Rajya Sabha election date announced know schedule Upendra Kushwaha Ram Nath Thakur AD Singh Harivansh Prem Chand Gupta उपेंद्र कुशवाहा, एडी सिंह, प्रेमचंद गुप्ता फिर बनेंगे सांसद? राज्यसभा चुनाव की तारीख का ऐलान, Bihar Hindi News - Hindustan
More

उपेंद्र कुशवाहा, एडी सिंह, प्रेमचंद गुप्ता फिर बनेंगे सांसद? राज्यसभा चुनाव की तारीख का ऐलान

भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, 26 फरवरी से इन सीटों के लिए नामांकन होगा। 5 मार्च तक नामांकन पत्र दाखिल किया जाएगा। 6 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी।16 मार्च को मतदान होगा।

Wed, 18 Feb 2026 09:57 PMSudhir Kumar लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
उपेंद्र कुशवाहा, एडी सिंह, प्रेमचंद गुप्ता फिर बनेंगे सांसद? राज्यसभा चुनाव की तारीख का ऐलान

बिहार की 5 राज्यसभा की सीटों पर चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है। वोटिंग की तारीख भी तय हो गई है। इन सीटों पर राज्यसभा सांसदों के निर्वाचन के लिए 16 मार्च को मतदान होगा। बुधवार को भारत निर्वाचन आयोग ने अन्य राज्यों के साथ बिहार की पांच सीटों के चुनाव की भी घोषणा कर दी। बिहार से केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर, रालोमो चीफ उपेंद्र कुशवाहा, राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश नारायण सिंह, अमरेंद्र धारी सिंह और प्रेमचंद्र गुप्ता का कार्यकाल समाप्त हो रहा है।

भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, 26 फरवरी से इन सीटों के लिए नामांकन होगा। 5 मार्च तक नामांकन पत्र दाखिल किया जाएगा। 6 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। नामांकन पत्रों की वापसी की अंतिम तिथि 9 मार्च तक तय की गई है। मतदान 16 मार्च को होगा। मतदान सुबह 9 बजे से 4 बजे तक होगा। 16 मार्च को ही मतगणना होगी और चुनाव परिणाम उसी दिन जारी किया जाएगा।

राज्यसभा चुनाव RS चुनाव शेड्यूल बिन्दुवार समझिए

नोटिफिकेशन: 26 फरवरी 2026

नामांकन की आखिरी तारीख: 5 मार्च 2026

नामांकन की जांच : 6 मार्च 2026

नाम वापसी की अंतिम तारीख: 9 मार्च 2026

मतदान: 16 मार्च 2026 (सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक)

मतगणना: 16 मार्च 2026, शाम 5 बजे

चुनाव पूरा करने की अंतिम तारीख: 20 मार्च 2026

एनडीए के तीन और दो महागठबंधन के

जो पांच सीट खाली हो रही हैं, उनमें एनडीए की 3 और महागठबंधन की 2 सीट हैं। मजेदार बात यह है कि एनडीए के सबसे बड़े घटक दल बीजेपी का इसमें एक भी सांसद नहीं है। एनडीए में जेडीयू के 2 और रालोमो के 1 सांसद का कार्यकाल पूरा हो रहा है। महागठबंधन में राजद के 2 एमपी का टर्म पूरा हो रहा है। विधानसभा में एनडीए के पास बीजेपी, जेडीयू, लोजपा-आर, हम और रालोमो के कुल 202 विधायक हैं। महागठबंधन के पाले में राजद के 25, कांग्रेस के 6, सीपीआई-माले के 2 और आईआईपी के 1 कुल 35 एमएलए हैं। असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम के 5 और मायावती की बसपा के 1 कुल 6 विधायक अलग हैं।

एनडीए को चार पर जीत की उम्मीद

विधानसभा के संख्यागणित से एनडीए की 4 सीट बन रही है। माना जा रहा है कि नीतीश कुमार की जेडीयू अपनी 2 सीट अपने ही पास रखेगी। एनडीए के खाते में बाकी 2 सीट बीजेपी उपेंद्र कुशवाहा और चिराग पासवान की पार्टी को देगी या भाजपा के किसी नेता को राज्यसभा भेजेगी, यह देखने वाली बात है। केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी भी 1 सीट के लिए बयानबाजी कर रहे थे, लेकिन उनके बेटे और हम के अध्यक्ष संतोष सुमन ने ही उनके दावे की हवा निकाल दी थी। तेजस्वी यादव की पार्टी के दो सांसद एडी सिंह और प्रेमचंद गुप्ता रिटायर हो रहे हैं, लेकिन अब उनकी पार्टी और गठबंधन दोनों की ताकत इतनी भी नहीं है कि वो एक को भी फिर से संसद भेज सके। अगर लालू को ओवैसी और मायावती की पार्टी का साथ मिले, तभी कोई एक वापस सांसद बन सकता है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।