Rahul Gandhi Bihar Visit darbhanga muzaffarpur priyanka gandhi tejashwi yadav voter adhikar yatra Rahul Gandhi Bihar Visit: ट्रंप ने 24 घंटे में सीजफायर कहा, मोदी ने 5 घंटे में कर दिया : राहुल गांधी, Bihar Hindi News - Hindustan
More

Rahul Gandhi Bihar Visit: ट्रंप ने 24 घंटे में सीजफायर कहा, मोदी ने 5 घंटे में कर दिया : राहुल गांधी

Rahul Gandhi Bihar Visit: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बिहार के मुजफ्परपुर में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। ऑररेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए राहुल ने पीएम नरेंद्र मोदी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पिछलग्गू बताया।

Wed, 27 Aug 2025 04:11 PMNishant Nandan लाइव हिन्दुस्तान, दरभंगा/मुजफ्फरपुर
share
Rahul Gandhi Bihar Visit: ट्रंप ने 24 घंटे में सीजफायर कहा, मोदी ने 5 घंटे में कर दिया : राहुल गांधी

Rahul Gandhi Bihar Yatra LIVE Updates: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बिहार के मुजफ्फरपुर में बुधवार को वोटर अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पिछलग्गू बताया। ऑपरेशन सिंदूर पर अमेरिकी राष्ट्रपति के बयान का जिक्र करते हुए राहुल ने कहा कि ट्रंप ने 24 घंटे में पाकिस्तान के साथ सीजफायर करने को कहा था, लेकिन नरेंद्र मोदी ने 5 घंटे में ही कर दिया।

राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा सुबह दरभंगा जिले से शुरू हुई और दोपहर में मुजफ्फरपुर पहुंची। राहुल के साथ कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, राजद नेता तेजस्वी यादव सहित इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के वरीय नेता मौजूद रहे। यात्रा मुजफ्फरपुर जिले के चार विधानसभा इलाकों से होकर गुजर रही है।

Rahul Gandhi LIVE: 14:15 PM - राहुल बोले- बिहार का विकास हमारी प्राथमिकता

राहुल गांधी ने लोगों को वोटर अधिकार यात्रा का हिस्सा बनने पर आभार जताया। उन्होंने कहा कि आपकी बड़ी संख्या को देखकर हमें भी हिम्मत मिल रही है। आपके वोटों की चोरी को हमने सबूत के साथ पकड़ा और उजागर किया। लेकिन चुनाव आयोग उलटे हम पर कार्रवाई की बात कर रहा है। वोट चोरी रोकना, प्रगति और बिहार का विकास पहली प्राथमिकता है।

Rahul Gandhi LIVE: 14:10 PM - ट्रंप के पिछलग्गू हैं मोदी - राहुल गांधी

मुजफ्फरपुर में राहुल गांधी ने कहा कि गुजरात मॉडल आर्थिक प्रगति का नहीं बल्कि वोट चोरी का मॉडल है। दो दशक पहले गुजरात से शुरू हुआ चोरी का यह मॉडल अब पूरे देश में बीजेपी लागू कर रही है। नरेंद्र मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति के पिछलग्गू हैं। ट्रंप के एक कॉल पर ऑपरेशन सिंदूर को रोक दिया, जबकि भारतीय सेवा पाकिस्तान को कड़ा जवाब दे रही थी।

Rahul Gandhi LIVE: 13:55 PM - चाचा की सरकार खटारा हो गई है - तेजस्वी यादव

तेजस्वी यादव ने कहा कि माई, कमाई, दवाई और कारवाई वाली सरकार चाहिए। चाचा की सरकार खटारा हो गई है। हर काम के लिए घूस अनिवार्य हो चुका। मोदी के जुमले से विकास नहीं हो सकता है। पहले वोट फिर राशन कार्ड से भी, नकली सीएम व पीएम को हटा असली को लाना है।

Rahul Gandhi LIVE: 13:20 PM -राहुल-तेजस्वी दो भाइयों की जोड़ी- एमके स्टालिन

एमके स्टालिन ने कहा कि राहुल और तेजस्वी की जोड़ी दो भाइयों की जोड़ी है राजनीतिक दोस्ती नहीं। यह जोड़ी लोक कल्याण के लिए आने वाले बिहार विधानसभा चुनावों में इंडिया गठबंधन को जीत दिलाएगा। लालू यादव द्वारा शुरू किए गए सामाजिक एवं धर्मनिरपेक्षता की लड़ाई को समर्थन देने के लिए मैं 2000 किलोमीटर दूर से आया हूं। 1 महीने से पूरे देश की निगाह राहुल गांधी द्वारा शुरू किए गए यात्रा पर है बिहार से मिले नतीजे पूरे देश के चुनाव के नतीजे के लिए मिल का पत्थर साबित होंगे।

Rahul Gandhi LIVE: 13:08 PM - दरभंगा के जीवछ घाट से शुरू हुई थी यात्रा

इंडिया गठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा 12वें दिन बुधवार की सुबह 08.15 बजे दरभंगा के जीवछ घाट से शुरू हुई। इस यात्रा का नेतृत्व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव सह सांसद प्रियंका गांधी, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, भाकपा (माले) नेता दीपांकर भट्टाचार्य और वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने किया।

विश्राम कैम्प के गेट पर सुबह से ही हजारों की संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता जुटे रहे। राहुल और प्रियंका गांधी की झलक पाने को भीड़ बेकाबू दिखी। इस दौरान वोट चोर गद्दी छोड़ जैसे नारे भी गूंजे। आशा कार्यकर्ताओं ने भी राहुल गांधी का हाथ हिलाकर स्वागत किया। यात्रा के दौरान कई जगह राहुल गांधी ने जीप रोककर समर्थकों से हाथ मिलाया और कहा कि केंद्र की मौजूदा सरकार चोरी के वोट से बनी है। यह संविधान और गरीब-दलितों के हितों के खिलाफ है।

Rahul Gandhi LIVE: 12:55 PM - मुजफ्फरपुर में राहुल की यात्रा

लोकसभा में विपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने राजद नेता तेजस्वी यादव और CPI(ML) नेता दीपांकर भट्टाचार्य के साथ मुजफ्फरपुर में 'मतदाता अधिकार यात्रा' निकाली।

Rahul Gandhi LIVE: 12:39 PM - महागठबंधन के दिग्गज नेताओं का बिहार में जुटान

राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा में महागठबंधन के दिग्गज नेता शामिल हो रहे हैं। मंगलवार को इस यात्रा में तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी ने शिरकत की थी। बुधवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन भी इस यात्रा में नजर आए।

Rahul Gandhi LIVE: 12:29 PM - क्या चुनाव आयोग जांच करेगा - राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सवाल किया कि इन अनाम पार्टियों के खातों में ये हजारों करोड़ रुपये आए कहां से, इन पार्टियों को चला कौन रहा है और चंदे का जो पैसा इन पार्टियों की खाते में गया वह पैसा कहां है। उन्होंने चुनाव आयोग से सवाल किया, “क्या चुनाव आयोग जांच करेगा - या फिर यहां भी पहले एफिडेविट मांगेगा या फिर कानून ही बदल देगा, ताकि ये डेटा भी छिपाया जा सके”

Rahul Gandhi LIVE: 12:15 PM - गुजरात में अनाम पार्टियों से जुटाया चंदा- राहुल गांधी

चुनाव आयोग पर वोट चोरी का आरोप लगाने के कारण उनसे एफिडेविट की मांग से घिरे कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आयोग को बुधवार कटघरे में खड़ा करते हुए सवाल किया है कि गुजरात अनाम पार्टियों ने हज़ारों करोड रुपए का चंदा जुटाया है तो क्या उनसे भी शपथ पत्र मांगा जाएगा। राहुल गांधी ने कहा कि जिन पार्टियों को भारी रकम चंदे के रूप में मिली है उनको कोई जानता नहीं है और न ही उन्होंने ज्यादा चुनाव लड़े हैं। इन पार्टियों को जितना चंदा मिला है उसका कहीं कोई हिसाब किताब नहीं है। उन्होंने कहा कि इन दलों से भी चुनाव आयोग को शपथ पत्र मांगना चाहिए। उन्होंने कहा "गुजरात में कुछ ऐसी अनाम पार्टियां हैं जिनका नाम किसी ने नहीं सुना-लेकिन 4300 करोड़ का चंदा मिला। इन पार्टियों ने बहुत ही कम मौकों पर चुनाव लड़ा है, या उन पर खर्च किया है।"

Rahul Gandhi LIVE: 12:01 PM - राहुल, प्रियंका और तेजस्वी एक साथ

वोटर अधिकार यात्रा में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और तेजस्वी यादव एक साथ दिखे। राहुल गांधी जिस बुलेट को चला रहे थे उसपर पीछे प्रियंका गांधी बैठी थीं। दोनों ही नेताओं ने हेलमेट लगा रखा था। इस दौरान उनकी सुरक्षा में तैनात कुछ सुरक्षाकर्मी सड़क पर दौड़ते नजर आ रहे थे। यात्रा में शामिल लोगों के हाथों में पार्टी का झंडा नजर आ रहा था।

Rahul Gandhi LIVE: 11:36 AM - अपनी हार को गलत ठहराने के लिए पटकथा तैयार कर रहे राहुल- JDU

JDU नेता राजीव रंजन प्रसाद ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर कहा, "...लोकतंत्र, जनादेश, संविधान जैसे शब्द बार-बार राहुल गांधी दोहराते हैं। दरअसल कांग्रेस के शब्दकोश में ये शब्द है ही नहीं। इतिहास को इतने गहरे जख्म नेहरू-गांधी परिवार ने दिए हैं। संविधान की निर्मम हत्या, लोकतंत्र का गला घोंटना, देश पर आपातकाल थोपा गया, लाखों लोगों को यंत्रणाएं दी गईं... अब वो पार्टी वोट चोरी की बात कर रही है... बिहार में वे इसलिए आरोप लगा रहे हैं क्योंकि वे जानते हैं कि उनका गठबंधन बहुत ही फिसड्डी प्रदर्शन करने जा रहा है... अपनी हार को गलत ठहराने के लिए वे अभी से पटकथा तैयार कर रहे हैं।"

Rahul Gandhi LIVE: 11:31 AM - अखिलेश यादव भी यात्रा में हिस्सा लेंगे

वोटर अधिकार यात्रा दरभंगा से होते हुए मुजफ्फरपुर और फिर सीतामढ़ी पहुंचेगी। इस यात्रा में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई दिग्गज शामिल हैं। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी वोटर अधिकार यात्रा में हिस्सा लेंगे।

Rahul Gandhi LIVE: 11:16 AM - बाइक पर आगे राहुल और पीछे प्रियंका गांधी,

दरभंगा में महागठबंधन की वोटर यात्रा जारी है। दरभंगा जिले में भी राहुल गांधी का कुछ अलग अंदाज देखने को मिला है। राहुल गांधी यहां भी बुलेट से यात्रा पर निकले। राहुल गांधी की पिछली सीट पर उनकी बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी बैठी थीं। दोनों ही नेताओं बाइक रैली करते हुए यात्रा में नजर आए। उनके साथ महागठबंधन के कार्यकर्ताओं का हुजूम भी दिख रहा था।

Rahul Gandhi LIVE: 10:55 AM - वोट आपका सबसे कीमती अधिकार - प्रियंका

मंगलवार कोवोटर अधिकार यात्रा के दौरान मधुबनी के सकरी पहुंचीं कांग्रेस महासचिव व सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, 'वोट आपका सबसे कीमती अधिकार है। इसे चोरी मत होने दें। एक बार वोट चोरी हो गई तो आपकी पहचान खत्म हो जाएगी। पीएम मोदी ने लोकसभा चुनाव से पहले कहा था कि कांग्रेस वाले आएंगे तो तुम्हारी भैंस चुरा लेंगे, लेकिन भाजपा वाले वोट चोरी करने लगे। उन्होंने कहा, मिथिला की धरती हमेशा संघर्ष व साहस का प्रतीक रही है। आज फिर यह धरती लोकतंत्र की रक्षा के लिए आगे आएगी।' प्रियंका ने भीड़ से नारे लगवाए और लोगों से झूठ के खिलाफ आवाज बुलंद करने की अपील की।

Rahul Gandhi LIVE: 10:40 AM - आरा, बक्सर के कांग्रेस कार्यकर्ता जुटेंगे

आगामी 30 अगस्त को आरा एवं एक सितंबर को पटना गांधी मैदान से राहुल गांधी व इंडिया गठबंधन द्वारा आयोजित वोटर अधिकार यात्रा का समापन किया जाएगा। जिला कांग्रेस कमेटी के डॉ. मनोज पांडेय ने बताया कि बक्सर जिले से वोटर अधिकार यात्रा के लिए आरा और पटना में हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसे लेकर जिला कांग्रेस ने एक 25 सदस्यीय तैयारी समिति का गठन किया है। जो आरा एवं पटना वोटर अधिकार यात्रा में शामिल होनेवाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं से समन्वय स्थापित कर आरा और पटना के वोटर अधिकार यात्रा में कार्यकर्ताओं को शामिल करेंगे।

Rahul Gandhi LIVE: 10:22 AM - खुली जीप में नजर आए राहुल, लोगों से मिलाए हाथ

मतदाता अधिकार यात्रा के के दौरान राहुल गांधी खुली जीप में खड़े नजर आए। उनकी गाड़ी के आगे इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं का हुजूम नजर आ रहा है। कार्यकर्ताओं के हाथों में पार्टी के झंडे नजर आ रहे हैं। राहुल गांधी को देखने के लिए सड़क पर काफी भीड़ नजर आई। सड़क के दोनों तरफ लोगों की कतार लगी थी। कुछ लोग राहुल गांधी के करीब आकर उनसे हाथ मिलते भी नजर आए।

Rahul Gandhi LIVE: 10:07 AM - दरभंगा में वोटर अधिकार यात्रा जारी

दरभंगा से वोटर अधिकार यात्रा शुरू हो गई है। इस यात्रा में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, तेजस्वी गांधी और प्रियंका गांधी समेत महागठबंधन से जुड़े सभी दलों के नेता शामिल हैं।

Rahul Gandhi LIVE: 9:50 AM - सीतामढ़ी में रात्रि विश्राम

वोटर अधिकार यात्रा में शामिल नेता गायघाट से चल करीब 70 किमी की दूरी तय कर सीतामढ़ी जिले के रून्नीसैदपुर प्रखंड पहुंचेंगे। यहां शाम के स्नैक्स लेने के बाद काफिला सीतामढ़ी के डुमरा हवाई अड्डे पर बने पड़ाव स्थल पर रात्रि विश्राम के लिए ठहरेगा।

Rahul Gandhi LIVE: 9:30 AM - राहुल गांधी कितने बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेंगे, जान लीजिए

शाम 4 बजे राहुल गांधी की यात्रा फिर से शुरू होगी। इस वक्त वो मुजफ्फरपुर जिले में होंगे। यहां जीरो माइल, मकसूदपुर, मीनापुर विधानसभा, रामपुरहरि, औराई विधानसभा, खनुआ चाट चौक, रुन्नीसैदपुर विधानसभा में राहुल गांधी की यात्रा होगी। इसके बाद वो सीतामढ़ी में रात्रि विश्राम होंगे।

Rahul Gandhi LIVE: 9:20 AM - दरभंगा में किन-किन सड़कों पर नजर आएंगे राहुल गांधी, जान लें

वोटर अधिकार यात्रा का आज 11वां दिन है। दरभंगा के गंगावाटी महावीर स्थान से यह यात्रा शुरू होगी। बिहार कांग्रेस की तरफ से बताया गया है कि यह यात्रा कटहलवाड़ी, बेला रोड, बाघ गोटू, पुराना बस स्टैंड, पीली मस्जिद, शिवधारा चौक, बाजार समिति और फिर गायघाट तक जाएगी। गायघाट के जारंग हाई स्कूल में जनसभा आयोजित की जाएगी।

Rahul Gandhi LIVE: 8:56 AM - जीवछ खाट पर अपने विश्राम स्थल से निकले राहुल गांधी

दरभंगा के जीवछ खाट पर अपने विश्राम स्थल से राहुल गांधी निकल चुके हैं। राहुल गांधी एक खुली जीप में नजर आए। उनके साथ दीपांकर भट्टाचार्य भी नजर आए हैं। महागठबंधन के दिग्गज नेता आज यहां वोटर अधिकार यात्रा में शामिल होंगे।

Rahul Gandhi LIVE: 8:45 AM - मुजफ्फरपुर पहुंचेगी वोटर अधिकार यात्रा

महागठबंधन की वोटर अधिकार दरभंगा में शुरू होने के बाद आज मुजफ्फरपुर पहुंच जाएगी। इस यात्रा में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और तेजस्वी यादव के अलावा महागठबंधन के विभिन्न दिग्गज नेता और कार्यकर्ता शामिल हैं।

Rahul Gandhi LIVE: 8:30 AM - अपने नेता की झलक पाने को भीड़ बेकाबू

दरभंगा जिले में राजे चौक पर घंटों से सड़क किनारे खड़े महागठबंधन के समर्थक राहुल-तेजस्वी जिन्दाबाद के नारेलगा रहे थे। नेताओं के काफिले के वहां पहुंचने के बाद भीड़ बेकाबू हो गयी। अपने नेता की एक झलक पाने के लिए लोग बेताब नजर आ रहे थे, पर राहुल-तेजस्वी सहित अन्य नेताओं का काफिला मुख्य सड़क से तेजी से जीवछ घाट के लिए प्रस्थान कर गया। इससे अपने नेताओं को देखने के लिए घंटों से इंतजार कर रहे लोगों को निराशा हुई।

Rahul Gandhi LIVE: 8:21 AM - नहीं रूक सका राहुल का काफिला

दरभंगा में शाम करीब 06.30 बजे एनएच 27 स्थित राजे टॉल प्लाजा से खुली जीप में एक साथ गुजरते राहुल, प्रियंका, तेजस्वी, दीपंकर व वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी की बातें सुनने व फूल-माला पहनाकर उनका स्वागत करने की कार्यकर्ताओं की लालसा उनके काफिले के नहीं रुकने से पूरी नहीं हो सकी। इससे सैकड़ों की संख्या में वहां खड़े महिला एवं पुरुषों में मायूसी देखी गई।

उन्हें सम्मानित करने के लिए दरभंगा ग्रामीण विधायक ललित कुमार यादव के नेतृत्व में कांग्रेस एवं वीआईपी के कार्यकर्ता आरती की थाली एवं फूल-माला के साथ खड़े थे। अत्यधिक भीड़ के कारण नेताओं का काफिला रुक नहीं सका। मनीगाछी के भट्टपुरा स्थित एनएच पर सैकड़ों गाड़ियों का काफिला पहुंचने पर विधायक ललित कुमार यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में जुटे महागठबंधन के अन्य नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने हाथ हिलाकर उनका स्वागत किया।

Rahul Gandhi LIVE: 8:10 AM - दरभंगा शहर से बाहर कैसे जाएं

दरभंगा शहर से बाहर जाने के लिए कर्पूरी चौक, शोभन चौक होते हुए एनएच के रास्ते बाहर निकल सकते हैं। शहर में प्रवेश करने के लिए भी शोभन-एकमी बाईपास का उपयोग कर कर्पूरी चौक तक वाहन से लोग आ सकते हैं। यातायात व्यवस्था में बदलाव के अलावा सुबह छह से दोपहर तीन बजे तक गंगवाड़ा पावर हाउस से बिजली सप्लाई बंद रहेगी।

Rahul Gandhi LIVE: 8:05 AM - दरभंगा में इस रास्ते पर पचिलान बंद

दरभंगा जिले में आकाशवाणी से डेनबी मोड़ तक जाने वाले रास्ते में परिचालन बंद रहेगा। इस सड़क पर जाने वाले वाहन इनकम टैक्स चौराहा होते हुए शहर में प्रवेश करेंगे। बाजार समिति रोड एनएच से बेला मोड़ तक व्यावसायिक वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। ऐसे वाहन बाजार समिति से शोभन-एकमी होते हुए शहर में प्रवेश करेंगे।

Rahul Gandhi LIVE: 8:00 AM - दरभंगा में वोटर अधिकार यात्रा, बदली ट्रैफिक व्यवस्था

इंडिया गठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा को देखते हुए दरभंगा जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था का बदलाव किया है। बुधवार की सुबह छह बजे से दोपहर तीन बजे तक के लिए रूट को डायवर्ट किया गया है। पुराने एनएच सकरी मोड़ व गंगवाड़ा पावर हाउस से चूनाभट्ठी होते हुए भंडार चौक तक व्यावसायिक वाहनों के आवागमन पर रोक लगायी गयी है।

इनकम टैक्स चौराहे से विश्वविद्यालय मोड़ व डेनबी चौक से होते हुए भंडार चौक की ओर जाने वाले रास्ते पर वाहनों का आना-जाना बंद रहेगा। दिल्ली मोड़ से बाघ मोड़ तक व्यावसायिक वाहनों का आवागमन बंद किया गया है। दिल्ली मोड़ से जिन लोगों को दरभंगा स्टेशन जाना है, वे शोभन-एकमी बाईपास सड़क से लोहिया चौक होते हुए स्टेशन जा सकते हैं।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।