PACS chief son property dealer shot dead in Muzaffarpur month after cousin murder मुजफ्फरपुर में पैक्स अध्यक्ष के बेटे की गोली मारकर हत्या, चचेरे भाई का भी हुआ था मर्डर, Bihar Hindi News - Hindustan
More

मुजफ्फरपुर में पैक्स अध्यक्ष के बेटे की गोली मारकर हत्या, चचेरे भाई का भी हुआ था मर्डर

मुजफ्फरपुर में पैक्स अध्यक्ष के बेटे और प्रॉपर्टी डीलर संजय चौधरी की गुरुवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। एक महीने पहले उनके चचेरे भाई टुनटुन चौधरी को भी अपराधियों ने मार दिया था।

Fri, 16 May 2025 08:18 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, प्रमुख संवाददाता, मुजफ्फरपुर
share
मुजफ्फरपुर में पैक्स अध्यक्ष के बेटे की गोली मारकर हत्या, चचेरे भाई का भी हुआ था मर्डर

बिहार के मुजफ्फरपुर में गुरुवार रात को पैक्स अध्यक्ष ललीता देवी के बेटे संजय चौधरी के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात सदर थाना क्षेत्र के पताही में एलपी शाही कॉलेज के पास हुई। गोली मारने वाले बदमाश बाइक पर सवार होकर आए थे। संजय के साथ बाइक पर बैठे पताही के भूंसा कारोबारी गुड्डू सिंह गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें बैरिया स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि संजय चौधरी प्रॉपर्टी डीलर थे। 12 दिन पहले भी उन पर गोली चली थी, लेकिन वे पुलिस के पास नहीं गए थे। एक महीने पहले उनके चचेरे भाई टुनटुन चौधरी की भी हत्या हो गई थी।

संजय की पत्नी रेखा देवी पंचायत समिति सदस्य हैं। संजय प्रॉपर्टी डीलिंग करते थे। हत्या में जमीन विवाद और राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के बिंदु पर पुलिस जांच कर रही है। संजय की मौत के बाद अस्पताल में ही ग्रामीणों ने हंगामा किया। पुलिस अधिकारियों से बकझक भी हुई। जमीन विवाद में एक माह पूर्व संजय के चचेरे भाई टुनटुन चौधरी की गोली मार हत्या कर दी गई थी। सिटी एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि सुपारी शूटर की भूमिका सामने आ रही है। संदिग्धों की गिरफ्तारी को छापे मारे जा रहे हैं।

चचेरे भाई के मर्डर के बाद संजय पर भी चली थी गोली

जमीन के लिए संजय चौधरी से पहले उसके चचेरे भाई राजकिशोर चौधरी उर्फ टुनटुन चौधरी की हत्या के मुख्य साजिशकर्ता बिट्टू ठाकुर के आत्मसमर्पण के बाद से ही पताही में दूसरी घटना होने की आशंका जताई जा रही थी। परिवार वाले संजय को सतर्क रहने की हिदायत भी दे रहे थे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में प्रॉपर्टी डीलर समेत 2 की हत्या, जमीन विवाद में मर्डर की आशंका

3 मई को भी बाइक सवार अपराधियों ने संजय का पीछा भी किया था। बताया जा रहा है कि तब अपराधियों ने फायरिंग भी की थी। हालांकि, तब तक संजय अपने घर पहुंच गए थे। हमले की एफआईआर उन्होंने सदर थाने में दर्ज नहीं कराई थी। डेढ़ माह के अंदर परिवार में दो चचेरे भाइयों की हत्या से आक्रोशित परिजन व ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाया।

ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस ने टुनटुन के दो शूटर को गिरफ्तार कर जेल भेजने के बाद स्थिर बैठ गई। मुख्य साजिशकर्ता ने कोर्ट में आत्मसमर्पण किया। लेकिन, अन्य की गिरफ्तारी नहीं हुई। हत्या में बिट्टू समेत 13 लोगों की साजिश की बातें सामने आई थी। अब पुलिस संजय की हत्या को भी टुनटुन चौधरी की हत्या से जोड़कर देख रही है।

खैनी लेने चौक पर गए थे

उधर, घायल गुड्डू ने पुलिस को बताया कि वह संजय के साथ बाइक से फरदो गोला चौक गए थे। वहां से खैनी लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान ब्लू रंग की बाइक से दो अपराधी पीछा किया। एलपी शाही कॉलेज के पास साइड में आकर गोली चलाई। संजय को पेट में दो गोली लगी और उसके बांह में गोली लगी है। इसके बाद संजय और वह बाइक से गिर गए। गोली मारते हुए दोनों अपराधी मड़वन की ओर फरार हो गए। दोनों का चेहरा खुला हुआ था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बेटी की शादी का कार्ड बांटने निकले प्रॉपर्टी डीलर के सीने में गोलियां उतार दीं

गोली लगने के बाद दोनों को बैरिया स्थित ले जाया गया, जहां संजय को मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद परिजन संजय को ब्रह्मपुरा स्थित निजी हॉस्पिटल ले गए वहां भी उसे मृत बताया गया। इसके बाद हंगामा बढ़ गया। सिटी एसपी के पहुंचने पर ग्रामीणों ने आक्रोश जताया। सूचना मिलने पर एसएसपी सुशील कुमार अस्पताल से लेकर घटनास्थल तक छानबीन की।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।