no traffic jam travel from Mokama to Begusarai in minutes Bihar first 6 lane bridge is ready अब नहीं लगेगा जाम, मिनटों में मोकामा से बेगूसराय का सफर, बिहार का पहला 6 लेन पुल तैयार, Bihar Hindi News - Hindustan
More

अब नहीं लगेगा जाम, मिनटों में मोकामा से बेगूसराय का सफर, बिहार का पहला 6 लेन पुल तैयार

बिहार के पहले 6 लेन पुल के बन जाने से लोग मिनटों में गंगा नदी पार कर लेंगे। उत्तर और दक्षिण बिहार की संपर्कता काफी सुलभ हो जाएगी। ब्रिज पर 13-13 मीटर चौड़ी दोनों ओर तीन-तीन लेन की सड़क है, जबकि ब्रिज के दोनों ओर डेढ़ मीटर चौड़ा फुटपाथ है। मोकामा से बेगूसराय का सफल आसान हो जाएगा।

Fri, 18 April 2025 05:31 PMsandeep हिन्दुस्तान, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि, पटना
share
अब नहीं लगेगा जाम, मिनटों में मोकामा से बेगूसराय का सफर, बिहार का पहला 6 लेन पुल तैयार

बिहार का पहला छह लेन पुल गंगा पर बन कर तैयार है। अगले सप्ताह से इसपर आवागमन शुरू होगा। हालांकि मोकामा के समीप रेलवे ओवरब्रिज के एक हिस्से में फिनिशिंग का कार्य चल रहा है, जिसे 31 मई तक पूरा कर लिया जाएगा। 1740 करोड़ रुपये की लागत से बने 8.15 किलोमीटर लंबे पुल और संपर्क पथ पर लगभग 250 मीटर में 31 मई तक तीन लेन से ही आवागमन शुरू होगा। मोकामा के औंटा और बेगूसराय के सिमरिया को जोड़ने के लिए गंगा पर 1.865 किलोमीटर लंबे पुल का निर्माण किया गया है।

वहीं तीन किलोमीटर में फोरलेन और 3.285 किलोमीटर में छह लेन का संपर्क पथ बनाया गया है। इस पुल के चालू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। इस पुल का निर्माण कार्य 2018 में प्रारंभ हुआ था। औंटा से हाथीदह व सिमरिया बिंद टोली से राजेन्द्र पुल स्टेशन एनएच-31 तक में छह लेन के एक आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) और दो आरयूबी (रेलवे अंडरब्रिज) का निर्माण किया गया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे का एलाइनमेंट मंजूर, बिहार के किन जिलों को लाभ?
ये भी पढ़ें:खुशखबरी! पटना में 6 लेन रोड और पुल, जेपी गंगा पथ का 35 किलोमीटर तक होगा विस्तार

इसमें आरओबी के एक भाग में फिनिशिंग का कार्य जारी है। इसके अलावा रास्ते में 6 वेकल अंडरब्रिज (वीयूबी) भी बना है। औंटा के पास दो जगहों पर रेलवे अंडर ब्रिज का निर्माण किया गया है। वहीं पटना-मोकामा ग्रीनफील्ड फोरलेन और छह लेन पुल का जुड़ाव जहां पर होता है, वहां खूबसूरत गोलंबर का निर्माण किया गया है। यहां पर पटना से मोकामा और बेगूसराय से पटना आने-जाने वाले लोगों को टर्न लेने में सुविधा होगी।

अभी तक मोकामा से बेगूसराय जाने के लिए लोग दो लेन वाले राजेंद्र सेतु का इस्तेमाल करते हैं। इसके एक लाइन पर ज्यादातर समय मरम्मत का ही काम चलता रहता है। इसी कारण एक लेन से ही गाड़ियों का आवागमन होता है। पुल के दोनों छोरों पर गाड़ियों को रोक दिया जाता है। इसके बाद वाहनों को अलग-अलग समय में पार कराया जाता है। कभी-कभार तो पुल पार करने में एक-दो घंटे का समय लग जाता है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अनीसाबाद चौराहे से पटना AIIMS तक 6 लेन एलिवेटेड रोड, केंद्र की मंजूरी

लेकिन छह लेन पुल चालू होने के बाद लोग मिनटों में गंगा नदी पार कर लेंगे। उत्तर और दक्षिण बिहार की संपर्कता काफी सुलभ हो जाएगी। ब्रिज पर 13-13 मीटर चौड़ी दोनों ओर तीन-तीन लेन की सड़क है, जबकि ब्रिज के दोनों ओर डेढ़ मीटर चौड़ा फुटपाथ है। मोकामा-बेगूसराय के बीच गंगा पर बना पुल 8.15 किमी लंबा है, जो संपर्क पथ से भी जुड़ा है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।