Alok Mehta new education minister of Bihar CM Nitish Kumar send Chandrashekhar to sugarcane department केके पाठक के छुट्टी से लौटते ही शिक्षा मंत्री ट्रांसफर, आलोक मेहता को एजुकेशन, चंद्रशेखर को गन्ना, Bihar Hindi News - Hindustan
More

केके पाठक के छुट्टी से लौटते ही शिक्षा मंत्री ट्रांसफर, आलोक मेहता को एजुकेशन, चंद्रशेखर को गन्ना

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एसीएस केके पाठक के छुट्टी से लौटते ही शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर का ट्रांसफर कर दिया है। आलोक मेहता को नया शिक्षा मंत्री बनाया गया है, जबकि चंद्रशेखर अब गन्ना मंत्री होंगे।

Sat, 20 Jan 2024 10:11 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
केके पाठक के छुट्टी से लौटते ही शिक्षा मंत्री ट्रांसफर, आलोक मेहता को एजुकेशन, चंद्रशेखर को गन्ना

नीतीश कैबिनेट में बड़ा फेरबदल हुआ है। शिक्षा विभाग के एसीएस केके पाठक के छुट्टी से लौटते ही शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर का ट्रांसफर हो गया है। आलोक मेहता बिहार के नए शिक्षा मंत्री बनाए गए हैं। मौजूदा शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर का विभाग छीनकर उन्हें गन्ना मंत्री बना दिया गया है। वहीं, ललित यादव को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का मंत्री बनाया गया है। उनके पास लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग का प्रभार भी पहले की तरह बरकरार रहेगा। इस तरह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कैबिनेट में आरजेडी कोटे से तीन मंत्रियों के विभागों में फेरबदल किया है। शनिवार को मंत्रिमंडल सचिवालय ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी। 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस कदम की सियासी गलियारे में खासी चर्चा हो रही है। चंद्रशेखर को शिक्षा विभाग से हटाकर गन्ना विभाग में भेजे जाने के कई मायने निकाले जा रहे हैं। चंद्रशेखर का विभाग के एसीएस केके पाठक से विवाद चल रहा था। इसके अलावा चंद्रशेखर कई मौकों पर धार्मिक मुद्दों पर बयानबाजी कर चुके हैं। वहीं, आरजेडी और जेडीयू के बीच में पिछले कुछ दिनों से नाराजगी की अटकलों ने भी जोर पकड़ा है। 

शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर का विभाग बदले जाने की अटकलें लंबे समय से लगाई जा रही थी। शिक्षा विभाग के एसीएस केके पाठक इस महीने करीब 10 दिनों की छुट्टी पर चले गए थे। पहले उन्होंने 14 जनवरी तक अवकाश लिया था, फिर उसे बढ़ाकर 16 जनवरी किया था। इसके बाद वे 17 जनवरी को काम पर नहीं लौटे और अपनी छुट्टी 31 जनवरी तक बढ़ा दी थी। उन्होंने एसीएस का चार्ज भी शिक्षा सचिव वैद्यनाथ को दे दिया था।

31 तारीख तक छुट्टी बढ़ाने के एक दिन बाद ही केके पाठक अचानक शुक्रवार को काम पर लौट गए। उन्होंने अपर मुख्य सचिव का चार्ज वापस संभाला। शुक्रवार को ही आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव सीएम आवास जाकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिले थे। बताया जा रहा है कि इस मीटिंग में मंत्रियों के विभागीय फेरबदल पर ही चर्चा हुई थी।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।