। 

20 पासबुक और तीन लॉकर के कागज मिले
शंभू प्रसाद ने अक्टूबर 1992 कृषि विभाग मे योगदान किया। वेतन मद से इन्हें अबतक 70 लाख रुपए मिले हैं। पर इनके पास आय से 2,02,31,172 रुपए ज्यादा की संपत्ति पाई गई है। यह ज्ञात वैध स्रोतों से 101.51 प्रतिशत अधिक है। पटेल नगर के घर की तलाशी में संपतचक स्थित जमीन (मूल्य 24.80 लाख) के अलावा पहाड़ी पर लिए गए भूखंड (3.24 लाख) के दस्तावेज मिले। हीरा खरीद के 3 लाख के कागजात के अलावा 50,000 नकद बरामद हुआ। विभिन्न बैंकों के 20 पासबुक और 3 लॉकर के कागजात भी मिले हैं। 

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।