शत्रुघ्न सिन्हा का कायस्थ कार्ड, पहले जन सुराज, अब कांग्रेस उम्मीदवार पर बरसा रहे प्यार
Bihar Election: शॉटगन ने अपने अंदाज में उन्हें मेहनती, ईमानदार और जनता की आवाज बताया। चूंकि कांग्रेस महागठबंधन का हिस्सा है, जिसमे शत्रुघ्न सिन्हा की पार्टी टीएमसी भी शामिल है। मगर दिलचस्प बात ये है कि शत्रुघ्न सिन्हा ने पहले चरण में जन सुराज के उम्मीदवार केसी सिन्हा को समर्थन दिया था।

बिहार विधानसभा चुनाव इस वक्त अपने पूरे रंग में है और हर चरण के साथ सियासी तापमान और बढ़ता जा रहा है। इसी बीच टीएमसी के सांसद और दिग्गज नेता शत्रुघ्न सिन्हा का एक ट्वीट चर्चा में है। उन्होंने गयाजी शहर से कांग्रेस उम्मीदवार अखौरी ओमकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव के लिए समर्थन जताया है। शॉटगन ने अपने अंदाज में उन्हें मेहनती, ईमानदार और जनता की आवाज बताया। चूंकि कांग्रेस महागठबंधन का हिस्सा है, जिसमे शत्रुघ्न सिन्हा की पार्टी टीएमसी भी शामिल है। मगर दिलचस्प बात ये है कि शत्रुघ्न सिन्हा ने पहले चरण में जन सुराज के उम्मीदवार केसी सिन्हा को समर्थन दिया था।
बता दें केसी सिन्हा कायस्थ समाज से आते हैं, जिससे खुद शत्रुघ्न सिन्हा ताल्लुक रखते हैं। अब दूसरे चरण में गयाजी शहर से कांग्रेस प्रत्याशी अखौरी ओमकारनाथ भी कायस्थ समुदाय से ही हैं। दोनों चरणों में शत्रुघ्न सिन्हा में कायस्थ समाज से आने वाले इन नेताओं का समर्थन किया।
जन सुराज प्रत्याशी को सपोर्ट कर क्या कहा था…
बता दें कि कुछ दिनों पहले शत्रुघ्न सिन्हा ने जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी का समर्थन किया था। पटना की कुम्हरार सीट पर जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी केसी सिन्हा को लेकर शत्रुघ्न सिन्हा ने एक्स पर लिखा था, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सर, आप ‘हमारे दोस्त’ हैं, इसलिए मैं पटना में आपके रोड शो के बारे में बात नहीं करूंगा कि वह कैसा रहा। लेकिन कई मुद्दों पर आपका ध्यान दिलाने की ज़रूरत है. ‘हमारे लोगों’ के साथ हो रहे अन्याय को देखें. सीटों का बंटवारा पार्टी का मामला है, लेकिन बिहार को सिर्फ़ इन चुनावों में ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी के लिए भी कई मुद्दों पर न्याय चाहिए।
अब समय आ गया है कि हम आने वाली पीढ़ी पर ध्यान दें, जिसमें हम पिछले कई सालों से फेल रहे हैं। हालांकि, मैं ‘अपने लोगों’ से यह भी अपील करता हूं कि वे बहुत ही पढ़े-लिखे लोगों में से एक, ‘जन सुराज पार्टी’ के उम्मीदवार प्रोफेसर केसी सिन्हा कुम्हरार पटना को वोट दें और सपोर्ट करें। जय बिहार! जय हिंद!’




साइन इन