Shadi Mandap Pandal vandalized Dulhan brother beaten to death Nawada Wedding Ruckus शादी वाले घर में दबंगों ने मंडप-पंडाल तोड़े, दुल्हन के भाई की पिटाई से मौत; भारी बवाल, Bihar Hindi News - Hindustan
More

शादी वाले घर में दबंगों ने मंडप-पंडाल तोड़े, दुल्हन के भाई की पिटाई से मौत; भारी बवाल

नवादा जिले के शाहपुर में शादी समारोह में जमकर बवाल हुआ। बारात के दिन दबंगों ने दुल्हन के घर पर मंडप और पंडाल तोड़ दिए, पकवान बर्बाद कर दिए। पिटाई में घायल दुल्हन के भाई की मौत हो गई।

Tue, 10 June 2025 05:54 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान
share
शादी वाले घर में दबंगों ने मंडप-पंडाल तोड़े, दुल्हन के भाई की पिटाई से मौत; भारी बवाल

बिहार के नवादा जिले में दबंगों ने दुल्हन के घर पर बारात के दिन जमकर कहर बरपाया। लाठी-डंडों एवं चापाकल के हेड से मारपीट कर कई लोगों को बुरी तरह से घायल कर दिया गया। घटना 06 जून की रात शाहपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव की बताई जा रही है। दबंगों की पिटाई में गंभीर रूप से घायल दुल्हन के भाई की सोमवार देर रात पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई। मंगलवार को इस पर जमकर हंगामा हुआ। नवादा सदर अस्पताल में मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद एपवा की जिला सचिव सावित्री देवी के नेतृत्व में भीड़ ने 50 लाख मुआवजे व कार्रवाई को लेकर कलेक्ट्रेट गेट पर शव रखकर जाम करने की कोशिश की।

हालांकि नवादा सदर एसडीओ अमित अनुराग ने सीओ विकेश कुमार व नगर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार की मदद से लोगों को समझाबुझा कर मामला शांत करा दिया। मृतक 25 वर्षीय सोनू कुमार जगदीशपुर गांव के दीपक तांती का बेटा बताया जाता है। वह घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद उसे तत्काल काशीचक के बौरी पीएचसी में भर्ती कराया गया था। जहां से उसे पावापुरी विम्स तथा बाद में पटना के पीएमसीएच रेफर कर दिया गया था।

मौत के बाद शव मंगलवार सुबह जगदीशपुर पहुंचा। शव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। इधर, पुलिस ने मामले में आरोपी एक व्यक्ति को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अखिलेश कुमार नामजद आरोपी बताया जा रहा है।

बहन की बारात के दौरान की मारपीट

बताया जा रहा है कि 6 जून की रात जगदीशपुर गांव में दिलीप तांती के घर उनकी बेटी की बारात आई थी। इसी बीच शादी के दौरान पान के पत्ते की जरूरत पड़ी। उसे लाने के लिए दुल्हन का बेटा सोनू कुमार घर से निकला। उस समय रात के करीब 10 बज रहे थे। उसी रात गांव से सुरेंद्र महतो के बेटे मनीष कुमार की भी बारात निकल रही थी। रास्ते में महिला एवं पुरुष डीजे की धुन पर डांस कर रहे थे।

इस बीच सोनू ने भीड़ से पान लाने जाने के लिए रास्ता मांगा। परंतु वहां मौजूद लोगों ने उसे रास्ता नहीं दिया और सोनू के साथ बुरी तरह से मारपीट की। घटना की खबर सुनकर सोनू के भाई राजाराम कुमार समेत अन्य लोग वहां दौड़े। उनकी भी लोगों ने पिटाई कर दी।

शादी वाले घर में तोड़फोड़, सोनू के सिर पर चापाकल का हेड मारा

दबंगों की दबंगई यहीं पर नहीं रुकी। बताया जाता है कि इसके बाद दर्जनों लोग दिलीप तांती के घर पर चढ़ गए और शादी के मंडप को बुरी तरह से तोड़ दिया। पंडाल, कुर्सियां व टेबल आदि तोड़ दिए गए। बारातियों के खाने के लिए बनाए गए पकवान भी नष्ट कर दिए गए। आरोप है कि 2.5 लाख से 3 लाख रुपये के करीब कीमत के सामान बर्बाद कर दिए गए।

विरोध करने पर दिलीप तांती के परिजनों की बुरी तरह से पिटाई की गई। इसी बीच सोनू व कुछ अन्य लोगों को बुरी तरह से पीटा गया। आरोप है कि सोनू के सिर पर चापाकल के हेड से वारकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इसमें आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए। बाद में सोनू कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।