Owaisi AIMIM leaders reached Tejashwi Yadav house with drums for alliance asked 6 seats गठबंधन के लिए तेजस्वी यादव के घर ढोल लेकर पहुंच गए ओवैसी के नेता, 6 सीटें मांगीं, Bihar Hindi News - Hindustan
More

गठबंधन के लिए तेजस्वी यादव के घर ढोल लेकर पहुंच गए ओवैसी के नेता, 6 सीटें मांगीं

असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM के विधायक अख्तरुल ईमान समेत अन्य नेता लालू यादव की आरजेडी से बिहार विधानसभा चुनाव में गठबंधन के लिए ढोल लेकर गुरुवार को पटना में तेजस्वी के आवास पर पहुंच गए।

Thu, 11 Sep 2025 08:49 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
गठबंधन के लिए तेजस्वी यादव के घर ढोल लेकर पहुंच गए ओवैसी के नेता, 6 सीटें मांगीं

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए महागठबंधन में शामिल होने के लिए असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM जोर आजमाइश कर रही है। ओवैसी की पार्टी के विधायक एवं बिहार अध्यक्ष अख्तरुल ईमान गुरुवार को पटना में अपने समर्थकों के साथ ढोल लेकर राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव के आवास तक पहुंच गए। उन्होंने लालू-तेजस्वी कानों को खोल, गठबंधन के लिए दरवाजा खोल जैसे नारे लगाए। ईमान ने कहा कि हमने कई बार गठबंधन के लिए आरजेडी को प्रस्ताव दिया लेकिन उसे अनसुना कर दिया गया। हम कोई सीएम या मंत्रालय नहीं मांग रहे, बल्कि सिर्फ 6 सीटें मांग रहे हैं।

AIMIM के बिहार चीफ अख्तरुल ईमान ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि जो परिस्थितियां साल 2005 के चुनाव में बनी थीं, वही इस बार 2025 के चुनाव में बन रही है। उस समय रामविलास पासवान (लोजपा) के बगैर सरकार नहीं बन सकती थी। उन्होंने प्रस्ताव दिया था कि किसी मुस्लिम चेहरे को मुख्यमंत्री बना दिया जाए तो वे समर्थन दे देंगे। अब 2025 के विधानसभा चुनाव में भी वैसी ही स्थिति बन रही है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:जो ओवैसी को कहते रहे बीजेपी की B टीम, उस MGB से गठबंधन के लिए AIMIM क्यों बेचैन?

उन्होंने लालू-तेजस्वी को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उन्होंने AIMIM का साथ नहीं लिया तो आगामी चुनाव में वोट बिखर जाएंगे और सांप्रदायिक शक्तियों की हार नहीं हो पाएगी। ईमान ने कहा, “हम (AIMIM) गठबंधन की सरकार बनाना चाहते हैं, तेजस्वी उसके नेता रहेंगे। ये (आरजेडी) मुसलमानों का वोट लेना चाहते हैं लेकिन मुस्लिमों को प्रतिनिधित्व में आगे नहीं बढ़ने देना चाहते हैं। यही वजह है कि पिछले दिनों गठबंधन के लिए जो प्रस्ताव दिए गए उस पर कई बार तेजस्वी ने कहा कि हमने नहीं सुना और लेटर नहीं मिला है। इसलिए आज उनके दरवाजे तक ढोल बजाकर लेटर देने आए हैं।”

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ओवैसी को सीट नहीं देंगे लालू-तेजस्वी! RJD ने कहा- BJP को हराना है तो नहीं लड़ें

आरजेडी द्वारा पूर्व में AIMIM के चार विधायकों को तोड़कर अपने पाले में करने की बात का जिक्र करते हुए अख्तरुल ईमान ने कहा कि बिहार में सांप्रदायिक शक्तियों को हटाने के लिए हम इतने गंभीर हैं कि हमारे सीने पर खंजर घोंपा गया फिर भी हम उनसे हाथ मिलाने के लिए तैयार हैं। वो नुकसान हमें हुआ है, लेकिन हम बिहार की जनता को नुकसान नहीं होने देना चाहते हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सीमांचल की 24 सीटों पर चौतरफा दांव; NDA और MGB के साथ पीके, ओवैसी भी लगा रहे जोर

बता दें कि असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी की सीमांचल क्षेत्र में अच्छी पकड़ है। 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में AIMIM ने सीमांचल की 5 सीटों पर जीत दर्ज की थी। अख्तरुल ईमान भी पूर्णिया जिले की अमौर विधानसभा सीट से विधायक बने थे। हालांकि, जून 2022 में ईमान को छोड़ पार्टी के सभी 4 MLA तेजस्वी यादव की आरजेडी में शामिल हो गए थे।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।