Pitru Paksha Mela: सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी ने किया मां का श्राद्ध; लालू प्रसाद, पुनीत इस्सर भी आए
भाजपा की दिग्गज नेत्री पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. सुषमा स्वराज की सांसद पुत्री बांसुरी स्वराज विष्णुनगरी पहुंची। दिल्ली की सांसद अपने माता सुषमा स्वराज के लिए पिंडदान किया।

Pitru Paksha Mela: पितृपक्ष के मौके पर धर्म नगरी गया में विश्वभर से लोग अपने पितरों के मोक्ष के लिए पिंडदान करने आ रहे हैं। शुक्रवार को भाजपा की दिग्गज नेत्री पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. सुषमा स्वराज की सांसद पुत्री बांसुरी स्वराज विष्णुनगरी पहुंची। दिल्ली की सांसद अपने माता सुषमा स्वराज के लिए पिंडदान किया। पिंडदान कर सभी के मोक्ष की कामना की। इस बार के पितृपक्ष महासंगम में देश के प्रसिद्ध लोगों का आना जारी है। बांसुरी स्वराज से तीन दिन पहले बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद पूरे परिवार के साथ गया जी आकर पिंडदान किया। राजद सुप्रीमो लालू यादव से पहले महाभारत सीरियल के दुर्योधन पुनीत इस्सर ने पिंडदान किया है।
तीर्थ पुरोहित गयापाल बैजनाथ मेहरवार दाढ़ी वाला ने बताया कि नई दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज शुक्रवार की दोपहर विष्णुपद मंदिर पहुंची। मंदिर परिसर में अपनी माता सुषमा स्वराज के लिए पिंडदान किया। साथ ही अन्य पूर्वजों के लिए भी गया श्राद्ध किया। एक दिनी पिंडदानी के तहत विष्णुपद, फल्गु और अक्षयवट का विधान किया।
पत्रकारों से क्या बोलीं
फल्गु में तर्पण और विष्णुचरण पर पिंड अर्पित कर माता के ब्रह्मलोक की कामना की। अक्षयवट का विधान के बाद सुफल लेकर गयाश्राद्ध संपन्न किया। गयापाल ने बताया कि करीब दो घंटे तक विष्णुपद मंदिर में रही। इसके बाद विष्णुपद मंदिर से ही रवाना हो गईं। इधर, पत्रकारों ने जब सांसद बांसुरी स्वराज से बात करना चाहा तो सांसद ने कहा कि धार्मिक अनुष्ठान पर आई हूं, राजनीतिक बातें शनिवार को बोधगया में होने वाले कार्यक्रम होगी।
यूपी के पूर्व मंत्री डॉ. रवींद्र शुक्ल रवि ने किया पिंडदान
गयापाल विश्वनाथ मेहरवार दाढ़ीवाला ने बताया उत्तर प्रदेश के पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. रवींद्र शुक्ल रवि ने भी संपूर्ण गयाश्राद्ध किया। उन्होंने तीन दिन वाला पिंडदान किया। तीन दिनी पिंडदान के तहत विष्णुपद, फल्गु, प्रेतशिला, धर्मारण्य सहित संपूर्ण वेदियों का श्राद्ध किया। अंतिम दिन शुक्रवार को वेदियों के साथ अक्षयवट का विधान करने के बाद सुफल लेकर गया श्राद्ध संपन्न किया। इस बार पितृपक्ष देश के प्रसिद्ध लोगों का आना जारी है।




साइन इन