Samastipur Vija Sah Krishna Devi Muzaffarpur Suruchi died in New Delhi Railway Station stampede नाना-नानी संग प्रयागराज जा रही थी मुजफ्फरपुर की सुरुचि, तीनों का आखिरी सफर बना महाकुंभ, Bihar Hindi News - Hindustan
More

नाना-नानी संग प्रयागराज जा रही थी मुजफ्फरपुर की सुरुचि, तीनों का आखिरी सफर बना महाकुंभ

  • समस्तीपुर के विजय साह अपनी पत्नी कृष्णा देवी और नतिनी सुरुचि के साथ दिल्ली जा रहे थे। वहां से बेटों के साथ प्रयाग जाना था। लेकिन रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में तीनों की जान चली गई।

Sun, 16 Feb 2025 01:09 PMSudhir Kumar लाइव हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर
share
नाना-नानी संग प्रयागराज जा रही थी मुजफ्फरपुर की सुरुचि, तीनों का आखिरी सफर बना महाकुंभ

दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ में बिहार के समस्तीपुर जिले के दंपती समेत तीन की मौत हुई है। मरने वाले सभी लोग ताजपुर प्रखंड के कोठियां गांव के रहने वाले है। अपर समाहर्ता (आपदा) राजेश कुमार सिंह ने तीनों की मौत की पुष्टि की है। मरने वालों में विजय साह (45), उसकी पत्नी कृष्णा देवी (40) और दंपती की नतिनी सुरुचि कुमारी (11) शामिल हैं। बच्ची सुरुचि मुजफ्फरपुर की निवासी थी जो नाना-नानी के साथ कुंभ स्नान के लिए जा रही थी। लेकिन यह उनका आखिरी सफर बन गया। सुरुचि मुजफ्फरपुर के बरियापुर ओपी के बहादुरपुर की रहने वाली थी।

तीनों की मौत की सूचना आते ही गांव में कोहराम मच गया। वहीं परिजनों की चीत्कार से गांव में शोक की लहर फैल गयी। बताया गया है कि शनिवार की आधी रात करीब एक बजे परिजनों को हादसे में तीनों की मौत होने की सूचना मिली। परिजनों ने बताया कि विजय साह के दो पुत्र दिल्ली में ही रहकर काम करते हैं। कुंभ स्नान करने के उद्देश्य से पति और पत्नी नतिनी के साथ शुक्रवार को घर से दिल्ली के लिए निकले थे।

परिवार के लोगों ने बताया कि विजय साह दिल्ली से बेटों के साथ प्रयागराज जाने के लिए तीनों दिल्ली स्टेशन पहुंचे थे। सभी 15 से 16 लोगों की टोली में थे। भगदड़ मचने पर तीनों की कुचल जाने से मौत हो गयी। परिजन दिल्ली से शव आने का इंतजार कर रहे है। मृतक के घर पर शोक जताने के लिए रिश्तेदारों और शुभेच्छुओं के आने का सिलसिला जारी है। इधर मोरवा विधायक रणविजय साहू भी मृतक के घर पहुंचे। वही पीड़ित परिवार को सांत्वना दी है। उन्होंने परिजनों को सहायता देने की मांग सरकार से की।

इस घटना से गांव में भी मातम पसरा है। गांव के कई लोग कुंभ नहाने के लिए गए हुए हैं। उनके परिजन चिंतित हो रहे हैं। सीएम नीतीश कुमार ने दिल्ली भगदड़ में हुई मौत पर दुख जताया है। इसके साथ आपदा कोष से मृतकों के परिजनों के लिए दो दो लाख और घायलों के लिए पचास पचास हजार सहायता की घोषणा की है। जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि बिहार भवन की टीम को राहत कार्य में लगा दिया गया है। दिल्ली में तैनात बिहार के उच्चाधिकारी रेलवे के संपर्क में हैं। सरकार पीड़त परिजनों के साथ है। सीएम खुद इसे देख रहे हैं।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।