Orchestra owner beaten to death in Chapra had got married just 10 months ago छपरा में ऑर्केस्ट्रा संचालक की पीट-पीटकर हत्या, 10 महीने पहले ही हुई थी शादी, Bihar Hindi News - Hindustan
More

छपरा में ऑर्केस्ट्रा संचालक की पीट-पीटकर हत्या, 10 महीने पहले ही हुई थी शादी

छपरा के दाउदपुर मांझी में देर रात अपने भाई के साथ बाइक पर घर जा रहे एक ऑर्केस्ट्रा संचालक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक के परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

Wed, 12 March 2025 08:00 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, एक संवाददाता, दाउदपुर-मांझी (सारण)
share
छपरा में ऑर्केस्ट्रा संचालक की पीट-पीटकर हत्या, 10 महीने पहले ही हुई थी शादी

बिहार के छपरा (सारण) में ऑर्केस्ट्रा संचालक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात जिले के दाउदपुर थाना क्षेत्र के मांझी-एकमा पथ पर स्थित मदनसाठ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पास मंगलवार रात को हुई। मृतक की पहचान एकमा थाना क्षेत्र के कोहड़गढ़ निवासी विनय राम के 20 वर्षीय बेटे सन्नी कुमार राम के रूप में हुई है। वह ऑर्केस्ट्रा चलाता था। उसकी 10 महीने पहले ही शादी हुई थी। हत्या के बाद से परिजन में कोहराम मचा है। वारदात के दौरान सन्नी का बड़ा भाई ब्रजेश कुमार राम भी साथ था। वह किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकला।

घटना के बाद बुधवार सुबह लोगों ने रोड जाम कर विरोध जताया। दाउदपुर थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर जाम को खत्म कराया एवं शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया। बताया जाता है कि सन्नी अपने बड़े भाई ब्रजेश के साथ अपने दोस्त एवं दाउदपुर के शीतलपुर निवासी मुन्ना राम की बारात में जाने के लिए बाइक से मांझी के मेहंदीगंज गया था। सन्नी और ब्रजेश रात करीब 1 बजे बारात से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक का कुछ लोगों ने स्कॉर्पियो कार से पीछा किया गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:युवती की हत्या के बाद लगाई आग, जहानाबाद में अधजली लाश मिलने से सनसनी

मदनसाठ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पास सुनसान जगह देखकर पहले स्कार्पियो ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इस बीच पीछे से बाइक की टक्कर होने के बाद उसपर सवार दोनों भाई गिर पड़े। तभी स्कॉर्पियो से निकलकर कुछ लोगों ने रॉड से सन्नी कुमार राम के सिर पर प्रहार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरी ओर भाई ब्रजेश राम अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भाग निकला। उसने किसी तरह घटना की सूचना परिजन को दी।

मृतक सन्नी कुमार राम की शादी 10 माह पहले ही बरेजा की संध्या भवानी से हुई थी। मृतक कोहड़गढ़ में ही रहकर आर्केस्ट्रा चलाता था। घटना के बाद से मां चंदा देवी एवं पत्नी संध्या का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के बड़े भाई ब्रजेश कुमार राम ने दाउदपुर थाने में एक आवेदन दिया है जिसमें घटना का कारण पूर्व का विवाद बताया गया है। आवेदन में कोहड़गढ़ गांव के ही दो लोगों को आरोपी बनाया गया है। दाउदपुर थानाध्यक्ष नवलेश ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।