पटना के स्पा में चल रहा था सेक्स रैकेट, पुलिस ने अचानक मार दिया छापा
पटना के डाकबंगला चौराहा पर एक स्पा पर पुलिस ने गुरुवार शाम को अचानक छापा मारा। इस दौरा दो लड़कियों को पुलिस ने मुक्त कराया है। स्पा से आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है। मसाज पार्लर की आड़ में यहां देह व्यापार चल रहा था।

बिहार की राजधानी पटना के एक स्पा में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। कोतवाली थानांतर्गत डाकबंगला चौराहा स्थित स्पा सेंटर में पुलिस ने गुरुवार शाम छापेमारी की। इस दौरान एक नाबालिग लड़की और एक युवती को पुलिस ने बरामद किया। जबकि स्पा की संचालिका को गिरफ्तार कर लिया गया। स्पा के अंदर से पुलिस ने आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं।
दरअसल, पुलिस को यह सूचना मिली कि स्पा में देह व्यापार का धंधा हो रहा है। इसके बाद एकाएक वहां छापेमारी की गई। उसी जगह अंदर युवती एवं नाबालिग बैठी थी। पूछताछ करने पर पता चला कि दोनों को नौकरी का प्रलोभन देकर देह व्यापार के धंधे में धकेल दिया गया था। वहीं पर स्पा की मालकिन भी थी, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने फिलहाल स्पा को सील कर दिया है। डीएसपी विधि व्यवस्था-1 कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज कर पुलिस आगे की कार्यवाही कर रही है।
बता दें कि पटना में अवैध रूप से सेक्स रैकेट चलाने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पिछले सप्ताह ही कंकड़बाग थाना क्षेत्र के चिरैयाटांड़ स्थित एक होटल में छापेमारी की गई थी। पुलिस ने होटल के दो मैनेजर को गिरफ्तार किया था। साथ ही दो नाबालिग समेत 6 लड़कियों को मुक्त कराया था। बीते दो महीने से उस होटल में देह व्यापार चलाया जा रहा था।




साइन इन