Republic Day LIVE: परिवहन विभाग की झांकी नंबर वन, STF को बेस्ट प्रोफेशनल परेड का पुरस्कार
Republic Day LIVE: पटना के गांधी मैदान में सुबह ठीक 9:00 बजे राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खां ने झंडोत्तोलन किया। इससे पहले गवर्नर ने परेड का निरीक्षण किया। झंडोत्तोलन के बाद मार्च पास्ट शुरू हुआ। राज्यपाल द्वारा मार्च पास्ट को सलामी दी गई है।

Republic Day LIVE: पूरे देश में आज गणतंत्र दिवस की धूम है। बिहार में आज अलग-अलग स्थानों पर कई कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। पटना के गांधी मैदान में गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारी नजर आई। सुबह ठीक 9:00 बजे राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खां ने झंडोत्तोलन किया। इससे पहले गवर्नर ने परेड का निरीक्षण किया। झंडोत्तोलन के बाद मार्च पास्ट शुरू हुआ। राज्यपाल द्वारा मार्च पास्ट को सलामी दी गई है। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत कई मंत्री व अधिकारी मौजूद रहे।
गांधी मैदान में सोमवार को 77 वें गणतंत्र दिवस समारोह में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि अगले 5 साल में राज्य के एक करोड़ लोगों को नौकरी और रोजगार दिए जाएंगे। इसके पहले अभी तक 10 लाख को सरकारी नौकरी और 40 लाख लोगों को रोजगार उपलब्ध करा दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि 27 जिलों में जल्द ही मेडिकल कॉलेज का पूरा हो जाएगा। 2005 में राज्य में 6 मेडिकल कॉलेज थे। अब यह 12 हो गया है। आपको बता दें कि गांधी आम जनता गेट संख्या 5, 6 और 7 से गांधी मैदान में प्रवेश कर सकेगी।
Republic Day LIVE Update-:
17:05 PM Republic Day LIVE: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने गणतंत्र दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज वह दिन है जब हमें यह संकल्प दोहराना चाहिए कि यह देश जाति या धर्म के आधार पर नहीं चलेगा। यह देश केवल और केवल संविधान के आधार पर चलेगा। उन्होंने कहा कि मेरी सरकार संविधान का कड़ाई से पालन करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। हमारे देश में विभिन्न जातियों, धर्मों और संप्रदायों के लोग एक साथ रहते हैं और उन सबकी भावनाओं का सम्मान करते हुए, हम सबको मिलकर यह संकल्प लेना चाहिए कि हमारे लिए संविधान सर्वोपरि है।
15:32 PM Republic Day LIVE: 77 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर माकपा कार्यालय में और झुग्गी झोपड़ी एवं फुटपाथ दुकानदार संघ द्वारा दलितों की बस्ती आमुकुरा, जगदेव पथ में झंडोत्तोलन किया गया। राज्य सचिव मंडल सदस्य मनोज कुमार चंद्रवंशी ने झंडोतोलन किया।झंडोतोलन के वक्त पार्टी के कार्यकर्ताओ को उन्होंने संविधान की रक्षा करने का संकल्प लेने का अपील की। उन्होंने कहा कि देश में धर्म और जाति के नाम पर पूंजीपति वर्ग अपने हित के लिए गरीबों को बांटने की साजिश कर रही है उससे सचेत रहने की आवश्यकता है।
13:36 PM Republic Day LIVE: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को 1, अण्णे मार्ग में झंडोत्तोलन किया। उन्होंने सशस्त्र टुकड़ियों की सलामी ली तथा सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनायें दी। इस अवसर पर बच्चों को मुख्यमंत्री ने जलेबी खिलाई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
13:30 PM Republic Day LIVE: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि बिहार देश के टॉप राज्यों में शामिल होगा। हमारा राज्य लगातार विकास कर रहा है। अगले 5 वर्षों में और ज्यादा काम होगा जिससे बिहार काफी आगे बढ़ेगा। केन्द्र का भी पूरा सहयोग प्राप्त हो रहा है। बिहार और विकसित होगा और देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
इसके पहले मुख्यमंत्री फुलवारीशरीफ प्रखंड के अकौना ग्राम पंचायत के मरांची महादलित टोला में गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित झंडोत्तोलन कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री की उपस्थिति में टोले के वयोवृद्ध सिद्धेश्वर मांझी ने झंडोत्तोलन किया।
13:20 PM Republic Day LIVE: इस साल कर्तव्य पथ पर सेना की झांकी में एक एकीकृत संचालन केंद्र को प्रदर्शित किया गया जिसने "सुदर्शन चक्र" के सुरक्षा कवच के अंतर्गत संयुक्त योजना, सटीक लक्ष्य निर्धारण और वायु रक्षा को दर्शाया, तथा यह बताया कि आधुनिक युद्धों की योजना कैसे तैयार की जाती है और क्रियान्वयन वास्तविक समय में कैसे किया जाता है।
परेड के इतिहास में पहली बार भारतीय सेना के मार्चिंग और यांत्रिक कॉलम को युद्ध-केंद्रित आक्रामक फार्मेशन में संगठित किया गया और दिखाया गया कि सैन्य अभियानों के दौरान सुरक्षा बलों का उपयोग किस क्रम में किया जाता है। 'बैटल एरे' एक तैयार, सक्षम और त्वरित जवाबी कार्रवाई वाली भारतीय सेना को प्रतिबिंबित करता है, जिसमें खुफिया, निगरानी और टोही तत्त्व, यांत्रिक बल, विमानन संसाधन, स्पेशल फोर्स, तोपखाना, वायु रक्षा और लॉजिस्टिक्स को एक सुसंगठित संचालन ढांचे में कैसे एकीकृत किया गया है।
13:10 PM Republic Day LIVE: कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार सेना की रणभूमि व्यूह रचना यानी 'बैटल एरे' की दुर्लभ झलक दिखी और इस दौरान भारतीय सेना ने सशक्त एवं भविष्य के किसी भी तरह के युद्ध के लिए तैयार अपने स्वरूप का प्रदर्शन किया। भारतीय सेना ने 77वें गणतंत्र दिवस के मौके पर सोमवार को यहां आयोजित समारोह के दौरान जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमले के गुनाहगारों के खिलाफ पाकिस्तान में बैठे आतंकवादियों के खिलाफ चलाए गये ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जश्न मनाया। इसके अंतर्गत सेना के जवान पहली बार एक विशिष्ट और अनोखी रणभूमि व्यूह रचना "बैटल एरे" फार्मेशन में दिखाई दिये। इस दौरान आए हुए दर्शकों को आधुनिक युद्धक्षेत्र में एकीकृत,नेटवर्क-सक्षम और अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी से लैस बल के रूप में सेना की तैनाती और युद्ध प्रणाली की दुर्लभ झलक देखने को मिली।
13:00 PM Republic Day LIVE: 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को पटना के जदयू प्रदेश कार्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने झंडोत्तोलन किया। इस अवसर पर ललन कुमार सर्राफ, संजय गांधी, अफाक अहमद, अनिल प्रसाद हेगड़े, मनीष कुमार वर्मा, संजय सिंह, राजीव रंजन प्रसाद, वीरेंद्र नारायण यादव, अनिल कुमार, परमहंस कुमार, प्रो. नवीन आर्य चंद्रवंशी, रंजू गीता, अमरदीप, वासुदेव कुशवाहा, वीरेंद्र सिंह दांगी, अप्सरा मिश्रा, अंजुम आरा, विनीता स्टेफी, अरविंद निषाद, रामचरित्र प्रसाद, संतोष कुशवाहा, अरविंद सिंह उर्फ छोटू सिंह, लोकप्रकाश सिंह, कमल नोपानी, विनोद कुमार सिंह, श्वेता विश्वास, मनोरंजन गिरी, मनोज कुमार सिंह, नंदकिशोर कुशवाहा उपस्थित थे।
12:45 PM Republic Day LIVE: दिल्ली के कर्तव्य पथ पर 77वें गणतंत्र दिवस के मौके पर सोमवार को तीनों सेनाओं की झांकी में 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान भारतीय हथियारों की मारक क्षमता की झलक दिखाई दी। एकजुटता के माध्यम से विजय' थीम पर आधारित भारतीय सेना की झांकी राष्ट्र के विकसित सैन्य सिद्धांत का प्रभावशाली और सशक्त चित्रण प्रस्तुत किया जिसने सटीकता, एकीकरण और स्वदेशी श्रेष्ठता की दिशा में निर्णायक परिवर्तन को दर्शाया। इस झांकी के माध्यम से भारत ने दुनिया को यह संदेश दिया कि निर्णायक, संयुक्त और आत्मनिर्भर सैन्य शक्ति का युग आ चुका है। ऑपरेशन सिंदूर ने आत्मनिर्भर भारत की बढ़ती ताकत और विकसित भारत 2047 की दिशा में राष्ट्र की अडिग प्रगति को प्रतिबिंबित किया। इसका भविष्य आत्मनिर्भर, समन्वित और अटूट रक्षा क्षमताओं से परिभाषित है। यह झांकी तीनों सेनाओं के समन्वय की इस कहानी को गतिशील और क्रमबद्ध प्रस्तुति के माध्यम से जीवंत करती है।
12:35 PM Republic Day LIVE: राष्ट्रीय राजधानी में 77 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर अभूतपूर्व सुरक्षा इंतज़ाम देखने को मिला। सुरक्षा बलों ने किसी भी तरह की चूक से बचने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की और समारोह के दौरान जल, थल और वायु हर जगह सुरक्षा बलों का पहरा रहा।
दिल्ली पुलिस ने दिल्ली के संवेदनशील इलाकों, सीमावर्ती क्षेत्रों और प्रमुख सरकारी भवनों के आसपास कड़ी नजर रखी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 70 हजार से अधिक पुलिसकर्मी और अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया गया। इसके अलावा एनएसजी कमांडो और बम निरोधक दस्ते के जवान भी मुस्तैद रहे। कर्तव्य पथ, इंडिया गेट, राष्ट्रपति भवन, संसद भवन और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा घेरा बनाया गया था।
12:20 PM Republic Day LIVE: राष्ट्रीय जनता दल के राज्य कार्यालय में 77 वाँ गणतंत्र दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने तिरंगा फहराया। झंडोत्तोलन के बाद झंडे को सलामी दी गई।
12:10 PM Republic Day LIVE: बांका जिले में सोमवार को 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय माहौल में मनाया गया। मुख्य समारोह का आयोजन बांका स्थित आरएमके मैदान में किया गया, जहां जिले के प्रभारी मंत्री संजय सिंह ‘टाइगर’ ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला, पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा सहित जिले के सभी वरीय प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
ध्वजारोहण के पश्चात प्रभारी मंत्री ने परेड की सलामी ली तथा अपने संबोधन में जिले में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए विकास को गति देने की प्रतिबद्धता दोहराई। समारोह के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया।
वहीं, गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले भर के सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों, विद्यालयों और कार्यालयों में भी ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय पर्व को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया।
12:00 PM Republic Day LIVE: जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेजप्रताप यादव ने भी गणतंत्र दिवस के मौके पर झंडोत्तोलन किया। तेजप्रताप यादव ने एक्स पर लिखा, 'आज 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर अपने 26 M स्ट्रैंड रोड स्थित सरकारी आवास पर ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दिया। आज का यह पावन दिन हमें अपने कर्तव्यों का स्मरण कराता है और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा देता है। इस पावन अवसर पर आप सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ। जय हिन्द!'
11:50 AM Republic Day LIVE: पूरा देश गणतंत्र दिवस के जश्न में डूबा हुआ है। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर बिहार विधानसभा परिसर में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने झंडोत्तोलन किया और तिरंगे को सलामी दी।
11:41 AM Republic Day LIVE: बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने गणतंत्र दिवस के मौके पर एक्स पर लिखा, 'आज 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर अपने सरकारी आवास, 3 स्ट्रैंड रोड में ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। यह गौरवपूर्ण अवसर हमें संविधान के मूल्यों—लोकतंत्र, समानता और राष्ट्रसेवा—के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः सुदृढ़ करने की प्रेरणा देता है। सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ। जय हिन्द'
11:24 AM Republic Day LIVE: बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा, '77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर पटना के गांधी मैदान में माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के साथ माननीय राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खां जी का संबोधन सुना और हमारे आन, बान, शान तिरंगे को सलामी दी। समारोह में बदलते बिहार की मनोरम झांकिया कहानी बयां कर रही थी, इस गणतंत्र दिवस पर बिहार न्याय के साथ विकास की राह पर तेजी से बढ़ रहा है। भारतीय संविधान की गौरवशाली परंपरा तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता के प्रतीक "गणतंत्र दिवस" की समस्त प्रदेश एवं देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। जय हिंद! जय भारत!'
11:17 AM Republic Day LIVE: गणतंत्र दिवस के मौके पर राजद कार्यालय में तिरंगा फहराया गया। लेकिन यहां पार्टी के नए कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव नजर नहीं आए।
11:07 AM Republic Day LIVE: गणतंत्र दिवस के मौके पर पटना का ऐतिहासिक गांधी मैदान राष्ट्रगान और परेड की गूंज से गूंजता रहा। गांधी मैदान में राज्य के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के बाद 21 टुकड़ियों की परेड और 12 विभागों की झांकी निकाली गई।
10:50 AM Republic Day LIVE: गांधी मैदान में बेस्ट प्रोफेशनल परेड का पुरस्कार STF को दिया गया। नन प्रोफेशनल कटेगरी में NCC आर्मी बॉयज को पुरस्कार मिला। बेस्ट प्लाटून कमांडर प्रोफेशनल के लिए SSB और नन प्रोफेशनल में NCC को पुरस्कार के लिए चुना गया।
10:34 AM Republic Day LIVE: राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने आज अपने आवास 10 सर्कुलर रोड पर झंडोत्तोलन किया। सुबह आयोजित इस कार्यक्रम में राजद के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद रहे
10:31 AM Republic Day LIVE: गांधी मैदान में ध्वजारोहण के बाद बिहार सरकार के 12 विभागों की भव्य झांकी निकाली गई थी। जिला प्रशासन ने गांधी मैदान और आसपास के क्षेत्रों को चार सेक्टर में विभाजित किया है। प्रत्येक सेक्टर में वरीय दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारी की तैनाती की गई है। कुल 136 दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारी तैनात हैं, वहीं महिला बल, लाठी बल और अन्य सुरक्षा बल भी मुस्तैदी से तैनात किए गए हैं।
10:17 AM Republic Day LIVE: परिवहन विभाग की झांकी नबंर वन
गांधी मैदान में झांकी में प्रथम पुरस्कार परिवहन विभाग को मिला है। द्वितीय पुरस्कार शिक्षा विभाग और तीसरा पुरस्कार ऊर्जा विभाग को मिला है। बेस्ट परेड प्रोफेशनल का अवॉर्ड एसटीएफ और नन प्रोफेशनल में आर्मी ब्यॉय को मिला।
10:15 AM Republic Day LIVE: पटना के गांधी मैदान में सोमवार को 77 वें गणतंत्र दिवस समारोह में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि अगले 5 साल में राज्य के एक करोड़ लोगों को नौकरी और रोजगार दिए जाएंगे। इसके पहले अभी तक 10 लाख को सरकारी नौकरी और 40 लाख लोगों को रोजगार उपलब्ध करा दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि 27 जिलों में जल्द ही मेडिकल कॉलेज का पूरा हो जाएगा। 2005 में राज्य में 6 मेडिकल कॉलेज थे। अब यह 12 हो गया है। 2006 में ग्राम पंचायत और 2007 में नगर निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण से महिला सशक्त हुई हैं।
अब राज्य के किसी भी कोने से लोग पटना राजधानी 5 घंटे में पहुंच रहे हैं। 2005 में पुलिस बल कम था। अब एक लाख 21 हजार हो गए हैं। देश में किसी राज्य में महिला पुलिस बिहार में सबसे ज्यादा 30 हजार हैं। जीविका से जुड़ी एक करोड़ 40 लाख महिलाओं रोजगार के लिए दस दस हजार रुपए दिए गए हैं। बेहतर रोजगार के लिए 2 लाख तक सहायता दी जाएगी। प्रत्येक प्रखंड एक एक आदर्श स्कूल होंगे। हर प्रखंड में एक डिग्री कॉलेज होगा।
10:02 AM Republic Day LIVE: गणतंत्र दिवस के मौके पर पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में झंडा फहराने के बाद राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने बिहारवासियों और पूरे देशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के सभी सेनानियों और शहीदों को नमन करते हुए कहा कि उनके योगदान को देश हमेशा याद रखेगा। गवर्नर ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार अपनी योजनाओं को धरातल पर उतारने में जुटे हैं, जिसकी झलक यहां की झाकियों में नजर आएगी।
9:49 AM Republic Day LIVE: गणतंत्र दिवस के मौके पर अपने संबोधन में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि हम सभी यह संकल्प लें कि बिहार को विकसित और खुशहाल राज्य बनाने में अपना पूरा सहयोग प्रदान करेंगे।
9:39 AM Republic Day LIVE: गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने एक्स पर लिखा, 'समस्त भारतवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। आइए, संविधान के मूल्यों के प्रति निष्ठा रखते हुए एक विकसित, आत्मनिर्भर एवं सशक्त भारत के निर्माण हेतु संकल्पित हों।' पटना के लोजपा कार्यालय में भी झंडा फहराया गया है।
9:35 AM Republic Day LIVE: सहरसा जिले में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।मुख्य कार्यक्रम सहरसा स्टेडियम में आयोजित किया गया। जिले के प्रभारी प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने झंडोत्तोलन किया।जिले वासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दिया।बिहार सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र किया।देश के महान विभूतियों को नमन किया।इस मौके पर कोसी डीआईजी कुमार आशीष , डीएम दीपेश कुमार , एसपी हिमांशु, सदर एसडीओ श्रेयांश तिवारी, सदर एसडीपीओ आलोक कुमार, मुख्यालय डीएसपी, यातायात डीएसपी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। विभिन्न विभागों की झांकी निकाली गई। वहीं विभिन्न सरकारी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों, राजनीतिक दलों के कार्यालय में भी झंडोत्तोलन किया गया। तिरंगे को सलामी दी गई।
9:22 AM Republic Day LIVE: जनता दल (यूनाइटेड) के पटना स्थित कार्यालय में भी झंडा फहराया गया है। जदयू ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, '26 जनवरी केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने का अवसर है। माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में बिहार आज सुशासन, सुरक्षा और विकास के माध्यम से हर नागरिक के अधिकारों को वास्तविक रूप दे रहा है, जहाँ शासन नहीं, बल्कि जनसेवा सर्वोपरि है।'
9:19 AM Republic Day LIVE: बिहार बीजेपी ने भी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी है। बिहार बीजेपी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा, 'समस्त देशवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ। आइए, संविधान के मूल्यों को आत्मसात करते हुए एक सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लें।जय हिंद!'
9:16 AM Republic Day LIVE: मुजफ्फरपुर जिले में गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह का आयोजन पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में हुआ। यहां उपमुख्यमंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सुबह नौ बजे तिरंगा फहराया। इसके पहले उन्होने गार्ड ऑफ ऑनर लेने के बाद परेड का निरीक्षण किया। साथ ही जिलेवासियों को संबोधित करते हुए जिले में हुए एक साल की प्रगति की जानकारी दी। कार्यक्रम को लेकर स्टेडियम को आकर्षक ढंग से सजाया गया है।
9:10 AM Republic Day LIVE: पटना स्थित राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यालय में झंडा फहराया गया है। इस मौके पर राजद के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
9:01 AM Republic Day LIVE: पटना के गांधी मैदान में गणतंत्र दिवस का जश्न नजर आया। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने झंडोत्तोलन किया है। गांधी मैदान में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
8:56 AM Republic Day LIVE: पटना में आयुक्त अनिमेश पराशर और DM त्यागराजन ने अपने-अपने कार्यालय में तिरंगा फहराया है।
8:49 AM Republic Day LIVE: 77वें गणतंत्र दिवस पर पटना के गांधी मैदान में मुख्य समारोह शुरू हो चुका है। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान खुली जीप में सवार हैं। गांधी मैदान में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। यहां आज 12 विभागों की झांकियां निकाली जाएंगी। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खां खुली जीप पर परेड का निरीक्षण कर रहे हैं।
8:41 AM Republic Day LIVE: गणतंत्र दिवस के मौके पर पटना के गांधी मैदान में होने वाले जश्न की तस्वीरें सामने आने लगी हैं। झंडोत्तोलन के लिए राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान पहुंच गए हैं। राज्यपाल के अलावा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी भी वहां पहुंच गए हैं। गांधी मैदान में छोटे-छोटे बच्चे भी मौजूद हैं।
8:28 AM Republic Day LIVE: तेजस्वी यादव ने गणतंत्र दिवस की दी बधाई
तेजस्वी यादव ने एक्स पर लिखा, 'सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। आज का यह पावन दिन महान स्वतंत्रता सेनानियों, देशभक्तों, संविधान निर्माताओं और अमर शहीदों को स्मरण कर उन्हें धन्यवाद कहने का दिन है। आज गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर समस्त वीरों को सादर नमन के साथ श्रद्धा सुमन अर्पित करता हूँ जिन्होंने अपनी जान की कुर्बानी देकर हमें आजादी दिलाई तथा देश की एकता व अखंडता को बनाए रखने में अपना सर्वस्व बलिदान दिया।
एनडीए सरकार की विघटनकारी सामाजिक, आर्थिक और संविधान विरोधी अलोकतांत्रिक नीतियों के कारण देश के वर्तमान हालात चिंतनीय है। संविधान लागू होने के दशकों बाद संविधान एवं लोकतंत्र को समृद्ध करने की बजाय मौजूदा एनडीए सरकार इसे कमजोर करने वाले कार्य कर रही है। वो फ़ासीवादी ताक़तें जिनका देश की आज़ादी में कहीं कोई योगदान नहीं है वो संविधान की मूल भावना पर प्रहार कर रहे है। संविधान की उद्देशिका को बदलने का प्रयास किया जा रहा है।
त्याग, बलिदान, यत्न, संघर्ष एवं समर्पण से भरे कर्तव्य-पथ पर अग्रसर होकर आजादी के दीवाने हमारे पुरखों ने हमें यह आदर्श जनतांत्रिक व्यवस्था सौंपी है। आइए, हम सभी मिलकर प्रतिज्ञा ले कि हम सब इस महान देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखेंगे तथा अपने सकारात्मक प्रयासों एवं योगदान से अपने पुरखों के संप्रभु, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक भारत के स्वप्न को साकार कर, देश की प्रगति-समृद्धि में बढ़-चढ़ योगदान करते रहेंगे।'
8:26 AM Republic Day LIVE: गणतंत्र दिवस समारोह के लिए आरा का वीर कुंवर सिंह रमना मैदान सज-धज कर तैयार है। सोमवार की सुबह जिले के प्रभारी मंत्री व उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा झंडोतोलन करेंगे। साथ ही जिलावासियों को संबोधित कर विकास की उपलब्धियों को गिनाएंगे।
इस साल जिले के प्रभारी मंत्री के रूप में उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा झंडोतोलन के लिए आ रहे हैं। वे झंडोतोलन कर परेड की सलामी लेंगे। इस साल विभिन्न विभागों की ओर से 16 झांकियों का प्रदर्शन लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।
8:20 AM Republic Day LIVE: बिहार के लोक गायक भरत सिंह भारती, कृषि विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति और कृषि तकनीक विशेषज्ञ गोपालजी त्रिवेदी को पद्मश्री सम्मान मिला है। बिहार के ही नृत्याचार्य स्वर्गीय विश्व बंधु को मरणोपरांत पद्मश्री सम्मान देने की घोषणा की गई है।
8:10 AM Republic Day LIVE: गांधी मैदान में गणतंत्र दिवस समारोह पर झंडा तोलन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राज्यपाल यहां झंडा तोलन करेंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत कई गणमान्य लोग यहां उपस्थित रहेंगे।
8:00 AM Republic Day LIVE: इनको सराहनीय सेवा पदक मिलेगा
नाम - पद
दलजीत सिंह आईजी, सीआईडी
राजीव रंजन-2 एआईजी, मानवाधिकार
अजय पांडेय डीआईजी, निगरानी
शैलेश मिश्रा डीएसपी
मो. ऐनुल हक सब-इंस्पेक्टर
ऋषिकेश कुमार सब-इंस्पेक्टर
मनोज कुमार सब-इंस्पेक्टर
निक्कू सिंह सब-इंस्पेक्टर
नागेंद्र पांडेय एएसआई
संजय सिंह हेड कांस्टेबल
सुकड़ा उरांव हेड कांस्टेबल
धर्मेंद्र कुमार हेड कांस्टेबल
जवाहर लाल हेड कांस्टेबल
उमेश सिंह हेड कांस्टेबल
ओम प्रकाश हेड कांस्टेबल
एमडी रफी हेड कांस्टेबल
मनोज सिंह कांस्टेबल
7:50 AM Republic Day LIVE: विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक से डीएसपी उमेश लाल रजक और एसआई नवरत्न कुमार सम्मानित होंगे। बिहार पुलिस के 17 पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को सराहनीय सेवा पदक (मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस) से सम्मानित किया गया है।
साथ ही सीबीआई पटना की एंटी करप्शन ब्यूरो में तैनात डीएसपी रूबी चौधरी और हेड कांस्टेबल भोला चौधरी को भी सराहनीय सेवा पदक दिए जाने की घोषणा की गयी है। पुलिस मुख्यालय ने सभी सम्मानित अधिकारियों और कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे बिहार पुलिस बल के लिए प्रेरणास्रोत है।
7:40 AM Republic Day LIVE: बिहार के 22 पुलिसकर्मियों को वीरता पदक
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर सम्मानित होने वाले बिहार पुलिस के 22 पदाधिकारी-कर्मियों के नामों की घोषणा कर दी है। इनमें आईपीएस कुंदन कृष्णन सहित तीन को गैलेंट्री (वीरता) पदक, दो को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक और 17 को सराहनीय सेवा पदक मिलेगा।
बिहार से पुलिस महानिदेशक (अभियान) कुंदन कृष्णन के अलावा एसआई अर्जुन लाल और सिपाही जितेंद्र सिंह को वीरता पदक मिलेगा। 23 साल पहले वर्ष 2002 में छपरा मंडल कारा पर कब्जा करने वाले बंदियों के खिलाफ सफल ऑपरेशन के लिए तीनों को वीरता पदक देने का ऐलान किया गया है। जेल को कब्जा मुक्त करने के दौरान हुए ऑपरेशन में छह बंदियों की मौत हुई थी। उस समय कुंदन कृष्णन सारण के एसपी थे। अर्जुन लाल डीएसपी पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं, जबकि जितेंद्र सिंह पटना जिले में दारोगा पद पर तैनात हैं।
7:30 AM Republic Day LIVE: PM नरेंद्र मोदी ने दी गणतंत्र दिवस की बधाई
देश आज अपना 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा, ‘देश के सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की बहुत-बहुत बधाई। भारत की आन-बान और शान का प्रतीक यह राष्ट्रीय महापर्व आप सभी के जीवन में नई ऊर्जा और नए उत्साह का संचार करे। विकसित भारत का संकल्प और अधिक सुदृढ़ हो, यही कामना है।’
7:20 AM Republic Day LIVE: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गणतंत्र दिवस पर प्रदेश और देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम के वीर सपूतों को नमन किया और कहा कि उनकी कुर्बानियों को भुलाया नहीं जा सकता है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि भारतीय गणतंत्र के गौरव, एकता एवं अखण्डता को अक्षुण्ण बनाये रखने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले सभी वीर सपूतों को भी स्मरण करने का यह दिवस है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हमारे लोकतंत्र के जश्न के मनाने और हमारे संविधान में शामिल विचारों एवं मूल्यों को संजोने का अवसर है।
हमारा गणतंत्र लोकतांत्रिक मूल्यों एवं भारतीय संविधान के प्रति अखंड निष्ठा और हमारी अनेकता में एकता की अभिव्यक्ति का संकल्प है। हम सबको अपनी आजादी, एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण रखने का आज संकल्प लेना है। राज्य में आपसी भाईचारा, शांति एवं सद्भाव बनाये रखना है। शांति और सद्भाव में ही समृद्धि और प्रगति है।
7:10 AM Republic Day LIVE: पटना में खादी मॉल के प्रबंधक बताते हैं कि पिछले साल की तुलना में कीमत में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। खादी मॉल में 6 फीट बाई 9 फीट के तिरंगे की कीमत 7,145 रुपये है। 4 बाई 6 फीट के तिरंगे की कीमत 3,000 रुपये, 3 बाई 4.5 की कीमत 2,400 और 2 बाई तीन फीट के झंडे की कीमत 814 रुपये है। यहां टेबल पर रखने के लिए टेबल फ्लैग तीन सौ रुपये में और कार में लगाने के लिए कार फ्लैग 225 रुपये में उपलब्ध है।
पटना सिटी के तिरंगा कारोबारी एस.ठाकुर बताते हैं कि गणतंत्र दिवस पर एक रुपये से लेकर दो सौ रुपये तक का तिरंगा झंडा बाजार में उपलब्ध है। सबसे ज्यादा मांग पांच रुपये वाले झंडे की है। बाजार में डेढ़ मीटर तक के झंडों की मांग रहती है। लोग अपनी जरूरत के हिसाब से झंडे खरीदते हैं। पटना के बाजार में झंडा के अलावा तिरंगा रिस्ट बैंड 10 रुपये में, बैच 5 रुपये से 7 रुपये में बिक रहा है।
7:00 AM Republic Day LIVE: गणतंत्र दिवस को लेकर खास कर नेपाल से जुड़ी अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर गश्ती और जांच बढ़ाई गई है। खुफिया एजेंसियों ने सीमाई इलाकों में आतंकी संगठनों के ड्रोन के इस्तेमाल की आशंका जताई है। इसको देखते हुए अंतरराष्ट्रीय सीमाएं साझा करने वाले जिलों के डीएम-एसपी को सीमा सुरक्षा बल (एसएसबी) के साथ लगातार संयुक्त निगरानी अभियान चलाने के निर्देश दिये गए हैं। पश्चिम चंपारण से लेकर अररिया, किशनगंज तक के प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारियों की अलग से ब्रीफिंग हुई है। पुलिस मुख्यालय ने राज्य की सीमाओं को जोड़ने वाली अंतरराज्जीय चौकियों पर भी पुलिस जांच बढ़ाये जाने के निर्देश दिये हैं।
6:50 AM Republic Day LIVE: गणतंत्र दिवस पर बिहार में अलर्ट
गणतंत्र दिवस पर सोमवार को राज्य की पुलिस अलर्ट पर रहेगी। बिहार पुलिस मुख्यालय ने किसी भी आशंका से निबटने के लिए क्षेत्रीय पुलिस पदाधिकारियों से लेकर सभी डीएम-एसपी को सतर्क किया है। साथ ही वसंत पंचमी को लेकर तैनात अर्द्धसैनिक बल, बी-सैप और रिजर्व बटालियन की चार दर्जन से अधिक अतिरिक्त कंपनियों को गणतंत्र दिवस तक तैनात रखा गया है।
मुख्यालय ने जिलों में गणतंत्र दिवस के सार्वजनिक आयोजन स्थलों पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बलों की तैनाती के निर्देश दिये हैं। मुख्य चौक-चौराहों, बाजार, धार्मिक और ऐतिहासिक स्थल आदि जगहों पर पुलिस की अतिरिक्त तैनाती होगी। वर्दीधारियों के साथ ही सादे वेश में भी पुलिस पदाधिकारी और जवान तैनात होंगे। सीसीटीवी से भी नजर रखे जाने की व्यवस्था की गयी है। पुलिसकर्मियों को सड़कों पर वाहनों की सख्ती से जांच के निर्देश दिये गए हैं।
6:40 AM Republic Day LIVE: गणतंत्र दिवस के लिए बाजार में तैयारियां पूरी हो गई हैं। दुकानों से लेकर घरों तक पर तिरंगा लगाने का काम रविवार को जोर-शोर से चलता रहा। बाजार में पांच रुपये से सात हजार रुपए तक के तिरंगे की बिक्री हुई। शहर में बेली रोड, हनुमान नगर, बोरिंग रोड सहित मोहल्लों में भी ठेले से लेकर दुकानों तक में तिरंगे के स्टॉल सजाये गये हैं। तिरंगा बैंड, टोपी आदि के साथ-साथ घरों की छतों, गाड़ियों आदि पर लगाने के लिए राष्ट्रीय ध्वज की खरीदारी की गई। खादी मॉल के रमेश कुमार बताते हैं कि लोगों में खादी के तिरंगा, कार में लगाने के लिए कार फ्लैग और टेबल फ्लैग खरीदारी बड़े ही उत्साह के साथ किया गया। खादी मॉल में तिरंगा झंडा, अशोक स्तंभ, बैज, अंगवस्त्रम, तिरंगा के रंग में रंगा कपड़ा भी लोगों ने बड़ी संख्या में खरीदारी की।
6:30 AM Republic Day LIVE: पटना के डीएम ने बताया कि गांधी मैदान को चार जोन में बांटकर अपर जिला दंडाधिकारी एवं अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के पदाधिकारियों के नेतृत्व में मानकों के अनुसार तैयारी की गई है। डीएम ने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर 128 सीसीटीवी कैमरों से पूरे गांधी मैदान एवं आस-पास निगरानी की जाएगी। वहां अस्थायी थाना, नियंत्रण कक्ष एवं 18 वाच टावर स्थापित होंगे।
6:20 AM Republic Day LIVE: इन विभागों की झांकियों का प्रदर्शन
● कला एवं संस्कृति विभाग- परंपरा से संरक्षण तकः कलाकार की सतत यात्रा विषय पर
● परिवहन विभाग : नारी शक्तिः राष्ट्र शक्ति विषय पर
● विधि विभाग : स्वच्छ पर्यावरण-सशक्त भारत विषय पर
● जीविका, बिहार ग्रामीण जीवकोपार्जन प्रोत्साहन समिति (ग्रामीण विकास विभाग, पटना) द्वारा मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजनाः आत्मनिभर्रता और रोजगार का समग्र संदेश दिया जाएगा।
● पर्यटन निदेशालय द्वारा मां जानकी जन्मस्थली, पुनौरा धाम
● उर्जा विभाग द्वारा कजरा सौर ऊर्जा-सह-बैटरी भंडारण प्रणाली परियोजना
● सहकारिता विभाग द्वारा विकसित पैक्स विकसित बिहार
● निदेशक-सह-राज्य अग्निशमन पदाधिकारी का कार्यालय द्वारा बिहार अग्निशमन सेवाः कर्त्तव्य पर अडिग एवं अटल विषय पर
● संयुक्त निदेशक (शष्य) सूचना एवं प्रौद्योगिकी, कृषि विभाग द्वारा तेलहन से स्वर्णिम राहः प्रसंस्करण से बढ़े हर गांव
● बिहार शिक्षा परियोजना परिषद्, पटना द्वारा सुरक्षित विद्यालय-उन्नत शिक्षा-उज्जवल भविष्य
● उद्योग विभाग द्वारा समृद्ध उद्योग सशक्त बिहार
● मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग द्वारा नशामुक्त बिहार-सशक्त परिवार विषय पर झांकियों का प्रदर्शन होगा।
6:10 AM Republic Day LIVE: गणतंत्र दिवस पर गांधी मैदान में किस गेट से एंट्री, जानें
आम जनता गेट संख्या 5, 6 और 7 से गांधी मैदान में प्रवेश कर सकेगी। जेपी गंगा पथ, अशोक राजपथ, गोलघर, मंदिरी, बुद्धा कॉलोनी एवं सम्बद्ध रास्तों से आने वाले लोग गेट संख्या 5 और 6 से तथा बारी पथ, नाला रोड, ठाकुरबारी, बाकरगंज, एक्जीबिशन रोड, फ्रेजर रोड, टीएन बनर्जी रोड, छज्जूबाग एवं सम्बद्ध रास्तों से आने वाले लोग गेट संख्या 7 से प्रवेश कर सकते हैं। मीडिया का प्रवेश गेट संख्या 9 से होगा।




साइन इन