Prashant Kishor and Ashok Choudhary dispute PK warns to not mess with him प्रशांत किशोर और अशोक चौधरी का झगड़ा बढ़ा, पीके बोले- उन्हें पता नहीं किससे पंगा ले रहे, Bihar Hindi News - Hindustan
More

प्रशांत किशोर और अशोक चौधरी का झगड़ा बढ़ा, पीके बोले- उन्हें पता नहीं किससे पंगा ले रहे

प्रशांत किशोर ने कहा कि सरेआम चर्चा है कि इन लोगों (अशोक चौधरी) ने टिकट खरीदा है। वह खुद जेडीयू के नेता हैं और उनकी बेटी एलजेपी में जाती है, उसे टिकट मिल जाता है और वह चुनाव जीत जाती है।

Wed, 4 June 2025 07:01 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
प्रशांत किशोर और अशोक चौधरी का झगड़ा बढ़ा, पीके बोले- उन्हें पता नहीं किससे पंगा ले रहे

जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर और नीतीश सरकार में जेडीयू कोटे से मंत्री अशोक चौधरी के बीच विवाद गहराता जा रहा है। अब पीके ने चौधरी को ललकारते हुए कहा कि उन्हें पता नहीं कि वह किससे पंगा ले रहे हैं। हम उनसे यहां से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक लड़ेंगे। पीके ने यह भी कहा कि वह किसी एफआईआर से डरते नहीं है। दरअसल, प्रशांत किशोर ने जेडीयू मंत्री की बेटी एवं समस्तीपुर से सांसद शांभवी चौधरी के लिए 'लेन-देन' कर लोकसभा चुनाव का टिकट लेने की बात कही थी। इस पर अशोक चौधरी ने पीके के खिलाफ पटना सिविल कोर्ट में मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया। बिहार विधानसभा चुनाव से चंद महीने पहले दोनों नेताओं का यह झगड़ा सियासी गलियारे में चर्चा का विषय बना हुआ है।

सारण जिले के तरैया में बुधवार को मीडिया से बातचीत में प्रशांत किशोर ने मंत्री अशोक चौधरी पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने कहा, “अशोक चौधरी जैसे कितने आए और गए, इनसे प्रशांत किशोर डरने वाला नहीं है। 3 साल से पैदल घूम रहे हैं, एक सिपाही भी साथ में लेकर नहीं चले हैं। फिर से रिपीट कर रहे हैं। बिहार में सरेआम चर्चा है कि इन लोगों ने टिकट खरीदा है। अपने बच्चों के लिए ये लोग दूसरे दल से टिकट खरीदते हैं। खुद को ईमानदार बताते हैं। खुद जेडीयू के नेता हैं, एलजेपी में इनकी लड़की आती है, उसे टिकट मिल गया, वो एमपी बन गई। यह हम नहीं जनता और एलजेपी के लोग कह रहे हैं। इसमें डरने की कोई बात नहीं है। अशोक चौधरी को यहां से सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाएंगे। उन्हें पता नहीं है किससे उलझ रहे हैं।”

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:PK बोल रहे, मोदी कहें तो भी नीतीश को मत चुनना; BJP के वोटर टूटे तो फायदा किसका?
ये भी पढ़ें:हमको डराने वाला कोई पैदा नहीं हुआ, अशोक चौधरी के केस करने पर बोले प्रशांत किशोर

शांभवी चौधरी के लिए टिकट खरीदने के दावे के बाद अशोक चौधरी ने प्रशांत किशोर के खिलाफ अदालत का दरवाजा खटखटाया। मंत्री ने मंगलवार को कहा कि वह बीते 30 साल से राजनीति में हैं। इस तरह से कोई उनकी इमेज खराब नहीं कर सकता है। पीके ने जो कहा है कि अपनी बेटी शांभवी चौधरी के लिए टिकट खरीदा है, तो उन्हें यह बात साबित करनी होगी। नहीं तो उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी होगी।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।