Revenue employee arrested red handed while taking bribe of Rs 20 thousand Surveillance caught then scuffle 20 हजार की घूस लेते राजस्व कर्मचारी रंगेहाथ गिरफ्तार; निगरानी ने दबोचा, तो धक्का-मुक्की, Bihar Hindi News - Hindustan
More

20 हजार की घूस लेते राजस्व कर्मचारी रंगेहाथ गिरफ्तार; निगरानी ने दबोचा, तो धक्का-मुक्की

राजस्व विभाग के कर्मचारी यशपाल कुमार को निगरानी की टीम ने 20 हजार की घूस लेते रंगेहाथों दबोचा है। बताया जा रहा है कि नवीन कुमार चौधरी की पैतृक संपत्ति की जमाबंदी उनके चार भाइयों के नाम से होनी थी। इसी काम के एवज में चारों से 20-20 हजार की डिमांड की थी।

Tue, 3 Dec 2024 07:59 PMsandeep हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर
share
20 हजार की घूस लेते राजस्व कर्मचारी रंगेहाथ गिरफ्तार; निगरानी ने दबोचा, तो धक्का-मुक्की

पटना की निगरानी टीम ने कुढ़नी अंचल के अमरख व मनियारी हल्का इलाके के राजस्व कर्मचारी यशपाल कुमार को मंगलवार की सुबह रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। उसे निगरानी टीम ने रामदयालू प्राज्ञा नगर मोहल्ला स्थित आवास से दबोचा। इसके बाद निगरानी टीम उसे लेकर कुढ़नी सीओ के अंचल कार्यालय स्थित आवास पर भी पहुंची। सीओ के आवास के पास जुटे लोगों ने निगरानी का विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान निगरानी टीम के साथ धक्का मुक्की भी की गई। इसके बाद निगरानी टीम गिरफ्तार यशपाल कुमार को साथ में लेकर निगरानी टीम पटना रवाना हो गई। कुढ़नी सीओ पर तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की गई।

निगरानी टीम का नेतृत्व कर रहे डीएसपी वीरेंद्र प्रसाद महतो ने बताया कि मनियारी के नवीन कुमार चौधरी ने राजस्व कर्मचारी के खिलाफ शिकायत की थी। नवीन कुमार चौधरी की पैतृक संपत्ति की जमाबंदी उनके चार भाइयों के नाम से करनी थी। इसके लिए नवीन की ओर से आवेदन दिया गया था। आरोपित राजस्व कर्मचारी इसके लिए चारो भाइयों से 20-20 हजार रुपये की मांग की थी। नवीन ने घूस मांगे जाने की शिकायत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में की थी। जिसके बाद नवीन की शिकायत का सत्यापन किया गया। सत्यापन में राजस्व कर्मचारी के द्वारा घूस मांगे जाने की बात पुष्ट हुई।

जिसके बाद नवीन को आज घूस के रुपये के साथ राजस्व कर्मचारी ने अपने आवास पर बुलाया था। जहां पर घूस के रुपये लेते हुए राजस्व कर्मचारी यशपाल कुमार को रंगेहाथ दबोच लिया गया। इसके बाद कर्मचारी से पूछताछ के बाद उसके संबंध में सत्यापन के लिए टीम सीओ के आवास पर गई। जहां पर कुछ लोगों ने गलत तरीके से विरोध शुरू कर दिया। हालांकि, कुछ देर में ही स्थिति स्पष्ट और सामान्य हो गई। निगरानी डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए राजस्व कर्मचारी यशपाल कुमार को बुधवार को न्यायालय में पेशी के बाद जेल भेजा जाएगा।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।