Rahul Gandhi Patna meeting ruckus congress workers fight beaten up पटना में राहुल गांधी की बैठक के दौरान हंगामा, अखिलेश सिंह के समर्थक की हो गई पिटाई, Bihar Hindi News - Hindustan
More

पटना में राहुल गांधी की बैठक के दौरान हंगामा, अखिलेश सिंह के समर्थक की हो गई पिटाई

दिल्ली रवाना होने से पहले राहुल गांधी ने बिहार कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर पार्टी के नेताओं के साथ बैठक की। इसी दौरान बाहर की ओर पार्टी के दो गुटों के बीच भिड़ंत्त हो गई, बात मारपीट तक पहुंच गई।

Mon, 7 April 2025 04:18 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
पटना में राहुल गांधी की बैठक के दौरान हंगामा, अखिलेश सिंह के समर्थक की हो गई पिटाई

बिहार की राजधानी पटना में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की बैठक के दौरान भारी बवाल हो गया। पटना स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पार्टी के दो गुट के कार्यकर्ताओं में भिड़ंत्त हो गई। सूत्रों के अनुसार पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह के समर्थक की कुछ अन्य कार्यकर्ताओं ने पिटाई कर दी। दूसरे गुट के कार्यकर्ताओं ने उसे दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। पिटाई का आरोप पूर्व विधायक अमित कुमार टुन्ना के समर्थकों पर लगा है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सोमवार को बिहार दौरे पर रहे। बेगूसराय में कन्हैया कुमार की पलायन रोको, नौकरी दो यात्रा में शामिल होने के बाद वे दोपहर में पटना पहुंचे। यहां श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में उन्होंने कांग्रेस के संविधान सुरक्षा सम्मेलन को संबोधित किया। इसके बाद सदाकत आश्रम स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। पार्टी दफ्तर में राहुल ने बिहार के कांग्रेस नेताओं को आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अहम निर्देश दिए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:जो काम पहले हो जाने चाहिए थे, कांग्रेस ने नहीं किए; राहुल गांधी ने मानी गलती
ये भी पढ़ें:बिहार में कांग्रेस पार्टी का क्या है रोल, राहुल गांधी ने पटना में समझाया

जब राहुल सदाकत आश्रम में बैठक कर रहे थे, तभी पार्टी के दो गुट आपस में भिड़ गए। सूत्रों के अनुसार, बिहार के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह के एक समर्थक ने पार्टी के पूर्व विधायक अमित कुमार टुन्ना के साथ बदतमीजी कर ली। इसके बाद टुन्ना के समर्थक भड़क गए और उन्होंने अखिलेश सिंह के समर्थक को दौड़ा-दौड़ा कर पीट दिया।

यह देख वहां मौजूद पार्टी के नेता एवं अन्य कार्यकर्ता दंग रह गए। इस घटना के बाद एक बार फिर बिहार कांग्रेस में गुटबाजी नजर आई। बैठक से निकलने के बाद राहुल गांधी सीधे पटना एयरपोर्ट पहुंचे और दिल्ली के लिए रवाना हो गए। बता दें कि पिछले महीने ही कांग्रेस ने अखिलेश सिंह को हटाकर दलित वर्ग से आने वाले राजेश राम को प्रदेश अध्यक्ष बनाया था।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।