See 5 main Kanwar Yatra routes in Bihar way to Baba Baidyanath Garibnath other Dhams बिहार के 5 प्रमुख कांवर यात्रा रूट, बाबा वैद्यनाथ और गरीबनाथ समेत अन्य धामों का रास्ता देखें, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बिहार के 5 प्रमुख कांवर यात्रा रूट, बाबा वैद्यनाथ और गरीबनाथ समेत अन्य धामों का रास्ता देखें

बिहार में 5 प्रमुख कांवर यात्रा मार्ग हैं, जहां कांवरिये जल लेकर प्रसिद्ध धामों में जाकर भोलेनाथ का अभिषेक करते हैं। बाबा गरीबनाथ, वैद्यनाथ, सिद्धेश्वरनाथ, धनेश्वरनाथ और ब्रह्मेश्वर नाथ धाम में सावन महीने में कांवरियों की भारी भीड़ रहती है।

Fri, 11 July 2025 09:10 AMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
बिहार के 5 प्रमुख कांवर यात्रा रूट, बाबा वैद्यनाथ और गरीबनाथ समेत अन्य धामों का रास्ता देखें

Bihar Kanwar Yatra Route 2025: सावन महीने में 11 जुलाई से श्रावणी मेला की शुरुआत हो चुकी है, जो 9 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान करोड़ों की संख्या में शिवभक्त जल लेकर प्रमुख शिव धामों पर जाकर अर्पण करेंगे। बिहार में 5 प्रमुख कांवर यात्रा रूट हैं, इनकी जानकारी यहां दी जा रही है। भागलपुर जिले के सुल्तानगंज से झारखंड के देवघर स्थित ज्योतिर्लिंग बाबा वैद्यनाथ धाम तक के कांवर यात्रा रूट पर सबसे ज्यादा भीड़ रहती है। सोनपुर के पास स्थित पहलेजा घाट से कांवरिये जल लेकर मुजफ्फरपुर स्थित बाबा गरीबनाथ तक जाते हैं। इसी तरह फतुहा से सिद्धेश्वर नाथ, डुमरियाघाट से धनेश्वरनाथ और रामरेखा घाट से ब्रह्मेश्वर घाट तक भी कांवर यात्रा का रूट प्रमुख है।

सुल्तानगंज से देवघर कांवर यात्रा मार्ग

भागलपुर के सुल्तानगंज में अजगैवीनाथ धाम घाट से कांवरिया गंगा जल लेकर असरगंज-तारापुर-कटोरिया होते हुए देवघर जाते हैं। और बाबा वैद्यनाथ का जलाभिषेक करते हैं।

वैकल्पिक मार्ग- सुल्तानगंज से अकबरनगर-अमरपुर-बांका-कटोरिया होते हुए देवघर या बांका से ढाकामोड़-हसडीहा होते हुए भी देवघर जा सकते हैं।

पहलेजा से बाबा गरीबनाथ कांवर यात्रा मार्ग

सारण जिले में सोनपुर के पास स्थित पहलेजा घाट से जल लकर कांवरिये हाजीपुर होते हुए मुजफ्फरपुर स्थित गरीबनाथ मंदिर जाते हैं। यह कांवर यात्रा रूट लगभग 65 किलोमीटर लंबा है। सावन में हर शुक्रवार, शनिवार और रविवार को एनएच 22 का पश्चिमी लेन यानी मुजफ्फरपुर जाने वाली यह सड़क कांवरियों के लिए सुरक्षित रहती है।

वैकल्पिक मार्ग : कांवर यात्रा के दौरान आम लोग वाहनों से हाजीपुर से लालगंज होते हुए मुजफ्फरपुर, या फिर हाजीपुर से महुआ होते हुए मुजफ्फरपुर, या हाजीपुर से सोनपुर-सोनहो होते हुए मुजफ्फरपुर जा सकते हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:श्रावणी मेला: सम्राट सुल्तानगंज से करेंगे उद्घाटन, कांवरियों के लिए क्या खास

फतुहा से सिद्धेश्वर नाथ कांवर यात्रा मार्ग

कांवरिया फतुहा से गंगा जल लेकर पटना और नालंदा होते हुलासगंज के रास्ते फल्गु नदी पार कर जहानाबाद जिले के बराबर पहुंचते हैं और बाबा सिद्धेश्वर नाथ का जलाभिषेक करते हैं।

वैकल्पिक मार्ग : एनएच 22, पटना से मखदुमपुर और मखदुमपुर से बराबर।

डुमरिया घाट, डोरीगंज से बाबा धनेश्वरनाथ कांवर यात्रा मार्ग

कांवरिया गोपालगंज के डुमरिया घाट स्थित नारायणी नदी एवं सारण जिले के डोरीगंज स्थित गंगा नदी से जल लेकर सिंहासिनी स्थित बाबा धनेश्वरनाथ को अर्पित करने के लिए पहुंचेंगे। एनएच 27 होते हुए महम्मदपुर, फिर स्टेट हाईवे-90 के रास्ते पकड़ी मोड़ जाएंगे। यहां से दो किलोमीटर पदयात्रा कर जलाभिषेक करेंगे।

वैकल्पिक मार्ग : डुमरियाघाट से मंदिर पहुंचने के लिए गरौली चंवर, मठिया बाजार एवं उसरी-दिघवा दुबौली वैकल्पिक मार्ग है

बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ कांवर यात्रा मार्ग

बक्सर जिले में कांवर यात्रा जिला मुख्यालय स्थित रामरेखा घाट से गंगाजल लेने के बाद ब्रह्मपुर स्थित बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर तक जाती है। यह दूरी लगभग 33 किलोमीटर है। कांवर यात्रा का एक मात्र मुख्य मार्ग बक्सर हाइवे 922 है। कांवर यात्रा के दौरान हर सोमवार को इस फोरलेन सड़क का एक लेन कावंरियों के लिए सुरक्षित कर दिया जाता है।

(हिन्दुस्तान ब्यूरो के इनपुट के आधार पर)

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।