Son Santosh Suman advice to his father Jitan Ram Manjhi on Rajya Sabha seat demand राज्यसभा सीट पर पिता जीतनराम मांझी को ही नसीहत दे गए बेटे संतोष सुमन, जानिए क्या कहा, Bihar Hindi News - Hindustan
More

राज्यसभा सीट पर पिता जीतनराम मांझी को ही नसीहत दे गए बेटे संतोष सुमन, जानिए क्या कहा

सार्वजनिक रूप से एक राज्यसभा सीट की मांग कर रहे हम सुप्रीमो एवं केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी को उनके बेटे और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार सुमन ने ही नसीहत दे दी है। संतोष ने कहा कि ऐसी बातें सार्वजनिक रूप से करने से परहेज करना चाहिए।

Sat, 27 Dec 2025 06:54 AMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, जहानाबाद
share
राज्यसभा सीट पर पिता जीतनराम मांझी को ही नसीहत दे गए बेटे संतोष सुमन, जानिए क्या कहा

बिहार की नीतीश सरकार में मंत्री एवं हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार सुमन ने अपने पिता एवं केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी को ही नसीहत दे दी है। मांझी द्वारा सार्वजनिक मंच से सहयोगी भारतीय जनता पार्टी (BJP) से राज्यसभा सीट की मांग रखने पर बेटे संतोष ने ऐसे विषयों से परहेज करने की बात कह दी। दरअसल, हम के सुप्रीमो जीतनराम मांझी ने हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान मंच से पार्टी अध्यक्ष संतोष सुमन को एक राज्यसभा सीट की मांग उठाने की सलाह दी थी और कहा था कि अगर ना मिले तो मंत्री पद छोड़ देना चाहिए।

बिहार सरकार में लघु एवं जल संसाधन मंत्री एवं हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सुमन ने शुक्रवार को जहानाबाद में मीडिया से बातचीत के दौरान अपने पिता को नसीहत दी। उन्होंने कहा कि संगठन के विस्तार पर पार्टी के संरक्षक एवं उनके पिता जीतनराम मांझी की इच्छाएं स्वाभाविक हैं। मगर किसी भी मुद्दे को पार्टी के उचित मंच पर ही रखा जाना चाहिए। मीडिया के माध्यम से ऐसे विषयों को उठाने से परहेज करना बेहतर होगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:राज्यसभा पर अड़े जीतनराम मांझी, बोले अमित शाह ने वादा किया था

इससे एक दिन पहले जहानाबाद दौरे पर पहुंचे जीतनराम मांझी ने राज्यसभा सीट को लेकर अपनी राय सार्वजनिक की थी। उन्होंने कहा कि संतोष सुमन अपनी बात को नहीं रख पाते हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान राज्यसभा की एक सीट देने का आश्वासन (भाजपा द्वारा) किया गया था। इसलिए संतोष सुमन को इसकी मांग करनी चाहिए।

इससे पहले गयाजी में पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों के अभिनंदन समारोह के दौरान मांझी ने अपने बेटे से कहा था कि अगर राज्यसभा सीट ना मिले तो उन्हें (नीतीश सरकार से) मंत्री पद छोड़ देना चाहिए। मांझी ने संतोष को राज्यसभा जाने की सलाह देते हुए यह बात कही थी। इसके बाद से ही बिहार का सियासी पारा गर्माया हुआ है।

(हिन्दुस्तान अखबार के इनपुट के साथ)

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।