Pickpockets steal many women chains Mangalsutras at Nitish Kumar Darbhanga rally नीतीश कुमार की सभा में उचक्कों ने किया हाथ साफ, कई महिलाओं के चेन-मंगलसूत्र उड़े, Bihar Hindi News - Hindustan
More

नीतीश कुमार की सभा में उचक्कों ने किया हाथ साफ, कई महिलाओं के चेन-मंगलसूत्र उड़े

दरभंगा जिले के राघोपुर गांव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जनसभा में भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चोर-उचक्कों ने कई महिलाओं के गले से चेन और मंगलसूत्र उड़ा लिए। गहने गायब होने के बाद महिलाएं फूट-फूटकर रोने लगीं।

Sat, 27 Sep 2025 10:20 AMवार्ता दरभंगा
share
नीतीश कुमार की सभा में उचक्कों ने किया हाथ साफ, कई महिलाओं के चेन-मंगलसूत्र उड़े

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दरभंगा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को आयोजित सभा में चोरों ने जमकर हाथ साफ किए। राघोपुर गांव में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन सह जनसभा के दौरान उचक्कों ने सभा स्थल पर मौजूद कई महिलाओं के गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र गायब कर दिए। सभा समाप्त होने के बाद महिलाओं को अपने गहनों के चोरी होने का अहसास हुआ। कई महिलाएं अपने गले से चेन और मंगलसूत्र गायब देखकर फूट-फूटकर रोने लगीं। पीड़ित महिलाओं और उनके परिजन ने घटना की जानकारी देते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।

सीएम नीतीश की सभा में लगभग 12 महिलाओं के गहने चोरी होने की सूचना है। महिलाओं ने कहा कि जब मुख्यमंत्री की सभा में जहां सैकड़ों की संख्या में पुलिसकर्मी हैं और इतनी बड़ी घटना हो सकती है तो खुली सड़कों पर लोग कैसे सुरक्षित रहेंगे। पीड़ित महिलाएं अपने गुम हुए गहनों की तलाश में भटकती रहीं।

घटना के बाद से महिलाओं में भारी आक्रोश दिखा जिसके बाद सभी ने मुख्य सड़क जाम कर हंगामा किया, जिससे दरभंगा के जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक की गाड़ी समेत कई गाड़ियां फंसी रहीं। कार्रवाई के आश्वासन के बाद सड़क जाम हटाया गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:राहुल की यात्रा में पॉकेटमारों का आतंक, पूर्व मंत्री समेत कई नेताओं की जेब कटी

पूनम देवी ने बताया कि उनकी 1 लाख रुपये की चेन चोरी हो गई। वहीं, गौरी देवी ने बताया कि उनकी 40 हजार की चेन चोरी हुई। सुनीता देवी ने 50 हजार का सोने का गहना गायब होने की बात कही है। इसी तरह गायत्री देवी, रामकुमारी देवी और राधा कुमारी ने बताया कि उनका भी स्वर्ण आभूषण गायब हो गया है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।