उम्मीदवारों पर मंथन, BJP बैठक आज से; टिकट पर हो सकता बड़ा फैसला!
बिहार चुनाव को लेकर भाजपा अपने उम्मीदवारों के चयन के लिए तेजी से काम कर रही है। शनिवार को प्रदेश चुनाव समिति की बैठक होगी जिसमें उम्मीदवारों के चयन पर चर्चा होगी।
भाजपा अपने उम्मीदवारों के चयन के लिए तेजी से काम कर रही है। इसी क्रम में शनिवार को पार्टी के प्रदेश चुनाव समिति की बैठक होनी है। बैठक में भाग लेने के लिए बिहार भाजपा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान पटना आ रहे हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि चुनाव समिति की पहली बैठक शनिवार और रविवार को होगी। बैठक में भाजपा के उम्मीदवारों के चयन पर गहन चर्चा होगी। कोशिश होगी कि इस बैठक में भाजपा के जो वर्तमान विधायक हैं, उन सीटों पर उम्मीदवारों का चयन कर, उसकी सूची पर अंतिम फैसला हो जाए।
इसके बाद यह सूची केंद्रीय संसदीय बोर्ड को भेजी जाएगी, जहां से उम्मीदवार चयन पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। मीडिया से बातचीत में उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के युवा मतदाताओं को वर्ष 2005 के पहले का बिहार कैसा था, इसकी जानकारी पार्टी देगी। पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सभी विधानसभा क्षेत्रों में जाकर युवाओं को यह बताएंगे कि बिहार में 20 सालों में कितने बदलाव हुए हैं।
वहीं, दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और बिहार चुनाव के सह प्रभारी केशव प्रसाद मौर्य दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को पटना पहुंचे। पार्टी प्रदेश कार्यालय में उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई वरिष्ठ नेताओं से बात की और चुनाव तैयारी का जायजा लिया। उन्होंने प्रदेश के 13 लोकसभा के क्षेत्रीय प्रभारी, क्षेत्रीय सह प्रभारी और जिला प्रभारियों के साथ बैठक की।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन