Pappu Yadav tells Nitish hijab video as father daughter relationship his wife Ranjeet Ranjan claims unbearable नीतीश के हिजाब वाले वीडियो में पप्पू यादव को अभिभावक दिखा, पत्नी रंजीत बोलीं- बर्दाश्त के काबिल नहीं, Bihar Hindi News - Hindustan
More

नीतीश के हिजाब वाले वीडियो में पप्पू यादव को अभिभावक दिखा, पत्नी रंजीत बोलीं- बर्दाश्त के काबिल नहीं

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मुस्लिम महिला का हिजाब हटाने की कोशिश करने वाले वायरल वीडियो को पप्पू यादव ने बाप-बेटी का भाव बताया है। वहीं, पप्पू यादव की पत्नी रंजीत रंजन ने इसे बर्दाश्त के काबिल बताते हुए सीएम से इस्तीफा देने की मांग कर दी।

Tue, 16 Dec 2025 03:42 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
नीतीश के हिजाब वाले वीडियो में पप्पू यादव को अभिभावक दिखा, पत्नी रंजीत बोलीं- बर्दाश्त के काबिल नहीं

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मुस्लिम महिला के हिजाब हटाने की कोशिश करने वाला वीडियो वायरल होने पर राज्य ही नहीं बल्कि देश भर का सियासी पारा गर्मा गया है। आरजेडी, कांग्रेस समेत अन्य कई विपक्षी दलों के नेता नीतीश के वीडियो की निंदा करने लगे हैं। इस बीच पूर्णिया से कांग्रेस समर्थित निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने सीएम नीतीश का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि हिजाब नहीं हटाया गया, बल्कि नीतीश के मन में बाप-बेटी वाला भाव था। हालांकि, पप्पू की पत्नी एवं कांग्रेस सांसद रंजीत रंजन ने नीतीश के महिला का हिजाब हटाने को शर्मनाक बताते हुए उसे बर्दाश्त के काबिल नहीं करार दिया है।

पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत में कहा, “उन्होंने (नीतीश कुमार) ने हिजाब नहीं हटाया है। उनके मन में बेटी और बाप का भाव था। हिजाब हटाने को हम सही नहीं मानते हैं, लेकिन आलोचना सकारात्मक रूप से होनी चाहिए। जरूरी नहीं कि हर आलोचना नकारात्मक हो। हिजाब नहीं हटाना चाहिए था, लेकिन उनकी जो दृष्टि और भाव था वो पिता-बेटी का था।”

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मौलाना ने बिहार CM को दी नसीहत, बोले-महिलाओं की तौहीन बर्दाश्त नहीं

वहीं, मंगलवार को ही मीडिया से बातचीत में पप्पू यादव की पत्नी एवं कांग्रेस से राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन ने कहा, “इसका शब्दों में बखान नहीं किया जा सकता है। वे (नीतीश) बुजुर्ग हैं लेकिन ये बर्दाश्त के काबिल नहीं है। आपने एक महिला का जिस तरीके से हिजाब हटाने की कोशिश की, यह बहुत शर्मनाक है। अगर किसी महिला का दुपट्टा या हिजाब हटा रहे हैं, उसे आप हटा रहे हैं, यह बिल्कुल बर्दाश्त के काबिल नहीं है। उन्हें आत्मग्लानि होनी चाहिए और खुद से इस्तीफा देना चाहिए।”

क्या है मामला?

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है इसमें नीतीश कुमार एक कार्यक्रम में मुस्लिम महिला का हिजाब हटाने की कोशिश कर रहे हैं। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने सोमवार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से इस वीडियो को शेयर किया और सीएम पर निशाना साधते हुए कहा- नीतीश जी को यह क्या हो गया है, उनकी मानसिक स्थिति बहुत दयनीय स्थिति में पहुंच गई है।

बताया जा रहा है कि पटना स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय में नवनियुक्त आयुष चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र वितरण के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में आयुष डॉक्टर नुसरत परवीन को नियुक्ति पत्र देते समय उनके चेहरे पर ढके हिजाब को नीतीश अपने हाथ से हटाने लगे। इससे वहां असहज की स्थिति हो गई। हालांकि, लाइव हिन्दुस्तान इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।