बिहार में दादा की हत्या का नाबालिग पोते ने लिया इंतकाम, त्रिशूल से गोदकर मारा
सूत्र बताते हैं कि किशोर गौरव की हत्या में उसके सहयोगी किशोर के साथ उसके पिता लम्बे समय से बदले की भावना लिए थे। इस बात की गौरव या उसके परिवार वालों को भनक तक नहीं लग सकी।

बिहार में एक पोते ने अपने दादा की हत्या का बदला लेने के लिए नाबालिग लड़के को मार डाला है। वारदात लखीसराय जिले की है। यहां किऊल थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर बुधवार की सुबह करीब 8: 45 बजे के आस-पास गोड्डी गांव निवासी मनोज यादव के लगभग 16 वर्षीय पुत्र गौरव कुमार की उसके साथी ने ही चाकू व त्रिशूल गोदकर हत्या कर दी। घटना के बाद एक नाबालिग आरोपी को पुलिस ने पकड़ा है जबकि उसका पिता मौके से फरार होने में सफल रहा।
किशोर गौरव कुमार के चाचा गांव के वार्ड सदस्य कृष्णकांत यादव हैं जो एक प्राइवेट शिक्षक भी हैं और कोचिंग क्लास भी चलाते हैं। गौरव बुधवार की सुबह वहीं पढ़ने के लिए आ रहा था तभी घात लगाए पिता व पुत्र ने घटना को अंजाम दिया। घटना वर्ष 2014 में घटी एक घटना के प्रतिशोघ में अंजाम दिया गया बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है। मृतक के शरीर पर कई जख्म हैं जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि पहले उसे लाठी-डंडे से पीटा गया और फिर चाकू व त्रिशूल गोदकर उसकी हत्या कर दी गई है।
समझौते के बाद सबकूछ ठीक चल रहा था: बता दें कि वर्ष 2014 में नाबालिग के दादा भद्दू यादव की हत्या कर दी गई थी। इस घटना में गौवर के पिता मनोज यादव को नामजद अभियुक्त बनाया गया था और इस मामले में गौरव के पिता मनोज यादव को जेल भी जाना पड़ा था। बाद में कोर्ट की सुनवाई के दौरान सूत्र बताते हैं कि लाखों रुपये लेने के बाद मामले में समझौता हुआ था और मनोज यादव को रिहाई मिल सकी थी। समझौते के बाद सबकुछ ठीक चल रहा था। बताया जाता है कि गौरव की हत्या में जिस किशोर को पुलिस ने पकड़ा है उसके साथ गौरव का मित्रवत संबंध था।
दादा की हत्या का लिया बदला
सूत्र बताते हैं कि किशोर गौरव की हत्या में उसके सहयोगी किशोर के साथ उसके पिता लम्बे समय से बदले की भावना लिए थे। इस बात की गौरव या उसके परिवार वालों को भनक तक नहीं लग सकी। घटना के बाद एक बार फिर दोनों पक्ष में बदले की भावना को लेकर खूनी रंजिश आरंभ होने की पूरी संभावना है। इस संबंध में एसडीपीओ शिवम कुमार ने बताया कि पुलिस इस मामले में आरोपी रुदल यादव की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।




साइन इन