सुनील सिंह को टिकट से लालू के दल में हाहाकर; शिवचंद्र राम का RJD से इस्तीफा, फूट-फूटकर रोए
एमएलसी चुनाव पर लालू यादव की पार्टी राजद में हाहाकार पैदा हो गया है। पूर्व मंत्री शिवचंद्र राम ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। कहा कि दलित समाज को उचित सम्मान नहीं दिया गया है। इससे पहले रोहिणी आचार्या ने सुनील सिंह को एमएलसी का टिकट देने पर आपत्ति जताई।

Bihar MLC Election: बिहार विधान परिषद चुनाव में लालू यादव की पार्टी राजद में हाहाकार मच गया है। पार्टी ने सुनील सिंह को दूसरी बार मौका दिया है जिनकी जीत लगभग पक्की है। इस फैसले के बाद आरजेडी एससी एसटी प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री शिवचंद्र राम ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उन्होंने इसकी जानकारी दी। इस दौरान वे कैमरे के सामने फूट-फूटकर रोने लगे। इससे पहले रोहिणी आचार्या ने सुनील सिंह को दूसरी बार एमएलसी बनने का मौका देने पर आपत्ति जताई और सोशल मीडिया पर पार्टी के इस फैसले पर सवाल उठाया।
उन्होंने रोते हुए पार्टी पर नाइंसाफी का आरोप लगाया। शिवचंद्र राम कई दिनों से राबड़ी देवी के सरकारी आवास 10 सर्कुलर रोड के बाहर अपने नेता की सुरक्षा के नाम पर डटे हुए थे। लालू यादव के करीबी और रबड़ी देवी के मुंहबोले भाई सुनील सिंह ने सोमवार को अपना नामांकन कर दिया। शिवचंद्र राम ने पटना में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि उन्होंने पार्टी के वफादार सिपाही के रूप में भूमिका निभाई। लेकिन उनके साथ इंसाफ नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि उनके समर्थक और समाज के लोग कई दिनों में पटना में होटल में ठहरे हैं। ये सभी लोग आहत हुए हैं। वह पार्टी के दरबारी मजदूर हैं। चार रातों से सोए नहीं हैं। लेकिन, उनका ख्याल किसी को नहीं आया। आगे कहा कि वे साल 1990 से ही राष्ट्रीय जनता दल के साथ काम करते चले आ रहे हैं। हमेशा लालू प्रसाद यादव के सामाजिक न्याय और तेजस्वी यादव के आर्थिक न्याय की विचारधारा को धरातल पर पूरी मजबूती के साथ उतारने का काम किया। दलित समाज को पार्टी से जोड़ने में पसीना बहाया। आज उनके मान सम्मान को बरकरार रखने और उन्हें बुस्ट-अप करने के लिए यह कदम उठाना पड़ा है। उनके इस्तीफे को राजद के लिए सांगठनिक झटका के तौर पर देखा जा रहा है।
सुनील सिंह को टिकट देने पर लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्या ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर सवाल उठाया कि क्या राजद में वफादार कार्यकर्ताओं और नेताओं की कमी हो गई है जो वसूली करने वाले और बहन-बेटी के बारे में ओछी बात करने वाले को टिकट दे दिया गया। इशारों में उन्होंने तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा। हालांकि, रोहिणी की ट्वीट पर सुनील सिंह ने काफी संभल कर प्रतिक्रिया दी। कहा कि वे राजद की नेत्री हैं। उनसे कोई शिकायत नहीं है।




साइन इन