Several died in road accidents and drowning on the Maghi Purnima Holy Bath in Bihar माघी पूर्णिमा पर हादसों में कई मौत; 7 नहाने जाते वक्त मरे, 2 गंगा में डूबे, Bihar Hindi News - Hindustan
More

माघी पूर्णिमा पर हादसों में कई मौत; 7 नहाने जाते वक्त मरे, 2 गंगा में डूबे

बिहार में माघी पूर्णिमा के मौके पर गंगा स्नान के लिए जा रहे 7 लोगों की बक्सर और मोकामा में सड़क दुर्घटनाओं में मौत हो गई है। राजधानी पटना में 2 लोगों की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई है।

Sun, 1 Feb 2026 12:43 PMRitesh Verma लाइव हिन्दुस्तान, पटना / बक्सर, हिन्दुस्तान टीम
share
माघी पूर्णिमा पर हादसों में कई मौत; 7 नहाने जाते वक्त मरे, 2 गंगा में डूबे

माघी पूर्णिमा के मौके पर गंगा स्नान के लिए जा रहे 7 लोगों की बक्सर और मोकामा में सड़क पर दुर्घटना में मौत हो गई है। पटना में गंगा में नहाने के दौरान 2 लोग डूब गए हैं, जिनकी तलाश में बचाव टीम लगी हुई है। बक्सर जिले में नया भोजपुर थाना के चंदा गांव के पास एनएच पर सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई है। पूर्णिमा स्नान के लिए परिवार के 4 लोग बक्सर जा रहे थे। इसी दौरान कार की एक डंपर से टक्कर हो गई, जिससे घटनास्थल पर ही 3 की मौत हो गई। एक को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई है।

पटना जिले में घोसवरी थाना के सहरी गांव में NH-33 पर शनिवार की रात गब्बे लोदीपुर थाना के मेहुस शेखपुरा गांव से जुगाड़ गाड़ी पर सवार 5 लोग गंगा स्नान के लिए मोकामा जा रहे थे। उनकी गाड़ी में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिसमें प्रयाग मांझी की पत्नी मुन्नी मांझी (33),चांद मांझी के पुत्र महेश मांझी (30) और रामस्वरूप मांझी के पुत्र संजय मांझी (33) की मौत हो गई है। वहीं दो लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। बच्चू मांझी के पुत्र घनश्याम मांझी और लच्चो मांझी के पुत्र अशोक मांझी का इलाज पटना के एनएमसीएच में चल रहा है।

वहीं पटना शहर में दीघा के पाटीपुल घाट पर माघ पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने आए गया जिले के दो व्यक्ति गंगा नदी में डूब गए हैं। बह गए दोनों लोगों की तलाश में एसडीआरएफ की टीम जुटी हुई है। ये लोग चाकन के ततारपुर गांव के रहने वाले थे। परिवार के साथ आई महिलाएं गंगा घाट पर ही विलाप कर रही हैं। राहत और बचाव दल के अलावा स्थानीय लोग भी नाव से बह गए लोगों की तलाश कर रही है। डूबे लोगों के नाम गार्ड बाबू (45 साल) और धनंजय कुमार (25 साल) है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।