छुट्टी के विवाद में स्कूल में फसाद, पुलिस ने गुरुजी को किया डिटेन; पूरा मामला समझिए
प्राचार्य की शिकायत पर पहुंची नगर थाने की पुलिस शिक्षक को हिरासत में लेकर थाने पर ले गयी। मामले की जानकारी मिलने के बाद हिरासत में लिए गए शिक्षक के समर्थन में प्लस टू शिक्षक संघ के महिला समेत दर्जनों पुरुष शिक्षक थाने पर पहुंच गए।

बिहार के मुजफ्फरपुर में छुट्टी के विवाद में स्कूल में फसाद हो गया। नगर थाना क्षेत्र के मोतीझील स्थित बीबी कॉलेजिएट का मामला है। शुक्रवार को छुट्टी के विवाद को लेकर स्कूल के प्राचार्य और शिक्षक के बीच नोकझोंक हो गई। इससे बाद प्राचार्य की शिकायत पर पहुंची नगर थाने की पुलिस शिक्षक को हिरासत में लेकर थाने पर ले गयी। मामले की जानकारी मिलने के बाद हिरासत में लिए गए शिक्षक के समर्थन में प्लस टू शिक्षक संघ के महिला समेत दर्जनों पुरुष शिक्षक थाने पर पहुंच गए। उनलोगों ने नगर थानेदार से मुलाकात कर शिक्षक को निर्दोष बताते हुए जांच के बाद ही कार्रवाई की मांग की।
नगर थानेदार ने बताया कि देर शाम शिक्षक को पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया गया है। प्राचार्य ने पुलिस को बताया कि उक्त शिक्षक बिना अवकाश के स्कूल से बाहर निकल गए। जब उन्हें बुलाकर इस संबंध में पूछताछ की गई तो उलझ गए। इसके बाद उन्होंने पुलिस को कॉल कर शिकायत की। साथ ही उक्त शिक्षक के खिलाफ थाने में आवेदन दिया। इधर, पुलिस दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर मामले को सुलझाने में जुटी है। वहीं, शिक्षक ने पुलिस को बताया कि उनपर लगे सारा आरोप बेबुनियाद हैं। झूठा आरोप लगाकर उन्हें फंसाया गया है। इधर, नगर थानेदार ने बताया कि प्राचार्य की शिकायत के बाद शिक्षक को हिरासत में लिया गया था। प्राचार्य ने थाने में आवेदन दिया है, जिसकी जांच की जा रही है।
बीबी कॉलेजिएट में हंगामे की जांच में पहुंचे डीपीओ
बीबी कॉलेजिएट स्कूल में हुए हंगामे-विवाद की जांच में शुक्रवार को डीपीओ पहुंचे। स्कूल के एचएम की शिकायत पर एक शिक्षक को हिरासत में लेने और सभी शिक्षकों के थाने पर पहुंच जाने को लेकर स्कूल से लेकर शिक्षा कार्यालय तक चर्चा का बाजार गर्म रहा। सूचना मिलने पर डीईओ कुमार अरविन्द सिन्हा ने डीपीओ स्थापना इन्द्र कुमार कर्ण को जांच के लिए भेजा। डीईओ ने कहा कि दोषी शिक्षकों पर कार्रवाई होगी। जो भी इसमें दोषी होंगे, उनके तबादले को लेकर भी कार्रवाई की जाएगी। डीईओ ने कहा कि एचएम ने आरोपी शिक्षक के विरूद्ध विभाग को कोई सूचना नहीं दी थी। थाने में मामला जाने के बाद अधिकारियों को इसका पता चला।
पहले से गुटबाजी
पता चला है कि स्कूल में लंबे समय से दो गुट चल रहा है। एक तरफ प्राचार्य और एक दूसरी तरफ स्कूल के सभी शिक्षक हैं। एक सप्ताह पहले प्राचार्य और सभी शिक्षक डीईओ कार्यालय एक-दूसरे की शिकायत लेकर पहुंचे थे। डीईओ ने कहा कि स्कूल में इस तरह का अराजक माहौल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रिपोर्ट के आलोक में कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन