जनजातीय गरिमा उत्सव का आयोजन, सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
पूर्णिया पूर्व में जनजातीय गरिमा उत्सव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनजातीय समुदायों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना और उन्हें योजनाओं से जोड़ना था। कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और लोगों ने आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन किया।

पूर्णिया पूर्व, एक संवाददाता। विभागीय निर्देशानुसार शुक्रवार को गौरा पंचायत के अंदेली हिमतियारपूर गांव में जनजातीय गरिमा उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनजातीय समुदायों तक सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना एवं उन्हें योजनाओं से जोड़ना रहा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रखंड कल्याण पदाधिकारी अभिनाष कुमार, पीआरएस कृष्ण कुमार, शिक्षा सेवक ब्रह्मदेव ऋषि, विकास मित्र टुनटुन ऋषी, श्यामलाल ऋषी, आंगनबाड़ी सेविका मधु कुमारी, पूजा भारती, गुड़िया कुमारी, आशा सोनम कुमारी, गीता देवी सहित कई कर्मी मौजूद रहे। इस अवसर पर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने बताया कि सबसे दूर, सबसे पहले अभियान के तहत जनजातीय बहुल गांवों में विशेष शिविर आयोजित किये जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा तथा उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करने का प्रयास किया।
कार्यक्रम में जानकारी
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, आवास, पेंशन, रोजगार एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही लोगों ने शिविरों में पहुंचकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन किया। जिसमें ग्रामीणो ने जन्म प्रमाणपत्र के लिए आठ, ईश्रम कार्ड के लिए तीन, आयुष्मान कार्ड के लिए 31, मनरेगा जॉब कार्ड के लिए 33, बिजली कनेक्शन के लिए एक, स्वच्छ भारत मिशन के लिए एक एक आवेदन दिया। कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों की अच्छी भागीदारी रही तथा जनजातीय समुदाय के लोगों ने इस पहल का स्वागत किया।
............................
सतकोदरिया में जनजातीय गरिमा उत्सव में उमड़ी भीड़
हरदा, एक संवाददाता।
केनगर प्रखंड अंतर्गत सतकोदरिया पंचायत में सात दिवसीय जनजातीय गरिमा उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। ‘सबसे दूर, सबसे पहले’ अभियान के तहत सतकोदरिया पंचायत के मोहम्मदपुर, देवकी मोहनपुर, ताला टोला, मिलिक एवं मिर्जापुर गांवों में प्रखंड कल्याण पदाधिकारी गुलापशा परवीन, बिहार महादलित विकास मिशन, पटना से प्रतिनियुक्त कुमार उत्कर्ष, मोनी मिश्रा एवं विकास मित्रों द्वारा कार्यक्रम संचालित किया गया। इस दौरान अनुसूचित जनजाति परिवारों के बीच जागरूकता अभियान चलाते हुए स्वास्थ्य, बच्चों की पढ़ाई एवं केंद्र तथा राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। लोगों को वृद्धावस्था पेंशन योजना, राशन कार्ड, रोजगार कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, हर घर नल-जल योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, सुकन्या समृद्धि योजना तथा जीविका योजना समेत अन्य योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने लोगों को आगामी जनसुनवाई शिविर की तिथि की भी जानकारी दी। बताया गया कि शिविर के माध्यम से लाभार्थी विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन कर सकते हैं तथा वंचित परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन