Stone pelting on Vande Bharat and Rajdhani Express trains in Bihar panic among passengers बिहार में वंदे भारत और राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव, यात्रियों में मची दहशत, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बिहार में वंदे भारत और राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव, यात्रियों में मची दहशत

बिहार के खगड़िया जिले में न्यू जलपाईगुड़ी- पटना वंदे भारत एक्सप्रेस और डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी ट्रेन पर रविवार को पत्थर फेंके गए। इससे यात्री डर-सहम गए।

Tue, 3 Sep 2024 12:43 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, भागलपुर
share
बिहार में वंदे भारत और राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव, यात्रियों में मची दहशत

बिहार में एक बार फिर प्रीमियम ट्रेनें वंदे भारत और राजधानी एक्सप्रेस पर पथराव हुआ है। घटना खगड़िया जिले में रविवार की बताई जा रही है। मानसी और खगड़िया रेलवे स्टेशन के बीच न्यू जलपाईगुड़ी से पटना जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थर फेंके गए। इससे रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया। इसी दौरान मानसी स्टेशन के पास डिब्रूगढ़ से नई दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन के कोच संख्या 8 पर भी पत्थरबाजी की गई। इससे ट्रेन में सवार यात्रियों में दहशत फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही खगड़िया और मानसी आरपीएफ तुरंत एक्शन मोड में आ गई। खगड़िया रेल इंस्पेक्टर अरविंद राठौर ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की और मौके से एक मोबाइल फोन बरामद किया। हालांकि, पथराव में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

इस घटना के संबंध में दोनों ट्रेनों पर तैनात पुलिस अधिकारियों ने लिखित सूचना आरपीएफ को दी। इसके बाद रेल पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी। सोमवार को बरौनी से डॉग स्क्वॉयड की टीम को बुलाया गया और अलग-अलग रेलवे स्टेशनों पर जांच की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पत्थरबाजी के पीछे असामाजिक तत्वों का हाथ है। उनकी जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पटना-हावड़ा वंदे भारत की बोगियों में बिजली आपूर्ति बाधित, यात्री पर परेशान

बता दें कि इससे पहले भी बिहार में वंदे भारत समेत अन्य ट्रेनों पर पथराव की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बीते 28 जून को पटना से हावड़ा जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर मोकामा और बड़हिया स्टेशन के बीच पत्थर फेंके गए थे। इससे ट्रेन की एक खिड़की का शीशा टूट गया और यात्री डर गए थे। वहीं, अप्रैल 2024 में भी वाराणसी से रांची जा रही वंदे भारत ट्रेन पर रोहतास में करवंदिया स्टेशन के पास पथराव किया गया था।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।