Sticks stones firing marriage x groom fled away Barati women teased in Masaudhi Patna Bihar शादी में बरसे लाठी-पत्थर-गोलियां, बाराती समेत दूल्हा जान बचाकर भागा; महिलाओं के डांस से बढ़ा बवाल, Bihar Hindi News - Hindustan
More

शादी में बरसे लाठी-पत्थर-गोलियां, बाराती समेत दूल्हा जान बचाकर भागा; महिलाओं के डांस से बढ़ा बवाल

हिंसक झड़प के दौरान लाठी और लोहा के रॉड से जमकर मारपीट हुई। इस दौरान तीन चार राउंड हवाई फायरिंग भी हुई। घटना में ईंट पत्थर जमकर चले जिसमें लोगों के सिर फट गए। मौके पर अफरा तफरी मच रही।

Fri, 15 May 2026 07:35 AMSudhir Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share
शादी में बरसे लाठी-पत्थर-गोलियां, बाराती समेत दूल्हा जान बचाकर भागा; महिलाओं के डांस से बढ़ा बवाल

Patna News: बिहार की राजधानी पटना के मसौढ़ी में शादी समारोह में महिलाओं के साथ अभद्रता पर बाराती और सराती के बीच हिंसक झड़प हो गई। जिसमें बारात पक्ष की ओर से एक महिला समेत तीन और सराती पक्ष का एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलों को मसौढ़ी अनुमंडल अस्पताल में इलाज के बाद पटना रेफर कर दिया गया। घटना पकड़ी गांव में बुधवार रात की है।

हिंसक झड़प के दौरान लाठी और लोहा के रॉड से जमकर मारपीट हुई। इस दौरान तीन चार राउंड हवाई फायरिंग भी हुई। घटना में ईंट पत्थर जमकर चले जिसमें लोगों के सिर फट गए। मौके पर अफरा तफरी मच रही। मारपीट में मची भगदड़ में शादी के लिए आए दूल्हा समेत सभी बाराती बिना शादी किए भाग निकले। नतीजतन शादी की रस्म अदायगी नहीं होने से जश्न माहौल गमगीन हो गया।

हिंसक झड़प उसवक्त घटी, जब समधी मिलन कार्यक्रम हो रहा था। इस मामले में धनरुआ थाने के चक राढ़ा गांव निवासी मुकेश बिंद ने मसौढ़ी थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है। बताया जाता है कि चक राढ़ा गांव निवासी उपेन्द्र बिंद के पुत्र टुन्नू कुमार की शादी के लिए बारात मसौढ़ी थाना के पकरी गांव निवासी गजेन्द्र बिंद के घर आई थी। गजेन्द्र बिंद की पुत्री की शादी के लिए आई बारात गांव में भ्रमण कर जलमाशा के बगल में समधी मिलन कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान डीजे बाजा पर बाराती और सराती पक्ष के लोग डांस कर रहे थे।

बताया जाता है कि महिलाओं के साथ डांस के बहाने अभद्र व्यवहार को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। जिसमें बारात पक्ष के मुकेश बिंद, पत्नी संजू देवी और प्रयाग बिंद गंभीर रूप से घायल हो गए। सराती पक्ष के संदीप कुमार समेत अन्य घायल हो गए। बारात में आईं महिलाएं बैंड बाजा की धुन पर डांस कर रही थीं। तभी गांव के कुछ लड़के घुस गए और डांस करने लगे। जब बाराती पक्ष के लोगों ने रोका तो बदमाशी करने लगे। बारातियों के साथ मारपीट की गई। इस पर बारात में आए युवा भी उनसे भिड़ गए। उसके बाद दोनों ओर से लाठी, डंडे और पत्थर चलने लगे। भीड़ में शामिल बदमाशों ने हथियार निकाल लिया और तीन राउंड गोलियां चलाई।

मुकेश बिंद ने दर्ज प्राथमिकी में पकरी गांव निवासी गोलू कुमार, हरे राम कुमार, बिष्णु बिंद, उमेश बिंद, सोनू कुमार, मुन्ना कुमार, संदीप कुमार, मंगल बिंद, रमेश बिंद, हरेन्द्र बिंद, प्यारे बिंद, उदय बिंद को नामजद अभियुक्त बनाया है। प्राथमिकी में संदीप कुमार की ओर से गोली फायर करने और उदय बिंद द्वारा मंगलसूत्र छीनने का सीधा आरोप लगाया है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।