अफवाह की राजनीति छोड़ जवाबदेही निभाएं, सम्राट के मंत्री संतोष ने तेजस्वी यादव को दी नसीहत
मंत्री संतोष सुमन ने नेता प्रतिपक्ष को अफवाह और भ्रम की राजनीति छोड़ने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि राजनीति केवल अफवाहों, भ्रम और अनर्गल आरोपों के सहारे नहीं चल सकती।

हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (से) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के मंत्री डॉ संतोष कुमार सुमन ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तीखा हमला किया है। मंत्री ने नेता प्रतिपक्ष को अफवाह और भ्रम की राजनीति छोड़ने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि राजनीति केवल अफवाहों, भ्रम और अनर्गल आरोपों के सहारे नहीं चल सकती। विपक्ष को रचनात्मक भूमिका में होना चाहिए। संतोष सुमन केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के पुत्र हैं।
संतोष सुमन ने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता और विपक्ष दोनों की भूमिका समान रूप से महत्वपूर्ण एवं जिम्मेदारी की होती है। लेकिन तेजस्वी यादव लगातार जनहित के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहे हैं। डॉ सुमन ने कहा कि विपक्ष का दायित्व केवल विरोध करना नहीं बल्कि जनता के हित में रचनात्मक सुझाव देना भी होता है। विपक्ष के नेता के नाते उनपर जनता के हितों की बड़ी जिम्मेदारी है। जो नीतियां जनहित से जुड़ी हैं उनपर सरकार का सहयोग करना चाहिए और जहां जरूरत पड़े उन्हें विरोध भी करना चाहिए। लेकिन, तेजस्वी यादव केवल विरोध करने में विश्वास करते हैं।
सोमवार को तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर निशाना साधा और सीएम सम्राट चौधरी को बयान बहादुर बताया। उन्होंने कहा कि आज बिहार में महिलाएं, बच्चे और आम नागरिक असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और सरकार सिर्फ डायलॉग बाजी में लगी है। राज्य में कानून व्यवस्था इतनी बुरी तरह खराब हो चुकी है कि पिछले 1 महीने में ही बिहार से 8 हजार 681 बच्चों के गायब हुए है, जिसमें 85 फीसद लड़कियां हैं। उन्होंने पटना के होटल में बेगूसराय की छात्रा को खींच कर ले जाने का प्रयास और बदतमीजी पर सरकार पर निशाना साधा। हालांकि, इस कांड में पटना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी और होटल मैनेजर समेत तीन को गिरफ्तार कर लिया है। अनियमितता के आरोप में होटल को सील कर दिया गया है।
तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए राज्य में होने वाले दुष्कर्म के मामलों पर सरकार की खिंचाई की। अपने पोस्ट में लिखा कि बिहार में प्रतिदिन दुष्कर्म की जघन्य घटनाएं हो रही हैं। घर में घुसकर महिलाओं के साथ दुष्कर्म किया जाता है। चंद दिनों में 75 से अधिक दुष्कर्म और सामूहिक दुष्कर्म की घटनाओं को अंजाम दिया गया है। जंगलराज का ढोल पीटने वाले आज क्या कर रहे हैं, यह सब जनता देख रही है। इन्हीं आरोपों का जवाब देते हुए मंत्री संतोष कुमार सुमन ने तेजस्वी यादव पर नकारात्मक राजनीति करने का आरोप लगाया।




साइन इन