Tejashwi Yadav Promises to Exempt Tadi from Liquor Ban and Grant Industry Status महागठबंधन सरकार बनी तो ताड़ी शराबबंदी कानून से होगा बाहर : तेजस्वी, Patna Hindi News - Hindustan
More

महागठबंधन सरकार बनी तो ताड़ी शराबबंदी कानून से होगा बाहर : तेजस्वी

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने ताड़ी व्यवसायियों के साथ कार्यक्रम में कहा कि महागठबंधन सरकार बनने पर ताड़ी को शराबबंदी कानून से बाहर किया जाएगा और इसे उद्योग का दर्जा दिया जाएगा। उन्होंने पासी समाज की...

Sun, 27 April 2025 08:26 PMNewswrap हिन्दुस्तान, पटना
share
महागठबंधन सरकार बनी तो ताड़ी शराबबंदी कानून से होगा बाहर : तेजस्वी

ताड़ी व्यवसायियों और पासी समाज के लोगों के बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने महागठबंधन सरकार बनने पर ताड़ी को शराबबंदी कानून से बाहर करने और उसे उद्योग का दर्जा देने की घोषणा की। कहा कि ताड़ी व्यवसायियों पर चल रहे मुकदमों को वापस लिया जाएगा। वे रविवार को स्थानीय श्रीकृष्ण स्मारक भवन सभागार में आयोजित ताड़ी व्यवसायी महाजुटान कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि सरकार में रहने के दौरान कई बार कहे जाने के बावजूद सरकार की जिद के कारण यह संभव नहीं हो सका। उन्होंने जातीय गणना के तहत पासी समाज की आबादी एक प्रतिशत होने और इसमें भी 76 प्रतिशत आबादी के भूमिहीन होने की जानकारी दी और इस हालात को पीड़ादायक बताया। उन्होंने पासी समाज से वोट की चोट के माध्यम से अपने हालात में सुधार की अपील की। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में सम्राट चौधरी से जुड़े सवाल पर तेजस्वी ने उन्हें बैकडोर वाला नेता बताया और आरोप लगाया कि लालू जी का नाम नहीं लेंगे तो इनकी रोजी-रोटी भी नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि लालू जी ने ही उनको मंत्री और विधायक बनाया। आखिरी बार जब चुनाव लड़े तो हमलोग की पार्टी से ही जीते हैं। सम्राट चौधरी द्वारा यह कहे जाने पर कि तेजस्वी सपना देख रहे हैं, कभी सीएम नहीं बनेंगे, तेजस्वी ने दावा किया कि सपनों को हकीकत में बदलने जा रहे हैं।

ताड़ी व्यवसायी महाजुटान कार्यक्रम में राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय नारायण चौधरी ने तेजस्वी को मुख्यमंत्री बनाने की अपील की। कार्यक्रम में राजद नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी, संजय यादव, भूदेव चौधरी, प्रेमा चौधरी, फणीन्द्र चौधरी, जगदीश चौधरी, सुरेंद्र चौधरी, राजा चौधरी, सुजीत कुमार, विश्वनाथ चौधरी, बिहारी प्रसाद सहित अन्य प्रमुख नेता मौजूद थे। मालूम हो कि, कार्यक्रम की शुरुआत में उदय नारायण चौधरी की कुर्सी टूटने से वे गिरते-गिरते बचे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।