purnia mp Pappu Yadav LIVE update mp mla court bail plea beur jail patna Pappu Yadav LIVE: जेल में बंद पप्पू यादव का बढ़ा इंतजार, जमानत याचिका पर सुनवाई टली, Bihar Hindi News - Hindustan
More

Pappu Yadav LIVE: जेल में बंद पप्पू यादव का बढ़ा इंतजार, जमानत याचिका पर सुनवाई टली

Pappu Yadav LIVE: पप्पू यादव पर चल रहा यह मामला वर्ष 1995 का है। आरोप के अनुसार शैलेंद्र प्रसाद नामक एक व्यक्ति ने शिकायतकर्ता का मकान किराए पर लिया। बाद में पता चला कि वह मकान पप्पू यादव ने धोखाधड़ी पूर्वक अपना कार्यालय चलाने के लिए लिया था।

Mon, 9 Feb 2026 02:29 PMNishant Nandan लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
Pappu Yadav LIVE: जेल में बंद पप्पू यादव का बढ़ा इंतजार, जमानत याचिका पर सुनवाई टली

Pappu Yadav LIVE: बिहार के पूर्णिया से सांसद और कांग्रेस नेता राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की जमानत याचिका पर सोमवार को सुनवाई नहीं हो सकी। जाहिर है जमानत के लिए अब सांसद का इंतजार और बढ़ गया है। बता दें कि इससे पहले रविवार की दोपहर पप्पू यादव को पीएमसीएच के कैदी वार्ड से बेऊर जेल भेज दिया गया। डॉक्टरों की टीम ने उनका स्वास्थ्य जांच के बाद उन्हें भर्ती योग्य नहीं पाया था। जेल भेजे जाने से पहले डॉक्टरों की टीम ने उनकी सेहत सामान्य पाया था। डॉक्टरों ने कहा था कि सांसद का बीपी बढ़ा हुआ है पर इसकी नियमित दवा ले रहे हैं। खतरे की बात नहीं है।

सीने और पीठ में दर्द होने पर उनका उपचार किया गया तथा जरूरी दवाएं दे दी गई हैं। जेल में भी डॉक्टर ख्याल रखेंगे। पीएमसीएच के अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने बताया था कि डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें डिस्चार्ज करने की सलाह दी थी। बता दें कि धोखाधड़ी पूर्वक मकान किराया पर लेने और धमकी देने के करीब 31 साल पुराने एक मामले में पटना की एक विशेष अदालत ने सांसद पप्पू यादव को दो दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा था।

Pappu Yadav LIVE Update-:

14:10 PM- Pappu Yadav LIVE: सोमवार सुबह पटना सिविल कोर्ट को आरडीएक्स और आईईडी से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला। इसके बाद पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गया। एमपी-एमएलए कोर्ट को भी एहतियातन खाली कराया गया। जगह-जगह तलाशी अभियान चला और कोर्ट की नियमित कार्यवाही प्रभावित हुई।

13:29 PM- Pappu Yadav LIVE: पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आरोप लगाया था कि भाजपा एवं उसके सहयोगी दल अत्याचार के साथ खड़े हुए हैं। उन्होंने 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए कहा था , ''पटना के हॉस्टल में नीट की तैयारी कर रही छात्रा के साथ बलात्कार और हत्या का मामला झकझोर देने वाला है। यह मामला सामने आने के बाद सरकार का रवैया उससे भी ज्यादा खौफनाक है।'' प्रियंका ने कहा, ''प्राथमिकी दर्ज होने से लेकर जांच और कार्रवाई तक सबकुछ संदिग्ध बना दिया गया है। यह सब किसे बचाने के लिए किया जा रहा है?''

उन्होंने कहा कि हाथरस, उन्नाव से लेकर अंकिता भंडारी और पटना तक- जहां भी महिलाओं के साथ अत्याचार होता है, भाजपा की सरकारें पीड़िता को न्याय दिलाने की जगह आरोपियों के साथ खड़ी हो जाती हैं। प्रियंका ने आरोप लगाया कि इस मामले में आवाज उठा रहे सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी इसी असंवेदनशील रवैये की एक और कड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और उसके सहयोगियों का एजेंडा स्पष्ट है कि वे अन्याय और अत्याचार के साथ खड़े हैं।

13:19 PM- Pappu Yadav LIVE: पप्पू यादव की कोर्ट में पेशी नहीं होगी। पटना के एमपी-एमएलए कोर्ट में पप्पू यादव को पेश होना था। अदालत में पप्पू यादव की जमानत याचिका पर सुनवाई होनी थी। लेकिन अब सुनवाई आगे के लिए टल गई है।

13:15 PM- Pappu Yadav LIVE: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा सदस्य राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की गिरफ्तारी को राजनीतिक प्रतिशोध करार देते हुए शनिवार को कहा कि बिहार में नीट आकांक्षी की मौत के मामले में इंसाफ की आवाज उठाने पर उन्हें डराया और धमकाया जा रहा है। पटना पुलिस ने 35 साल पुराने एक मामले में निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को गिरफ्तार किया है। राहुल गांधी ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''पटना में नीट की आकांक्षी छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत और उसके बाद की पूरी कार्रवाई ने एक बार फिर व्यवस्था की गहरी सड़ांध को उजागर कर दिया है।'' उन्होंने दावा किया कि पीड़ित परिवार ने जब निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की, तो वही पुराना भाजपा-राजग मॉडल सामने आ गया कि मामले को भटकाओ, परिजनों को प्रताड़ित करो और अपराधियों को सत्ता का संरक्षण दो।

राहुल गांधी ने कहा, ''इस बेटी के लिए न्याय की आवाज़ बनकर साथी सांसद पप्पू यादव जी मजबूती से खड़े हुए। उनकी गिरफ़्तारी साफ़ तौर पर राजनीतिक प्रतिशोध है ताकि जवाबदेही मांगने वाली हर आवाज़ को डराया और दबाया जा सके।''

उन्होंने कहा कि सबसे चिंताजनक तथ्य यह है कि यह घटना किसी एक मामले तक सीमित नहीं दिखती। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ''यह एक भयावह साजिश एवं खतरनाक चलन की ओर इशारा करती है, जहां और भी बेटियां शिकार बन रही हैं और सत्ता इस खौफ़नाक सच्चाई से आंखें मूंदकर बैठी है। यह राजनीति नहीं, इंसाफ़ का सवाल है। यह बिहार की बेटी की इज़्ज़त और सुरक्षा का सवाल है।''

12:31 PM- Pappu Yadav LIVE: बता दें कि पप्पू यादव ने वर्ष 1995 में पटना के गर्दनीबाग इलाके में अपनी पार्टी की गतिविधियां चलाने के लिए मालिक को धोखे में रखकर एक घर किराए पर लिया था । शैलेंद्र प्रसाद नाम के एक व्यक्ति ने अपने नाम पर एक घर किराए पर लिया था, लेकिन बाद में मालिक को पता चला कि पप्पू यादव इसका इस्तेमाल पार्टी की गतिविधियां चलाने के लिए कर रहे हैं। जब सांसद पप्पू यादव ने मकान मालिक के बार-बार अनुरोध करने के बावजूद घर खाली करने से इंकार कर दिया, तो पप्पू यादव, शैलेंद्र प्रसाद और चंद्र नारायण के खिलाफ गर्दनीबाग थाना में इस संबंध में एक मामला दर्ज किया गया।

12:17 PM- Pappu Yadav LIVE: पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को अभी जेल में ही रहना पड़ सकता है। कुछ मीडिया रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि पप्पू यादव की जमानत याचिका पर सुनवाईआज के लिए टल गई है। सांसद के जमानत याचिका पर कल यानी मंगलवार को सुवनाई हो सकती है।

12:09 PM- Pappu Yadav LIVE: पटना पुलिस ने 35 साल पुराने एक मामले में निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को शुक्रवार देर रात गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद पप्पू यादव को चिकित्सीय जांच के लिए इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस) ले जाया गया था। उनकी गिरफ्तारी पटना स्थित आवास से हुई थी। शहर के मन्दिरी इलाके में पूर्णिया से सांसद यादव के आवास पर आई पुलिस टीम को सासद ने वापस जाने भी कह दिया था और आश्वासन दिया कि वह शनिवार को अदालत में पेश होंगे। हालांकि, पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था।

11:45 AM- Pappu Yadav LIVE: पूर्णिया सांसद पप्पू यादव की जमानत अर्जी पर सुनवाई से पहले पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिले को लेकर सनसनी फैल गई है। ईमेल के जरिए पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। फिलहाल कोर्ट परिसर को खाली कराया गया है और पुलिस वहां जांच-पड़ताल कर रही है।

11:30 AM- Pappu Yadav LIVE: पप्पू यादव ने दावा किया है कि उन्हें इसलिए निशाना बनाया जा रहा है क्योंकि वह राज्य सरकार की आलोचना कर रहे हैं, खासकर हाल में एक नीट अभ्यर्थी की मौत के मामले को लेकर, जिसकी जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपी गई है।

11:20 AM- Pappu Yadav LIVE: बताया जाता है कि पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने वर्ष 1995 में पटना के गर्दनीबाग इलाके में अपनी पार्टी की गतिविधियां चलाने के लिए मालिक को धोखे में रखकर एक घर किराए पर लिया था । शैलेंद्र प्रसाद नाम के एक व्यक्ति ने अपने नाम पर एक घर किराए पर लिया था, लेकिन बाद में मालिक को पता चला कि पप्पू यादव इसका इस्तेमाल पार्टी की गतिविधियां चलाने के लिए कर रहे हैं। जब सांसद श्री यादव ने मकान मालिक के बार-बार अनुरोध करने के बावजूद घर खाली करने से इंकार कर दिया, तो पप्पू यादव, शैलेंद्र प्रसाद और चंद्र नारायण के खिलाफ गर्दनीबाग थाना में इस संबंध में एक मामला दर्ज किया गया।

11:06 AM- Pappu Yadav LIVE: पप्पू यादव को अदालत से जमानत मिलेगी या फिर वो अभी जेल में ही रहेंगे। आज कोर्ट में सांसद की जमानत याचिका पर थोड़ी देर में सुनवाई होगी। पटना पुलिस सांसद पप्पू यादव को बेऊर जेल से लेकर आएगी।

10:50 AM- Pappu Yadav LIVE: पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले यादव ने शुरू में पुलिस की टीम के साथ जाने से इनकार कर दिया था। उनका कहना था कि पुलिस के पास संपत्ति कुर्की का वारंट है, गिरफ्तारी का नहीं। हालांकि बाद में उन्हें हिरासत में ले लिया गया। अदालत में यादव की ओर से पेश हुए अधिवक्ता शिवनंदन भारती ने कहा, "उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। हालांकि जेल भेजने के बजाय अदालत ने आदेश दिया कि उनकी तबीयत ठीक नहीं होने के कारण उन्हें इलाज के लिए पीएमसीएच में रखा जाए।"

अधिवक्ता ने दावा किया कि था कि पप्पू यादव ने स्वेच्छा से गिरफ्तारी दी थी, लेकिन पुलिस के काम में बाधा डालने का एक "झूठा मामला" उनके खिलाफ दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा था कि उनकी जमानत जुलाई 2025 में रद्द हो गई थी और तब से उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी था। पुलिस चाहती तो उसी दिन उन्हें गिरफ्तार कर सकती थी, लेकिन ऐसा नहीं किया। वे मौके का इंतजार कर रहे थे और अब उन्हें इसलिए गिरफ्तार किया गया, क्योंकि वह बिहार में महत्वपूर्ण मुद्दे उठा रहे थे।

10:37 AM- Pappu Yadav LIVE: बिहार के पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले पप्पू यादव को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 467 (दस्तावेजों की जालसाजी) के तहत दर्ज एक मामले के सिलसिले में शुक्रवार रात मंदिरी स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया गया था। पटना की एक अदालत ने शनिवार को उन्हें दो दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। हालांकि, खराब स्वास्थ्य के कारण वह सोमवार को अगली सुनवाई तक पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) में ही रहेंगे।

कांग्रेस कार्यकर्ता प्रेमचंद सिंह ने आरोप लगाया कि राजग सरकार ''राज्य की बेटियों को न्याय दिलाने में विफल साबित हो रही है'' और इसके बजाय ''आवाज उठाने वालों को जेल में डाल रही है।'' वहीं, एक अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता आरती राय ने पप्पू यादव की रिहाई की मांग करते हुए कहा कि वह एक ऐसे नेता हैं, जो बिहार के आम लोगों से जुड़ाव रखते हैं।

10:27 AM- Pappu Yadav LIVE: बिहार कांग्रेस ने सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की गिरफ्तारी और नीट छात्रा मामले में पुलिस की असंवेदनशीलता के विरोध में रविवार को प्रदर्शन किया। सदाकत आश्रम के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन तथा पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने एनडीए सरकार पर दोषियों को बचाने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि नीट छात्रा को न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ने पर ही सांसद पप्पू यादव को पुराने मामले में गिरफ्तार किया गया है।

सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी निंदनीय है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बच्चियों और महिलाओं की सुरक्षा, न्याय और अधिकारों की हर लड़ाई का नेतृत्व कांग्रेस ने किया है और आगे भी करती रहेगी। कांग्रेसियों ने छात्रा और उसके परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। साथ ही राजनीतिक प्रतिशोध को बंद करने की मांग की। प्रदर्शन में राष्ट्रीय मीडिया को-आर्डिनेटर संजीव सिंह, रौशन कुमार सिंह, कुमार आशीष, पंकज यादव, असितनाथ तिवारी, मनोज शर्मा, राजीव मेहता, मृणाल अनामय, गुरुदयाल सिंह, प्रेमचन्द्र सिंह, दौलत इमाम आदि मौजूद रहे।

10:18 AM- Pappu Yadav LIVE: पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को गर्दनीबाग पुलिस ने करीब 31 साल पुराने एक मामले में शुक्रवार की आधी रात को गिरफ्तार कर लिया था। पटना में मंदिरी स्थित आवास पर गिरफ्तारी के पहले करीब ढाई घंटे तक तनातनी की स्थिति रही थी। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए डटी रही और उधर, सांसद और उनके समर्थक अड़े रहे। गिरफ्तारी के दौरान उनके समर्थकों ने पुलिस को रोकने की कोशिश भी की थी। अंतत: रात 12 बजे पुलिस उन्हें गाड़ी में बैठाकर चिकित्सकीय जांच के लिए आईजीआईएमएस ले गई थी। पुलिस के मुताबिक यह मामला पटना के गर्दनीबाग थाना (कांड संख्या 552/95) का वर्ष 1995 का है, जिसमें कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी था।

पुलिस की विशेष टीम इसी का तामिला कराने रात करीब साढ़े नौ बजे मंदिरी पहुंची थी। पप्पू यादव इस बात पर अड़ गये थे कि उनकी तबियत ठीक नहीं है और वह नहीं जायेंगे। उन्हें दवाएं दी गईं। आधी रात तक दोनों पक्षों में रस्साकशी और मान-मनौव्वल चलता रहा। गिरफ्तारी के बाद पप्पू यादव ने इसे राजनीतिक बदले की भावना से कार्रवाई बताया और जान पर खतरे की आशंका भी जताई थी।

9:59 AM- Pappu Yadav LIVE: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की पटना जिला परिषद ने पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी की घोर निंदा की है। इसे बिहार सरकार की कायराना कार्रवाई बताया है। भाकपा पटना जिला परिषद के सचिव विश्वजीत कुमार ने कहा कि आज जब वे पूर्णिया के सांसद हैं और महिलाओं तथा समाज की समस्या उठा रहे हैं, एक 31 साल पुराने मामले में रात के अंधेरे में उन्हें गिरफ्तार करना सरकार की कमजोरी को प्रदर्शित करता है। इसकी भाकपा की पटना जिला परिषद घोर निंदा करती है और अविलंब रिहाई की मांग करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब से बिहार में बीजेपी के गृहमंत्री हुए हैं बेटियों-महिलाओं पर हमले तेज हुए हैं।

9:44 AM- Pappu Yadav LIVE: पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर क्या बोले शिवानंद तिवारी

पूर्व मंत्री शिवानंद तिवारी ने निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी की आलोचना की है। रविवार को जारी बयान में उन्होंने कहा कि वे ऐसे एकमात्र राजनेता हैं, जिन्होंने तीन बार निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव जीतने का रिकॉर्ड बनाया है। छह बार के सांसद हैं। बिहार की राजनीति में शायद ही कोई ऐसा नेता हो, जो इतनी ऊर्जा और फुर्ती के साथ हर जगह मौजूद रहता हो।

उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान यह पूरे बिहार ने देखा कि पप्पू यादव बिना मास्क के श्मशान घाट पर मौजूद रहते थे। कंकड़बाग इलाके में जब छाती भर पानी भरा हुआ था, लोग पीने के पानी को तरस रहे थे तब पप्पू यादव लोगों तक पीने का पानी पहुंचा रहे थे। आज वही पप्पू यादव गिरफ्तार हैं। बताया जा रहा है कि उनकी गिरफ्तारी किसी पुराने मामले में हुई है।

देश की न्याय व्यवस्था की यह एक विडंबना है कि मुकदमे 25–30 वर्षों तक चलते रहते हैं और अचानक किसी एक दिन गिरफ्तारी हो जाती है। पप्पू यादव की गिरफ्तारी ने एक बार फिर न्यायपालिका और पुलिस के काम करने के तरीके पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। हमें विश्वास है कि उन्हें जल्द जमानत मिल जाएगी।

9:36 AM- Pappu Yadav LIVE: सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के समर्थकों ने उनकी कथित गलत तरीके से गिरफ्तारी के खिलाफ तथा सकुशल रिहाई की मांग को लेकर पूर्णिया के अर्जुन भवन में एक अहम बैठक आयोजित की। बैठक में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार एवं पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पप्पू यादव एक बेटी को न्याय दिलाने के लिए ईमानदारी से संघर्ष कर रहे थे, लेकिन उन्हें राजनीतिक साजिश के तहत गिरफ्तार किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए बबलू भगत, इस्राइल आजाद, अफरोज आलम मुखिया और संजय सिंह ने कहा कि पप्पू यादव की गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं हाई शुगर, फैटी लीवर, रीढ़ की हड्डी में दर्द, पैर की परेशानी आदि को नजरअंदाज कर उनके साथ एक दुर्दांत अपराधी जैसा व्यवहार किया गया। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार कानून का दुरुपयोग कर एक जननेता को फंसाने का प्रयास कर रही है।

9:23 AM- Pappu Yadav LIVE: पटना पुलिस ने अदालत से जारी वारंट और कुर्की जप्ती आदेश के बाद पप्पू यादव को सांसदों एवं विधायकों के आपराधिक मामलों की सुनवाई के लिए गठित विशेष अदालत के न्यायाधीश प्रवीण कुमार मालवीय के समक्ष पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल से लाकर पेश किया था। गिरफ्तारी के बाद तबीयत खराब होने की स्थिति में पप्पू यादव को पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पुलिस ने भर्ती कराया था। अदालत ने पप्पू यादव को न्यायिक हिरासत में लेने के बाद वापस इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजे जाने का आदेश दिया था।

9:14 AM- Pappu Yadav LIVE: पप्पू यादव पर क्या है आरोप

यह मामला वर्ष 1995 का है। आरोप के अनुसार शैलेंद्र प्रसाद नामक एक व्यक्ति ने शिकायतकर्ता का मकान किराए पर लिया। बाद में पता चला कि वह मकान श्री यादव ने धोखाधड़ी पूर्वक अपना कार्यालय चलाने के लिए लिया था। शिकायतकर्ता ने इस संबंध में गर्दनीबाग थाना में प्राथमिकी संख्या 552/ 1995 दर्ज कराई थी। मामले में लगातार अनुपस्थिति के कारण अदालत ने पूर्व में श्री यादव समेत इस मामले के तीन अभियुक्तों के खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट और इश्तेहार जारी किया था , जिसके बाद तीन फरवरी 2026 को कुर्की जप्ती का आदेश भी जारी किया गया था।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।