जिले में कई पेट्रोल पंपों पर तेल की आपूर्ति होने लगी बाधित
सीवान में पूर्वोत्तर या पश्चिम एशिया में तनाव के कारण ईंधन आपूर्ति में बाधा की अफवाहें फैल गई हैं। कई पेट्रोल पंप बंद हो गए हैं और ग्राहकों को लंबी कतारों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने कहा है कि ईंधन की कोई कमी नहीं है, लेकिन पैनिक बाइंग के कारण समस्या बढ़ गई है।

सीवान, हिन्दुस्तान संवाददाता। जिले में पूर्वोत्तर या पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण ईंधन आपूर्ति में संभावित बाधा की अफवाहों के चलते पेट्रोल-डीजल की किल्लत जैसी स्थिति बनी हुई है। बताया जा रहा कि शहर समेत पूरे जिले में कई जगहों पर पेट्रोल पंप बंद भी कर दिए गए हैं।
पेट्रोल-डीजल की सीमा
संभावत: यही कारण है कि मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के बीच पेट्रोलियम पदार्थों की संभावित किल्लत को देखते हुए पेट्रोल-डीजल देने की पंपों की सीमा तय कर दी गई है। हालांकि इस संदर्भ में कोई लिखित आदेश नहीं है, बल्कि मौखिक रूप से पंपों को दो पहिया व चारपहिया वाहनों को सीमित मात्रा में पेट्रोल-डीजल देने को कहा गया है। बहरहाल, इस मुद्दे पर जब वास्तविक स्थिति का पता लगाने का प्रयास किया गया तो कई चौंकाने वाले बात सामने आए। जिले के कई पेट्रोल पंपों पर मंगलवार को ईंधन खत्म होने का मामला सामने आया। इससे लोगों में भय का माहौल है।
लंबी कतारें
शहर के श्रीनगर समेत कई अन्य इलाकों में कई पेट्रोल पंपों पर तेल की आपूर्ति बाधित रही, इससे पंप ड्राई हो गए हैं। तेल खत्म होने की अफवाह के कारण पंपों पर दोपहिया व चारपहिया वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। इससे ग्राहकों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं कहीं-कहीं पेट्रोल पंप बंद भी कर दिए गए हैं। इससे परेशानी और बढ़ गई है। बताते हैं कि इस स्थिति को देखते हुए पेट्रोल पंप मालिकों को मौखिक रूप से पेट्रोल-डीजल की बिक्री सीमित करने को कहा गया है, ताकि स्टॉक बनी रहे।
किसानों की कठिनाई
इधर, डीजल की कमी के कारण किसानों को ट्रैक्टर चलाने व सिंचाई में भारी कठिनाई हो रही है। वहीं विभिन्न प्रकार के माल ढुलाई के लिए ट्रैक्टर का उपयोग करने वाले चालक भी टेंशन में दिखे। हालांकि प्रशासनिक स्तर पर जिले में तेल की कहीं कोई कमी नहीं होने का दावा किए जाने की बात भी सामने आ रही है, कहा जा रहा कि लगातार आपूर्ति की जा रही है। दरअसल यह संकट मुख्य रूप से अफवाहों के कारण हुई पैनिक बाइंग का परिणाम है। लिहाजा उपभोक्ताओं को पैनिक बाइंग नहीं करने की सलाह दी गई है, कारण कि ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन