Modi in Purnea: बिहार की तुलना बीड़ी से करते हैं; घुसपैठियों को लेकर कांग्रेस-आरजेडी पर बरसे मोदी PM Modi bihar visit Live update purnia airport vande bharat express amrit bharat train - bihar news
More
Hindi NewsबिहारModi in Purnea: बिहार की तुलना बीड़ी से करते हैं; घुसपैठियों को लेकर कांग्रेस-आरजेडी पर बरसे मोदी

Modi in Purnea: बिहार की तुलना बीड़ी से करते हैं; घुसपैठियों को लेकर कांग्रेस-आरजेडी पर बरसे मोदी

बिहार दौरे पर आए पीएम मोदी ने पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। साथ ही 40000 करोड़ की योजनाओं की सौगात दी। इस मौके पर उन्होने आरजेडी और कांग्रेस को निशाना साधा। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस वाले बिहार की तुलना बीड़ी से करते हैं। वोटबैंक के लिए आरजेडी और कांग्रेस घुसपैठियों को बचाने में लगे हैं।

Modi in Purnea: बिहार की तुलना बीड़ी से करते हैं; घुसपैठियों को लेकर कांग्रेस-आरजेडी पर बरसे मोदी

PM MODI IN PURNIA RALLY

Nishant Nandan| लाइव हिन्दुस्तान,पूर्णिया | Mon, 15 Sep 2025 05:50 PM
हमें फॉलो करें

PM Modi Bihar Visit: सोमवार को एक दिन के बिहार दौरे पर आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। उन्होने हरी झंडी दिखाकर पूर्णिया से पहली कमर्शियल फ्लाइट को हरी झंडी भी दिखाई। साथ ही चार ट्रेनों की सौगात भी दी। यहीं से बिहार को 40 हजार करोड़ की योजनाओं का तोहफा दिया। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने आरजेडी और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होने कहा कि कांग्रेस वाले बिहार की तुलना बीड़ी से करते हैं। ये लोग बिहार को आगे बढ़ता नहीं देख सकते हैं। मोदी ने कहा कि वोटबैंक के लिए आरजेडी और कांग्रेस उनके बचाव में उतर गई है। घुसपैठियों की वकालत कर रही है। लेकिन भारत में भारत का कानून चलेगा। इस दौरान राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खां और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत कई केंद्रीय मंत्री और एनडीए के तमाम नेता मौजूद रहे। आपको बता दें कि तीन सप्ताह के अंदर प्रधानमंत्री दूसरी बार बिहार आए हैं।

15 Sept 2025, 05:14:52 PM IST

PM Modi Live: 22 सितंबर से देश में जीएसटी कम हो जाएगी- मोदी

नवरात्र के पहले दिन 22 सितंबर से देश में जीएसटी एकदम कम हो जाएगी। आपकी रोजमर्रा की जरूरत पर भारी कमी की गई है। माता-बहनों की रसोई का खर्च बहुत कम होने वाला है। खाने की चीजें कम हो जाएगी। त्योहार में बच्चों के लिए नए कपड़े खरीदना सस्ता होगा।

15 Sept 2025, 05:12:50 PM IST

PM Modi Live: घुसपैठ पर लगाम लगाने के लिए डेमोग्रामी मिशन- मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि सीमांचल और पूर्वी भारत में घुसपैठियों के कारण डेमोग्राफी के कारण कितना बड़ा संकट खड़ा हो चुका है, बिहार, बंगाल, असम कई राज्‍यों के लोग अपनी बहनों बेटियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित है। इसलिए भी मैंने डेमोग्रामी मिशन की घोषणा की है, लेकिन वोट बैंक का स्‍वार्थ देखिए कांग्रेस, आरजेडी और उसके ईको सिस्‍टम के लोग घुसपैठियों की वकालत करने में जुटे हैं। उन्‍हें बचाने में लगे हैं और बेशर्मी के साथ विदेश से आए घुसपैठियों के लिए यह नारे लगा रहे हैं। यात्राएं निकाल रहे हैं।

15 Sept 2025, 05:05:48 PM IST

PM Modi Live: आरजेडी-कांग्रेस को सिर्फ परिवार की चिंता- मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि आरजेडी -कांग्रेस के लिए अपने परिवार की चिंता ही सबसे बड़ा काम है, लेकिन मोदी के लिए जनता ही उसका परिवार है। इसलिए मैं कहता हूं… सबका साथ, सबका विकास।

15 Sept 2025, 05:04:20 PM IST

PM Modi Live: एनडीए के राज में महिलाएं ड्रोन दीदी बन रही हैं- मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि आरजेडी के राज में हत्या, बलात्कार जैसी घटनाएं आम थी। वहीं अब एनडीए की सरकार में महिलाएं जीविका दीदी और ड्रोन दीदी बन रही हैं।

15 Sept 2025, 05:03:04 PM IST

PM Modi Live: आरजेडी-कांग्रेस कान खोल कर सुन ले, घुसपैठियों को देश से बाहर जाना ही होगा- मोदी

देश में जो भी घुसपैठिया है, उसे बाहर जाना ही होगा। घुसपैठ पर ताला लगाना एनडीए की पक्की जिम्मेदारी है। जो इन लोगों को बचाने में जुटे है, उन्हें बता हूंं भारत में भारत का कानून चलेगा। घुसपैठियों की मनमानी नहीं।

15 Sept 2025, 04:59:25 PM IST

PM Modi Live: कांग्रेस बीड़ी से बिहार तुलना करती है- मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी बिहार की तुलना बीड़ी कर रही है। ये लोग बिहार को आगे बढ़ता नहीं देख सकते हैं

15 Sept 2025, 04:57:12 PM IST

PM Modi Live: पिछली सरकारों ने मखाना और किसानों की उपेक्षा की- मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि पिछली सरकारों ने मखाना और मखाना किसानों की भी उपेक्षा की। जो आजकर यहां घूम रहे हैं, उन्होने मेरे आने से पहले मखाने का नाम भी नहीं सुना होगा।

15 Sept 2025, 04:55:35 PM IST

PM Modi Live: आरजेडी और कांग्रेस के कुशासन का नुकसान पूर्णिया ने झेला- मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि आरजेडी और कांग्रेस के कुशासन का नुकसान पूर्णिया के लोगों को उठाना पड़ा। लेकिन अब स्थिति बदल रही है।

15 Sept 2025, 04:53:14 PM IST

PM Modi Live: हर गरीब को जब तक पक्का घर नहीं मिलता, तबतक शांत नहीं बैठूंगा- मोदी

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि जब तक हर गरीब को पक्का घर नहीं मिल जाती, तब तक मोदी रुकना वाला नहीं है, हम लोग 3000 नए घर बनाने जा रहे हैं।

15 Sept 2025, 04:51:25 PM IST

PM Modi Live: देरी से आने से क्षमा प्रार्थी हूं- पीएम मोदी

देरी से पूर्णिया पहुंचने पर पीएम मोदी ने जनता से क्षमा मांगी है। उन्होने कहा कि देरी के बावजूद आप लोग इतनी बड़ी तादाद में जुटे रहे, इसके आप सभी को धन्यवाद

15 Sept 2025, 04:45:22 PM IST

PM Modi Live: पूर्णिया से पहली कमर्शियल उड़ान के पीएम मोदी ने हरी झंडी दिखाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्णिया से पहली कमर्शियल फ्लाइट और चार ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाई।

15 Sept 2025, 04:37:37 PM IST

PM Modi Live: पूर्णिया से पीएम मोदी ने 40 हजार करोड़ की सौगात दी

पूर्णिया से पीएम मोदी ने बिहार को 40 हजार करोड़ की सौगात दी है। रिमोट का बटन दबाकर बिहारवासियों को बड़ा तोहफा दिया।

15 Sept 2025, 04:34:31 PM IST

PM Modi Live: अगले 5 साल में एक करोड़ से ज्यादा नौकरी और रोजगार देंगे- नीतीश

सीएम नीतीश ने कहा कि चुनाव से पहले तक 50 लाख से ज्यादा नौकरी और रोजगार हो जाएगा। अगले 5 सालों में एक करोड़ से ज्यादा नौकरी, रोजगार देंगे। रैली में आए लोगों से खड़े होकर पीएम मोदी का स्वागत करने की अपील की।

15 Sept 2025, 04:30:19 PM IST

PM Modi Live: 2005 से पहले बिहार में कुछ नहीं हुआ- नीतीश

नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि 2005 से पहले कुछ नहीं हुआ। लेकिन जब 2005 में बीजेपी और जेडीयू की सरकार बनी, तब से बिहार का विकास शुरू हुआ। हम लोगों ने बुर्जुग, दिव्यांगों और विधवाओं की पेंशन 1100 रुपए कर दी है। अब घर में बिजली है। 125 यूनिट फ्री बिजली दी जा रही है।

15 Sept 2025, 04:28:28 PM IST

PM Modi Live: बिहार के लिए मोदी जी ने बहुत काम किया है- नीतीश कुमार

सीएम नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नीतीश का स्वागत करते हुए कहा कि बिहार ने मोदी ने बहुत काम किया है। 40000 करोड़ की योजनाओं से बिहार को बहुत फायदा होगा। पूर्णिया एयरपोर्ट के बनने से लोगों को काफी सुविधा होगी।

15 Sept 2025, 04:21:23 PM IST

PM Modi Live: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मखाने की माला से स्वागत

पूर्णिया पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मखाना की माला से स्वागत किया गया। बिहार बीजेपी अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने उन्हें मखाने की माला पहनाई।

15 Sept 2025, 04:19:25 PM IST

PM Modi Live: नरेंद्र मोदी जिंदाबाद, नीतीश कुमार जिंदाबाद के लगे नारे

पूर्णिया पहुंचे पीएम मोदी, सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी एक गाड़ी पर सवार होकर स्टेज तक पहुंचे। प्रधानमंत्री ने हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन स्वीकारा। इस दौरान नरेंद्र मोदी जिन्दाबाद और नीतीश कुमार जिंदाबाद के नारे लगे।

15 Sept 2025, 04:00:06 PM IST

PM Modi Live: पीएम मोदी ने पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन किया, सीएम नीतीश रहे मौजूद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन कर दिया है। इस मौके पर उनके साथ सीएम नीतीश कुमार भी मौजूद रहे। पीएम मोदी ने एयरपोर्ट के मॉडल को भी देखा, और जानकारी ली।

15 Sept 2025, 03:40:42 PM IST

PM Modi Live: पीएम मोदी पूर्णिया पहुंचे, सीएम नीतीश भी मौजूद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्णिया पहुंच चुके हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी समेत एनडीए के तमाम नेता मौजूद हैं।

15 Sept 2025, 03:17:19 PM IST

PM Modi Live: पूर्णिया दौरे से पहले पीएम मोदी का एक्स पर पोस्ट

पूर्णिया दौरे से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि असम के कार्यक्रमों के बाद कोलकाता आ गया हूं, जहां Combined Commanders’ Conference में शामिल होने का सुअवसर मिलेगा। इसके बाद बिहार के पूर्णिया जाऊंगा, जहां एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन के उद्घाटन के साथ ही करीब 36,000 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करूंगा। मखाना और बिहार का बहुत गहरा नाता रहा है। पूर्णिया से राष्ट्रीय मखाना बोर्ड की शुरुआत भी की जाएगी, जिससे इस क्षेत्र के हमारे किसान भाई-बहनों को बहुत लाभ होने वाला है।

15 Sept 2025, 02:32:15 PM IST

PM Modi Live: पीएम मोदी के बिहार दौरे पर तेजस्वी का तंज, नित्यानंद राय ने किया पलटवार

केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने तेजस्वी यादव के 'जुमले' वाले बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री पूर्णिया में जहां एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे, वहीं बिहार को तीन स्पेशल ट्रेन भी मिलने जा रहा है। तेजस्वी यादव को अगली बार अगर दिल्ली जाना हो तो वे पटना और दरभंगा के साथ-साथ पूर्णिया से भी उड़ान भर सकते हैं। पूर्णिया से वह उड़ान भर रहे होंगे तो पीएम मोदी को धन्यवाद देना उन्हें नहीं भूलना चाहिए। आजकल पटना के नए टर्मिनल से दिल्ली तथा देश के दूसरे हिस्सों के लिए सफर करने पर तेजस्वी यादव को सुखद आनंद की अनुभूति होती है, उसी तरह पूर्णिया से भी 15 सितंबर से यात्रा करने में अच्छा अनुभव जरूर महसूस होगा।

15 Sept 2025, 02:21:14 PM IST

PM Modi Live: पूर्णिया से कई जिलों को सौगात देंगे पीएम मोदी

भागलपुर में नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत एसटीपी और आईएंडडी, पूर्णिया में सीमेन उत्पादन केंद्र का उद्घाटन करेंगे। भागलपुर जिले के पीरपैंती में 3x800 मेगावाट की थर्मल पावर परियोजना का शिलान्यास करेंगे। सुपौल और कटिहार जिले में आईएंडडी और एसटीपी कार्य की आधारशिला रखेंगे। पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए कटिहार, भागलपुर और दरभंगा जिलों में नई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 35 हजार ग्रामीण और 5920 शहरी लाभार्थियों को गृह प्रवेश कराएंगे।

15 Sept 2025, 02:11:27 PM IST

PM Modi Live: पीएम मोदी के दौरे के दौरान सुरक्षा कड़ी

पीएम के कार्यक्रम को लेकर कई लेयरों में सुरक्षा व्यवस्था की गई है। एयरपोर्ट एवं शीशाबाड़ी स्थित सभास्थल पर एसपीजी ने कमान संभाल रखी है। दोनों जगहों के आसपास सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। डीप मैटल डिटेक्टर से सर्च किया जा रहा है। बम निरोधक दस्ता एवं डॉग स्क्वायड दस्ता लगातार एक्टिव है। जिले के अलावा पूर्वी (भागलपुर), (सहरसा), मुंगेर (मुंगेर ) एवं मिथिला (दरभंगा) रेंज से हजारों की संख्या में महिला एवं पुरूष पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस कर्मी मार्गों से लेकर पीएम के कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था में लगे रहेंगे।

इसके अलावा बिहार पुलिस मुख्यालय से बिहार विशिष्ट सशस्त्र पुलिस की 12 कंपनियों, बिगुलर सहित बैण्ड पार्टी एवं अश्रु गैस दस्ता को तैनात किया गया है। आसूचना संकलन के लिए पुलिस का इंटेलिजेंस को एक्टिव किया गया है। कनीय से लेकर पुलिस के वरीय अधिकारी लगाातार क्षेत्र में बने हुए हैं।

15 Sept 2025, 02:05:57 PM IST

तीन घंटे पूर्णिया में रहेंगे पीएम, करेंगे संबोधित

PM Modi Live: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर बाद 2.20 बजे पूर्णिया एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां 2.30 से 2.45 बजे तक अंतरिम टर्मिनल भवन का उद्घाटन-लोकार्पण करेंगे। एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद पूर्णिया एयरपोर्ट से वह हेलीकॉप्टर से सिकंदरपुर (शीशाबाड़ी) एसएसबी कैंप पहुंचेंगे। सभास्थल पर वह 3.30 बजे पहुंचेंगे। इस दौरान करीब 30 से 40 मिनट का उनका संबोधन होगा। पीएम 3.30 से 4.45 बजे तक शीशाबाड़ी में आयोजित सभास्थल पर उपस्थित प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे लोगों को संबोधित करेंगे। यहां करीब 10 एकड़ में वाटरप्रूफ जर्मन हैंगर बनाए गए हैं। जनसभा को संबोधित करने के बाद पीएम मोदी शाम 5.20 बजे पूर्णिया एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

15 Sept 2025, 02:03:20 PM IST

PM Modi Live: पीएम नरेंद्र मोदी के साथ मंच पर 52 शख्सियत होंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुख्यमंत्री, राज्यपाल समेत कई केंद्रीय मंत्री मंच सांझा करेंगे। मंच पर कुल 52 शख्सियत होंगे। इसमें सीमांचल के सांसद और विधायकों के लिए भी स्थान निर्धारित किया गया है। प्रधानमंत्री के साथ पहली पंक्ति में 20 नेता मौजूद रहेंगे। पीएम के साथ पहली पंक्ति में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, गिरिराज सिंह, चिराग पासवान, रामनाथ ठाकुर, नित्यानंद राय, संतीष चंद्र दूबे, राजभूषण चौधरी, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा, मंत्री विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, प्रेम कुमार, लेशी सिंह, मंगल पांडे, संजय कुमार झा, दिलीप जायसवाल और श्रवण कुमार बैठेंगे।

मंच पर दूसरी पंक्ति में राज्य सरकार के मंत्री जीवेश कुमार, रेणु देवी, सांसद पप्पू यादव, मोहम्मद जावेद, तारीक अनवर, प्रदीप कुमार सिंह, विधायक आफाक आलम, कृष्ण कुमार ऋषि, शंकर सिंह, तारकिशोर प्रसाद, विजय कुमार खेमका, नरेंद्र यादव, संजीव कुमार सिंह, अशोक कुमार अग्रवाल मौजूद रहेंगे। इसी तरह तीसरी पंक्ति में जय प्रकाश यादव, अख्तरूल इमान आदि रहेंगे।

15 Sept 2025, 01:58:43 PM IST

PM Modi Live: पूर्णिया की धरती से आज पहली बार उड़ेगा विमान

पिछले लोकसभा चुनाव में रंगभूमि मैदान से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्णिया की जनता से एयरपोर्ट का वादा किया था। यह योजना अब बिहार विधानसभा चुनाव से पहले परवान चढ़ रही है। पूर्णिया एयरपोर्ट से बहरहाल अहमदाबाद और कोलकाता के बीच ही हवाई सेवा की शुरूआत हो पायी है। मगर आने वाले दिनों में दिल्ली, हैदराबाद, बंगलुरु, मुंबई सरीखे शहरों से कनेक्टिविटी के बाद इसका लाभ सीमांचल समेत कोसी के लोगों को मिलना तय है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर बाद करीब 2.20 बजे कोलकाता से भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से पूर्णिया एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद पूर्णिया एयरपोर्ट पर बने अंतरिम टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। पटना, गया, दरभंगा के बाद पूर्णिया बिहार का चौथा एयरपोर्ट होगा जहां से कामर्शियल फ्लाइट की सेवा शुरू होगी। पहले दिन यानी सोमवार को अहमदाबाद से 76 सीटर विमान से 66 यात्री भरेंगे उड़ान आएंगे। इसी विमान से फिर 61 यात्री पूर्णिया से अहमबाद के लिए रवाना होंगे।

इसी तरह प्रधानमंत्री की मौजूदगी के बीच कोलकाता के लिए भी विमान रवाना होगा। एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद पूर्णिया के शीशाबाड़ी में प्रधानमंत्री की होने वाली जनसभा खास होगी। बिहार में दरभंगा, भागलपुर, झंझारपुर, विक्रममंज, सीवान, मोतिहारी के बाद आज प्रधानमंत्री पूर्णिया के शीशाबाड़ी में करीब 75 मिनट तक रहेंगे।

15 Sept 2025, 01:55:15 PM IST

PM Modi Live: पूर्णिया एयरपोर्ट से कब-कहां के लिए फ्लाइट, जान लें

एस 5 618 एएमडी-पीएक्सएन 06:20 और 08:45

एस 5 601 पीएक्सएन-सीसीयू 09:25 और 10:15

एस 5 602 सीसीयू-पीएक्सएन 10:45 और 11:35

एस 5 619 पीएक्सएन-एएमडी 12:15 और 14:40

एस 5 618 एएमडी-पीएक्सएन 11:55 और 14:20

एस 5 619 पीएक्सएन-एएमडी 15:00 और 17:25

15 Sept 2025, 01:53:34 PM IST

PM Modi Live: स्टार एयर पूर्णिया एयरपोर्ट से शुरू करेगी विमान सेवा

अहमदाबाद-पूर्णिया-कोलकाता मार्ग को जल्द ही दैनिक सेवा में बदला जाएगा। नई उड़ानें स्टार एयर के आधुनिक एम्ब्रेयर ई-175 विमान से संचालित होंगी, जिसमें 76 सीटों की क्षमता है। यात्री इसमें बिजनेस जेट जैसी सुविधा के साथ एयरलाइन की दक्षता का अनुभव कर सकेंगे। मीडिया को जारी विज्ञप्ति में स्टार एयर की सीईओ सिमरन टिवाना ने कहा, हमें बहुत खुशी है कि हम अहमदाबाद और कोलकाता जैसे दो महत्वपूर्ण शहरों से सीधी उड़ान कनेक्टिविटी देकर पूर्णिया को भारत के एविएशन मानचित्र पर ला रहे हैं।

यह हमारी उस प्रतिबद्धता का हिस्सा है, जिसमें हम क्षेत्रीय हवाई संपर्क बढ़ाने और यात्रियों को सुविधाजनक, भरोसेमंद और आरामदायक यात्रा विकल्प प्रदान करने के लिए काम कर रहे हैं, जो उड़ान योजना के अंतर्गत है। नई सेवाओं से बिहार के सीमांचल क्षेत्र में व्यापार, वाणिज्य और पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। साथ ही यह छात्रों, पेशेवरों और कारोबारियों को सुविधाजनक यात्रा के नए अवसर भी उपलब्ध कराएगी।

15 Sept 2025, 01:51:44 PM IST

PM Modi Live: पूर्णिया से अहमदाबाद, कोलकाता के लिए सीधी उड़ान

18 सितम्बर से स्टार एयर अहमदाबाद और पूर्णिया के बीच सप्ताह में चार उड़ानें (सोमवार, मंगलवार, गुरुवार और रविवार) तथा पूर्णिया और कोलकाता के बीच सप्ताह में तीन उड़ानें (सोमवार, मंगलवार और गुरुवार) संचालित करेगी। इससे क्षेत्रीय हवाई संपर्क मजबूत होगा और पूर्णिया को दो बड़े महानगरों से हवाई कनेक्शन मिलेगा। संजय घोड़ावत समूह की विमानन इकाई स्टार एयर ने भारत सरकार की क्षेत्रीय संपर्क योजना (आरसीएस-उड़ान) के तहत पूर्णिया से अहमदाबाद और कोलकाता के लिए नई उड़ानों की शुरुआत की घोषणा की है।

15 Sept 2025, 01:49:36 PM IST

PM Modi Live: वंदे भारत और अमृत भारत ट्रेन को पीएम मोदी दिखाएंगे हरी झंडी

पीएम जोगबनी और दानापुर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाएंगे, जिससे अररिया, पूर्णिया, मधेपुरा, सहरसा, खगड़िया, बेगूसराय, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, वैशाली और पटना जैसे जिलों को सीधा लाभ होगा। प्रधानमंत्री सहरसा और छेहरटा (अमृतसर) तथा जोगबनी और इरोड के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाएंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत 35,000 ग्रामीण लाभार्थियों और प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत 5,920 शहरी लाभार्थियों के लिए आयोजित गृह प्रवेश समारोह में भी भाग लेंगे और कुछ लाभार्थियों को चाबियां सौंपेंगे।

15 Sept 2025, 01:48:48 PM IST

PM Modi Live: पीएम मोदी बिहार को रेल परियोजनाओं की देंगे सौगात

रेल कनेक्टिविटी में सुधार की अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार में विभिन्न रेल परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे और कई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। प्रधानमंत्री विक्रमशिला-कटरिया के बीच 2,170 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाली रेल लाइन का शिलान्यास करेंगे, जो गंगा नदी के पार सीधा रेल संपर्क प्रदान करेगी। इसके अलावा पीएम 2680 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कोसी-मेची अंतरराज्यीय नदी संपर्क परियोजना के पहले चरण की आधारशिला रखेंगे।

प्रधानमंत्री अररिया-गलगलिया (ठाकुरगंज) के बीच 4,410 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली नई रेल लाइन का उद्घाटन करेंगे। साथ ही, अररिया-गलगलिया (ठाकुरगंज) खंड पर ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे, जो अररिया और किशनगंज जिलों के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित करेगी।

15 Sept 2025, 01:47:54 PM IST

PM Modi Live: पीरपैंती में ताप विद्युत परियोजना का शिलान्यास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भागलपुर के पीरपैंती में ताप विद्युत परियोजना का शिलान्यास करेंगे। यह बिहार में निजी क्षेत्र का सबसे बड़ा 25,000 करोड़ रुपये का निवेश होगा। नमामि गंगे योजना के तहत कटिहार, भागलपुर एवं सुपौल में एसटीपी का शिलान्यास करेंगे। अमृत योजना के तहत कटिहार, भागलपुर और दरभंगा के लिए वाटर सप्लाई प्रोजेक्ट का शिलान्यास करेंगे।

15 Sept 2025, 01:47:13 PM IST

PM Modi Live: पूर्णिया एयरपोर्ट के अंतरिम टर्मिनल भवन का उद्घाटन

पूर्णिया की सरजमीं से बिहार के विकास के लिए पीएम नरेंद्र मोदी 40000 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। बिहार में राष्ट्रीय मखाना बोर्ड की स्थापना की भी घोषणा करेंगे, जिससे बिहार और देश के मखाना किसानों को लाभ होगा। प्रधानमंत्री पूर्णिया हवाई अड्डे के नए सिविल एन्क्लेव में अंतरिम टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। वह अहमदाबाद से आने वाली स्टार एयर की फ्लाइट के यात्रियों को रिसीव करेंगे तो कोलकाता जाने वाले इंडिगो के हवाई यात्रियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार शाम यह जानकारी दी।

15 Sept 2025, 01:46:00 PM IST

PM Modi Live: पूर्णिया में 2000 पुलिसकर्मी करेंगे ट्रैफिक कमांड

पीएम मोदी के सभास्थल तक पहुंचने वाले मार्गों के साथ शहर के विभिन्न चौक- चौराहों पर दो हजार के करीब पुलिस कर्मी सुबह से लेकर ट्रैफिक कमांड करेंगे। शहर से सभास्थल जाने के दौरान जाम से निबटने के लिए फोर्ड कंपनी चौक, लाइन बाजार चौक, बिहार टाकिज मोड़ एवं खुश्कीबाग में ट्रैफिक पुलिस को खास तौर पर एक्टिव रहने के निर्देश दिए गए हैं। जबकि ट्रॉली के जरिए चौक- चौराहों पर वाहनों की स्पीड पर नियंत्रण रखा जाएगा।

15 Sept 2025, 01:45:18 PM IST

PM Modi Live: पूर्णिया में ट्रैफिक कंट्रोल के लिए खास प्लान

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एयरपोर्ट से लेकर शीशाबाड़ी तक के कार्यक्रम को लेकर सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई है। खासकर कार्यक्रम के दौरान पूर्णिया में ट्रैफिक को सुचारू रखने के लिए रूटचार्ट एवं पार्किंग की व्यवस्था तो की ही गई है, इसके अलावा कई खास इंतजाम भी किए गए हैं। मसलन एयरपोर्ट से लेकर शीशाबाड़ी तथा सभी पार्किंग स्थलों एवं सभा तक पहुंचने वाले सभी रूटों पर कुल 500 ड्रॉपगेट बनाए गए हैं। ट्रैफिक को कंट्रोल करने के लिए विभिन्न जगहों पर कुल 300 ट्रॉली लगाई जा रही है।

उसी तरह एयरपोर्ट से लेकर शीशाबाड़ी तक छोटे- बड़े कुल 1100 बेरिकेटिंग लगाए गए हैं। वैसे तो एयरपोर्ट से शीशाबाड़ी तक हैलीकॉप्टर के जरिए पीएम के पहुंचने के शेड्यूल निर्धारित है, परन्तु आपात स्थिति के लिए एक कंटीजेंसी रूट तैयार किया गया है। इस रूट पर जगह- जगह बेरीकेटिंग एवं ड्रॉपगेट लगाए जा रहे हैं। सभास्थल से लेकर हर रूट पर हाई रिज्यूलेशन सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। जिससे मार्गों एवं सभास्थल पर लोगों की गतिविधि पर नजर रखी जा सके।

15 Sept 2025, 01:44:09 PM IST

PM Modi Live: विशिष्ट लोगों के लिए बस सेवा

पूर्णिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सभा स्थल तक लोगों के पहुंचने के लिए सुगम यातायात की व्यवस्था की गई है। सभा स्थल के इर्द- गिर्द विभिन्न मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं। इन पार्किंग स्थलों पर छोटे वाहन यथा चार पहिया, तीन पहिया एवं दो पहिया वाहनों को पार्क कर सभा स्थल पर जाना होगा। जबकि जीरोमाइल से काठपुल तक विशिष्ट जनों यथा वीआईपी, मीडिया कर्मी एवं दिव्यांगजनों के लिए सरकारी स्तर पर बसाों की व्यवस्था की गई है। अररिया एवं जलालगढ़ के रास्ते से आने वाले वाहन जायसवाल धर्मकांटा में पार्क किए जा सकेंगे। यहां चालकों के लिए सुविधा बहाल रहेगी।

डगरूआ से आने वाले वाहनों के लिए पार्किग स्थल बरसौनी टॉल प्लाजा के समीप स्टील प्लांट कैंपस बनाया गया है। पूर्णिया शहर की ओर से खुश्कीबाग या सनौली चौक के रास्ते सभा स्थल तक जाने वाले वाहन गुलाबबाग मार्केटिंग यार्ड में पार्क किए जा सकेंगे। मरंगा की ओर से आने वाले वाहनों के लिए केडिया केँपस, रिनॉल्ट एवं नेक्शा शो रूम के समीप पार्किंग स्थल होगा।

अररिया से आने वाली बसें जायसवाल धर्मकांटा के पास यात्रियों को ड्राप कर कसबा स्थित मैक्स अस्पताल के समीप जलालगढ़ की ओर जाने वाले एनएच के किनारे बने पार्किंग स्थल पर पार्क की जा सकेंगी। उसी तरह डगरूआ से आने वाली बस निर्मला पेट्रोल पम्प के आगे एवं दमका चौक से पहले यू टर्न से मुड़कर बस का पार्किंग स्थल बरसोनी टोल प्लाजा से आगे बायसी की ओर जाने वाले एनएच के बायें लेन में

15 Sept 2025, 01:42:27 PM IST

PM Modi Live: पूर्णिया में वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट क्या होगा, पढ़ें

अररिया तथा दालकोला की ओर से पूर्णिया की ओर आने वाले सभी वाहन चालक अररिया से किशनगंज जाने वाली वैकल्पिक मार्ग का उपयोग निर्वाध रूप से कर सकेंगे। बायसी-डगरूआ से कटिहार, भागलपुर, नवगछिया की ओर जाने वाले वाहन चालक बेलगच्छी चौक, डगरूआ से होते हुए चांदपुर, कदवा (कटिहार) के रास्ते कटिहार जा सकेंगे। पूर्णिया के रास्ते कटिहार से अररिया तथा अररिया से कटिहार जाने वाली सभी वाहन के चालक वैकल्पिक मार्ग कटिहार के कोढ़ा तथा कुर्सेला से सरसी के रास्ते रानीगंज होते हुए अररिया जाने वाली मार्ग का प्रयोग कर सकेंगे।

कोढ़ा के रास्ते पूर्णिया से किशनगंज की ओर जाने वाली सभी प्रकार के वाहन चालक वैकल्पिक मार्ग कटिहार के कोढ़ा तथा कुर्सेला से सरसी के रास्ते रानीगंज (राज्य राजमार्ग सं0-77) से अररिया तथा अररिया से किशनगंज भाया बहादुरगंज जाने वाली मार्ग का प्रयोग कर सकेंगे। अररिया तथा सुपौल तथा इन शहरों के रास्ते पूर्णिया आने वाले यात्री रानीगंज के रास्ते सरसी अथवा श्रीनगर होते हुए पूर्णिया शहर में प्रवेश कर सकेंगे।

15 Sept 2025, 01:41:37 PM IST

PM Modi Live: पीएम मोदी के कार्यक्रम को लेकर विशेष पार्किंग स्थल

पीएम के सभा स्थल तक आम जनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुल 15 जगहों पर पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। इनमें नवनीत केडिया का भुखण्ड, दमका चौक खुशी इन्टरप्राईजेज, नेक्सा शोरूम के पुरब एवं पश्चिम, निर्मला पेट्रोल पम्प के सामने झुन्नु जायसवाल का कैम्पस, रेनॉलट शोरूम के पास, स्टील प्लांट कैम्पस, सर्विस लेन एवं मेन लेन के बाएं तरफ बारसोनी टॉल प्लाजा से डंगराहा (बायसी) तक जायसवाल धर्मकांटा के पास अररिया रोड, कान्ती फुड शॉप के सामने वाली भुखण्ड, वीरू का कैम्पस काठपुल के पास, वीरेन्द्र का कैम्पस काठपुल के पास, प्रितम कुमार का कैम्पस (सुरक्षित), गुलाबबाग मार्केटिंग यार्ड शामिल हैं।

15 Sept 2025, 01:40:46 PM IST

PM Modi Live: पूर्णिया शहर में कैसी होगी ट्रैफिक व्यवस्था, जान लें

मरंगा से पूर्णिया बाईपास सड़क के रास्ते जीरोमाईल जाने वाली सड़क पर 15 सितंबर के दिन 01:00 बजे से संध्या 06:00 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों को परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। जलालगढ़ की ओर से पूर्णिया शहर आने वाले छोटी वाहन राधानगर, कसबा से होते हुए पूर्णिया शहर में प्रवेश कर सकेंगी। अररिया से पश्चिम बंगाल की ओर जाने वाले सभी वाहन अररिया से बहादुरगंज होते हुए किशनगंज के रास्ते जा सकेंगे। 12 सितंबर की संध्या 06:00 बजे से दिनांक 15.09.2025 की रात 12:00 बजे तक गुलाबबाग स्थित मंडी में मालवाहक वाहनों का प्रवेश एवं पार्किंग की मनाही रहेगी।

13 सितंबर की रात्रि 12:00 बजे से 15 सितंबर के रात्रि 10:00 बजे तक कदवा के रास्ते मंझेली से वीरपुर होते हुए बेलौरी एवं गुण्डा चौक आने वाली सड़क पर सभी प्रकार के व्यवसायिक मालवाहक वहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। 13 सितंबर की रात्रि 12:00 बजे से दिनांक 15 सितंबर की रात्रि 10:00 बजे तक श्रीनगर के रास्ते जनता चौक आनेवाली सड़क पर सभी प्रकार के व्यवसायिक मालवाहक वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। सभी आपातकालीन सेवाएं यथा एम्बुलेंस, पुलिस वाहन आदि यथावत बनी रहेंगी।

15 Sept 2025, 01:39:18 PM IST

PM Modi Live: पूर्णिया में बदली ट्रैफिक व्यवस्था, एडवाइजरी देख लें

पूर्णिया में पीएम नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सोमवार रात 10 बजे तक बदली रहेगी। इसके लिए यातायात पुलिस ने पूर्व में ही एडवाइजरी जारी किया है। सभी एनएच एवं एसएच पर सुलभ यातायात के लिए 13 सितंबर की रात 12 बजे से 15 सितंबर की रात 10 बजे तक शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किए गए हैं। इसके अनुसार 13 सितंबर की रात्रि 12 बजे से 15 सितंबर की रात्रि 10:00 बजे तक जिलान्तर्गत सभी राष्ट्रीय राजमार्गों पर भारी व्यवसायिक वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।

14 सितंबर की रात्रि 12:00 बजे से 15 सितंबर की रात्रि 10:00 बजे तक सभी राष्ट्रीय राजमार्गों तथा राज्य मार्गों की ओर से पूर्णिया की ओर आने वाली यात्री बसों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। 14 सितंबर की संध्या 07:00 बजे से 15 सितंबर की रात्रि 10:00 बजे तक सभी राष्ट्रीय राजमार्गों तथा राज्य मार्गों से पूर्णिया की ओर आने वाले सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। 15 सितंबर की रात्रि 10:00 बजे तक सहरसा से पूर्णिया आने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग-231 (एनएच 107) पर बनमनखी से आगे पूर्णिया की ओर आने वाले सभी प्रकार के मालवाहक वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।