Nitish laid foundation Samrat inaugurated this road in Patna named after Nitin Naveens father नीतीश ने रखी आधारशिला, सम्राट चौधरी ने किया उद्घाटन; नितिन नवीन के पिता के नाम पटना का यह रोड, Bihar Hindi News - Hindustan
More

नीतीश ने रखी आधारशिला, सम्राट चौधरी ने किया उद्घाटन; नितिन नवीन के पिता के नाम पटना का यह रोड

नितिन नवीन ने कहा कि नीतीश कुमार ने सुशासन की सरकार दी। अब सम्राट चौधरी इसे आगे बढ़ा रहे हैं।

Mon, 11 May 2026 07:32 PMSudhir Kumar पटना, हिन्दुस्तान ब्यूरो
share
नीतीश ने रखी आधारशिला, सम्राट चौधरी ने किया उद्घाटन; नितिन नवीन के पिता के नाम पटना का यह रोड

Bihar News: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा है कि आज का दिन मेरे लिए विशेष है। मेरे पिता नवीन किशोर सिन्हा की जयंती है। पिता विधायक थे, तब उन्होंने मंदिरी नाला समेत अन्य नालों को सड़क के रूप में विकसित करने का सपना देखा था। खुशी है कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस विजन को धरातल पर उतारा। आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के हाथों इसका उद्घाटन हो रहा है। सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार समृद्ध बनेगा।

भाजपा अध्यक्ष सोमवार को नवीन किशोर सिन्हा पथ (मंदिरी नाला पथ) के लोकार्पण के मौके पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा पहले नाले के बगल में लोग जीने को विवश थे, आज उनके सामने चौड़ी सड़क बन गई है। यही एनडीए सरकार की सोच है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने सुशासन की सरकार दी। सुशासन की सरकार से समृद्ध बिहार बनाने का सपना सम्राट के नेतृत्व में हमलोग पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि केवल मंदिरी नाले का ही नहीं, पटना के कई बड़े नालों को सड़क के रूप में विकसित करते नालों को भी जीवंत रखने का कार्य सरकार कर रही है। सभी नालों पर सड़क निर्माण और ड्रेनेज का काम चल रहा है। जल्द ही यह भी पूरा होगा।

उन्होंने कहा कि मंदिरी पथ सीधे जेपी गंगा पथ से जुड़ेगा, जिसके लिए 54 करोड़ से इस पर काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि इस पथ से पटना को एक वैकल्पिक मार्ग मिलेगा। पटना से उत्तर बिहार जाने के लिए यह सबसे सुगम रास्ता होगा।

उन्होंने कहा कि बिहार के विकास में कई आयाम नीतीश कुमार ने जोड़ा है। सम्राट चौधरी इसको और गति दे रहे हैं। राज्य के शहरी क्षेत्र में विकास के कई और आयाम जुड़ेंगे। एक समय था कि पटना में नगर निगम की कोई आधारभूत संरचना नहीं थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वायत्ता के साथ निगमों को पूरी ताकत दी है। राज्य की योजनाओं के साथ नगर निकाय भी अपनी योजनाओं को रूप दे रहा है। उन्होंने कहा कि एक जनप्रतिनिधि के रूप में बिहार सरकार के सहयोग से आप सभी के लिए मैं काम करता रहूंगा।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।