rohini acharya tejashwi sanjay yadav rameez tej pratap who is villain in lalu family crisis after bihar election defeat तेज प्रताप के बाद रोहिणी आचार्या भी गेट आउट? खुलकर सामने आई लालू परिवार और RJD की कलह, Bihar Hindi News - Hindustan
More

तेज प्रताप के बाद रोहिणी आचार्या भी गेट आउट? खुलकर सामने आई लालू परिवार और RJD की कलह

Lalu Family Crisis: बिहार चुनाव हार के बाद लालू परिवार का विवाद सामने आ गया है। हाल ही में लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्या का बयान सामने आया है, जिसने बिहार की सियासत में लालू परिवार के भीतर के कलह को उजागर कर दिया है।

Sun, 16 Nov 2025 10:53 AMHimanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share
तेज प्रताप के बाद रोहिणी आचार्या भी गेट आउट? खुलकर सामने आई लालू परिवार और RJD की कलह

Lalu Family Crisis: क्या तेज प्रताप जैसा हुआ रोहिणी आचार्या का हाल? यह सवाल तब और गहरा हो गया जब बिहार चुनाव 2025 की हार के ठीक बाद लालू यादव की बेटी और तेज प्रताप यादव और तेजस्वी यादव की बहन रोहिणी ने संजय यादव और रमीज पर खुलकर निशाना साध दिया और दावा किया कि उन्हें परिवार से निकाल दिया गया है। जिस तरह तेज प्रताप पहले ही घर और पार्टी दोनों से बाहर किए जा चुके हैं, क्या उसी रास्ते पर अब रोहिणी के कदम भी दिख रहे हैं? और इन दोनों की बातों से एक नाम बार-बार सामने आ रहा है, आखिर लालू परिवार का ‘विलेन’ कौन है?

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में महागठबंधन की करारी हार ने राजद के भीतर की खींचतान और पारिवारिक टकराव को एक बार फिर पूरी तरह उजागर कर दिया है। शनिवार को पटना एयरपोर्ट पहुंचीं लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्या ने मीडिया के सामने ऐसा बयान दे दिया, जिसने आरजेडी की सियासत और लालू परिवार दोनों में भूचाल ला दिया।

एयरपोर्ट पर रोहिणी ने बेबाकी से कहा, “मेरा अब कोई परिवार नहीं है। जाइए तेजस्वी, संजय और रमीज से पूछिए… उन्हीं ने मुझे परिवार से निकाला। किसी को जिम्मेदारी लेनी नहीं, बस दोष दूसरों पर डालना है। पूरा देश पूछ रहा है आरजेडी की हालत ऐसी क्यों हुई।”

नाम लोगे तो बदनाम कर दिया जाएगा, चप्पल उठाकर मारेंगे; रोहिणी की शिकायत

रोहिणी ने कहा कि अब परिवार में माहौल ऐसा हो चुका है कि अगर संजय यादव या रमीज के बारे में सवाल किया जाए, तो अपमान झेलना पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया, “इनके बारे में पूछा तो परिवार से निकाल दिया जाएगा, बदनाम किया जाएगा, गाली दिलवाई जाएगी और चप्पल उठाकर भी मारा जाएगा।” उनके इस आरोप ने साफ कर दिया कि सियासी हार की आग अब लालू परिवार की दीवारों तक भड़क चुकी है।

तेज प्रताप और रोहिणी की नाराजगी एक ही नाम पर केंद्रित

ध्यान देने वाली बात यह है कि तेज प्रताप यादव को लालू परिवार पहले ही घर और पार्टी दोनों से बाहर कर चुका है। तेज प्रताप ने भी बार बार सार्वजनिक रूप से यही आरोप लगाया कि संजय यादव ही इस पूरे विवाद के मास्टरमाइंड हैं। वे तो उन्हें खुलकर “जयचंद” भी कह चुके हैं। अब जब रोहिणी आचार्या भी उसी संजय यादव और रमीज को परिवार में गहराते तनाव का कारण बता रही हैं, तो सवाल उठ रहा है कि क्या वाकई लालू परिवार का ‘विलेन’ वही है, जिसे तेज प्रताप और रोहिणी लगातार निशाना बना रहे हैं?

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।