Revenue officers work load increased will get additional charge amid CO strike सीओ हड़ताल के बीच काम कर रहे राजस्व अफसरों का वर्क लोड बढ़ा, अंचलों में मिलेगा अतिरिक्त प्रभार, Bihar Hindi News - Hindustan
More

सीओ हड़ताल के बीच काम कर रहे राजस्व अफसरों का वर्क लोड बढ़ा, अंचलों में मिलेगा अतिरिक्त प्रभार

बिहार में सीओ एवं राजस्व अधिकारियों की चल रही हड़ताल के बीच डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने अहम फैसला लिया है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के ड्यूटी पर मौजूद सभी अधिकारियों को रिक्त अंचलों का अतिरिक्त प्रभार दिया जाएगा।

Fri, 27 March 2026 09:05 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
सीओ हड़ताल के बीच काम कर रहे राजस्व अफसरों का वर्क लोड बढ़ा, अंचलों में मिलेगा अतिरिक्त प्रभार

बिहार में सीओ और राजस्व अधिकारियों की चल रही हड़ताल के बीच काम कर रहे अफसरों का वर्क लोड बढ़ गया है। डिप्टी सीएम सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय सिन्हा ने ड्यूटी पर मौजूद अधिकारियों को अंचलों में अतिरिक्त प्रभार देने को कहा है। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि हड़ताल के नाम पर राजस्व विभाग की सेवाएं बाधित करना पूरी तरह अस्वीकार्य है। जनता के कामों को रोकने की इजाजत किसी को नहीं है। जो अधिकारी काम पर नहीं हैं, उनकी जगह कार्यरत अफसरों को तुरंत अतिरिक्त प्रभार दिया जाएगा। जनता ने काम करने का जनादेश दिया है।

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने साफ कर दिया है कि जनहित के कार्यों में बाधा डालने वालों के लिए कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। 1 अप्रैल 2026 से पूरे राज्य में सख्त प्रशासनिक व्यवस्था लागू होगी।

प्रधान सचिव सीके अनिल की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि अब किसी भी अंचल को खाली नहीं रहने दिया जाएगा। जो अधिकारी हड़ताल में शामिल नहीं हैं, उन्हें उनके मूल पद के साथ-साथ अन्य रिक्त अंचलों का भी अतिरिक्त प्रभार दिया जाएगा।

इनमें अंचलाधिकारी (सीओ), सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी, राजस्व अधिकारी एवं कानूनगो शामिल होंगे। सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि हर अंचल में पदाधिकारी की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित करें।

रिटायर्ड अफसरों को भी काम पर लगाएंगे

डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने राजस्व अधिकारियों की हड़ताल से प्रभावित हुए जमीन से जुड़े कामकाजों के लिए वैकल्पिक रुख अपनाया है। सिन्हा ने रिटायर्ड अंचलाधिकारियों को भी काम पर लगाने का फैसला लिया है। रिटायर्ड सीओ को अनुबंध के आधार पर नियुक्ति दी जाएगी, ताकि आम जनता के कार्य बाधित ना हो। राजस्व महाअभियान के तहत प्राप्त 46 लाख आवेदनों के निष्पादन में इनकी सेवाएं ली जाएंगी और उन्हें निर्धारित मानदेय दिया जाएगा।

सीओ एवं राजस्व अधिकारी बीते 9 मार्च से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। विजय सिन्हा की ओर से लगातार उन्हें चेतावनी दी जा रही है। सरकार ने 25 मार्च तक हड़ताली सीओ को काम पर लौटने का निर्देश दिया था।

बताया जा रहा है कि इसके बाद 25 अंचलाधिकारी हड़ताल खत्म कर काम पर लौट गए। अब विभाग ने उन्हें ड्यूटी पर लगा दिया गया है। विभाग की ओर से गुरुवार को जानकारी दी गई थी कि अभी 273 अंचल अधिकारी कार्यरत हैं। सभी को अतिरिक्त प्रभार देकर अंचलों में कामकाज की व्यवस्था बनाई जा रही है। 1 अप्रैल से कार्य सुचारू हो जाएंगे।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।