Prashant Kishor charges consultancy fee of 11 crores for two hours paid 51 crores in GST and Income tax in last 3 years 2 घंटे सलाह देने के 11 करोड़ लेते हैं प्रशांत किशोर, 51 करोड़ तो GST और इनकम टैक्स में चला गया, Bihar Hindi News - Hindustan
More

2 घंटे सलाह देने के 11 करोड़ लेते हैं प्रशांत किशोर, 51 करोड़ तो GST और इनकम टैक्स में चला गया

जन सुराज पार्टी के नेता प्रशांत किशोर ने राजनीतिक और कॉरपोरेट कंसल्टेंसी से अपनी करोड़ों की कमाई की एक झलक सोमवार को दिखा दी। पीके ने कहा कि पिछले तीन साल (वित्त वर्ष) में उन्होंने सलाह देने के बदले 241 करोड़ रुपये की फीस ली।

Mon, 29 Sep 2025 09:29 PMRitesh Verma लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
2 घंटे सलाह देने के 11 करोड़ लेते हैं प्रशांत किशोर, 51 करोड़ तो GST और इनकम टैक्स में चला गया

बिहार में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के पांच बड़े नेताओं पर हमले दर हमले कर रहे जन सुराज पार्टी के सुप्रीमो प्रशांत किशोर ने कंसल्टेंसी से होने वाली करोड़ों की कमाई की एक झलक दिखा दी है। उन्होंने सोमवार को बताया कि पिछले तीन साल (वित्त वर्ष) में राजनीतिक पार्टियों और कॉरपोरेट हाउसों को सलाह देने के बदले उन्होंने 241 करोड़ रुपये की फीस ली और इस आय पर 51 करोड़ रुपये का जीएसटी और आयकर भी जमा कराया। प्रशांत किशोर ने बताया कि इसी कमाई से उन्होंने जन सुराज पार्टी को 98 करोड़ रुपये का चंदा भी दिया है।

सम्राट चौधरी, अशोक चौधरी, मंगल पांडेय, दिलीप जायसवाल और संजय जायसवाल से सवाल पर सवाल पूछ रहे प्रशांत किशोर और जन सुराज पार्टी की फंडिंग पर संजय जायसवाल समेत कई नेताओं ने प्रश्न उठाया था। अशोक चौधरी पर आरोपों की तीसरी और सम्राट चौधरी पर आरोपों की दूसरी किस्त जारी करने से पहले प्रशांत किशोर ने सोमवार को तीन साल की कमाई और उस पैसे के खर्च का हिसाब दिया। बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के नेताओं के खिलाफ पीके ने कई हफ्तों से मोर्चा ही खोल रखा है।

प्रशांत किशोर की 3 साल की कमाई 241 करोड़, जन सुराज पार्टी को चंदा में 98 करोड़ दान कर दिया

जन सुराज पार्टी के सूत्रधार ने कहा- “बीजेपी के कुछ छुटभैया लोगों ने सवाल उठाया कि प्रशांत किशोर के पास पैसा कहां से आता है, पटना में जमीन खरीदी है, शेल कंपनी है, मीडिया भी पूछ रहा है कि जन सुराज के पास पैसा कहां से आता है।… जैसे सावन के अंधे को सब हरियाली ही दिखता है, बिहार के चोर नेताओं को सब चोर दिखता है। बिहार के लोग जान लें कि जन सुराज पार्टी को पैसा कहां से आया है, किस माध्यम से आया है और वो कहां खर्च हो रहा है।”

प्रशांत किशोर के खिलाफ पटना में लगे गुमनाम पोस्टर, जमीन खरीद को लेकर आरोप

उन्होंने कहा- “पैसा सरस्वती से आता है। उनके माध्यम से आता है, जिनकी हमने मदद की। वो पैसा देते हैं। बिहार में नई व्यवस्था बनाने के लिए किसी बालू माफिया, शराब माफिया, भ्रष्ट लोगों की मदद ना लेनी पड़े। गरीब से गरीब आदमी में भी अगर जज्बा है, ताकत है, चुनाव लड़ाया जा सकता है तो इसके लिए जन सुराज के पास साधन होना चाहिए। इसके लिए हमने लोगों से पैसा मांगना शुरू किया है। जब अभियान शुरू किया था, तब तय किया था कि बिहार के लोग पैसा दें या ना दें, मैं अपने जीवन का सब कुछ बिहार की व्यवस्था सुधारने में लगाऊंगा। सनातन धर्म में कहा जाता है कि दान की चर्चा नहीं करनी चाहिए, इसलिए पहले नहीं बताया था।”

सम्राट चौधरी को मर्डर केस में गिरफ्तार करे सरकार; प्रशांत किशोर बोले- बर्खास्त करके जेल भेजें नीतीश

उन्होंने कहा- “हमको पैसा दो जगह से मिलता है। एक जिसको हम लोग सलाह देते हैं, जिसको आप लोग राजनीतिक कंसल्टिंग कह लीजिए। या जो भी आदमी हमसे सलाह मांगता है। जीवन में कभी किसी से फीस नहीं लिया। लेकिन जब बिहार का अभियान शुरू किए तो यह तय किया कि अब हम फीस लेंगे क्योंकि हमको समाज के लिए पैसा चाहिए।”

प्रशांत किशोर ने सम्राट चौधरी का नाम शिल्पी-गौतम केस से जोड़ा, 1999 में मौत से हिल गया था बिहार

प्रशांत किशोर ने कहा- “2021-22 से जिसने भी प्रशांत किशोर से मदद ली है, जिसने भी सलाह लिया है, चाहे वो कंपनी हो या पॉलिटिकल पार्टी, किसी कंपनी या बड़े बिजनेस हाउस को भी सलाह चाहिए तो मैं फीस लेता हूं। पिछले तीन साल में मेरे बैंक खाते या मुझसे जुड़ी संस्थाओं के खाते में कुल 241 करोड़ रुपये फीस के तौर पर आए। इस पर 30.95 करोड़ रुपये जीएसटी का भुगतान किया गया। 98.75 करोड़ जन सुराज पार्टी को डोनेशन में दिया। जो बच गया खर्च होने के बाद, उस पर 20 करोड़ आयकर दिया। सलाह देते हैं तो उसका पैसा लेते हैं। सैकड़ों करोड़ लेते हैं। चोरी नहीं करते हैं। सरस्वती का खाते हैं। चेक से पैसा लेते हैं।”

खोजी पत्रकार बन गए हैं प्रशांत किशोर; जन सुराज के आरोपों पर सम्राट चौधरी का तंज भरा जवाब

प्रशांत किशोर ने कहा- “बिहार में पैसा कमाने नहीं आए हैं। अपनी खून-पसीने की कमाई लगा रहे हैं कि बिहार में गरीब से गरीब आदमी भी सुधार के लिए कुछ करना चाहता है तो उसे पैसा के लिए पीछे ना हटना पड़े। अगले 10 साल तक, जब तक व्यवस्था नहीं सुधरेगी, शरीर बेचकर भी पैसा लाना होगा तो लाएंगे, लेकिन बिहार में चोरी की राजनीति को खत्म करके ही दम लेंगे।”

प्रशांत किशोर शराब वालों से पैसा ले रहे, लालू यादव लाए हैं वोट काटने: बोले संजय जायसवाल

प्रशांत किशोर ने नवयुगा कंस्ट्रक्शन से जन सुराज पार्टी को मिले 11 करोड़ के चंदे को स्वीकार किया और कहा कि ये कोई घूस का पैसा नहीं है। उन्होंने कहा कि इस कंपनी को उन्होंने 2 घंटे सलाह देने के एवज में 11 करोड़ रुपये जन सुराज पार्टी को दान में देने के लिए कहा था। प्रशांत किशोर इस हिसाब से सलाह देने के लिए एक घंटे का 5.50 करोड़ रुपये फीस चार्ज करते हैं।

अशोक चौधरी ने ठेकों में 5 परसेंट कमीशन लिया, 500 करोड़ की संपत्ति बनाई; प्रशांत किशोर का नया आरोप

उन्होंने कहा- “11 करोड़ 2 घंटा सलाह का लिए हैं। उनको एक प्रोडक्ट लॉन्च करना है। उनको सलाह चाहिए था। तो हमने कहा कि पार्टी को 11 करोड़ डोनेट करो तो 2 घंटा सलाह देंगे। यह बिहार के लड़के की ताकत है। चोरी नहीं करते हैं। घूस नहीं लेते हैं। मेहनत करते हैं और फीस लेते हैं। खर्च काटकर जो पैसा बच जाता है, पार्टी को दान कर देते हैं।”

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।