Nitish Kumar visits his aunt's village, bringing smiles to relatives' faces after 40 years नीतीश कुमार पहुंचे मौसी के गांव, 40 साल बाद मुलाकात से खिल उठे रिश्तेदारों के चेहरे, Bihar Hindi News - Hindustan
More

नीतीश कुमार पहुंचे मौसी के गांव, 40 साल बाद मुलाकात से खिल उठे रिश्तेदारों के चेहरे

नीतीश कुमार ने हरनौत में अपने मौसा स्व. रामानंद सिंह व मौसी स्व. देव लगन देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वे रिश्तेदारों से मिलकर उनका हाल-चाल जाना।

Sun, 7 June 2026 05:55 PMSudhir Kumar लाइव हिन्दुस्तान, नालंदा
share
नीतीश कुमार पहुंचे मौसी के गांव, 40 साल बाद मुलाकात से खिल उठे रिश्तेदारों के चेहरे

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री सह जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार अपने रिश्तेदारों से मुलाकात करने रविवार को प्रखंड के माधोपुर-सबनहुआ गांव पहुंचे। वहां उन्होंने परिजनों से मुलाकात की। वे 40 साल बाद इस गांव में आए थे। उनके आने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल दिखा। उन्होंने वहां सबसे पहले अपने मौसा स्व. रामानंद सिंह व मौसी स्व. देव लगन देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वे रिश्तेदारों से मिलकर उनका हाल-चाल जाना। इस दौरान लोगों ने उन्हें गुलदस्ता देकर व फूल-माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया।

वे वहां सवा ग्यारह बजे पहुंचे। गांव पहुंचते ही लोगों ने नीतीश कुमार जिंदाबाद... के नारे लगाए। इसके बाद चिरपरिचित अंदाज में उन्होंने गाड़ी में से हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री के अलावा बिहार विधान परिषद सदस्य संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन सर्राफ, जदयू जिलाध्यक्ष मो. अरशद, जदयू प्रखंड अध्यक्ष रविकांत कुमार, उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि सुरेश सिंह, निरंजन सिंह, रामजी सिंह व अन्य मौजूद रहे।

पारिवारिक मिलन समारोह

‎नीतीश कुमार के मौसेरे भाई रामजी प्रसाद ने बताया कि यह पूरी तरह से पारिवारिक और शिष्टाचार मुलाकात थी। वे काफी समय बाद परिवार के लोगों से मिलने और उनका हालचाल जानने के लिए यहां आए थे। गांव में वे कुछ देर रुके, परिजनों के साथ समय बिताया और अपने मौसा-मौसी को याद करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की।

गांव में भव्य स्वागत

पूर्व सीएम के आगमन को लेकर सुबह से ही गांव में भीड़ जमा थी। लोगों में खुशियां थीं। लोगों ने अपनी समस्याओं के निपटारे के लिए उन्हें आवेदन भी दिये। मौके पर बीडीओ डॉ. पंकज कुमार, ईओ सौरव सुमन, राजकिशोर सिंह कक्कू, जदयू प्रखंड प्रवक्ता रौशन कुमार, नगर जदयू अध्यक्ष श्याम बालक साव, पार्षद प्रतिनिधि परमेंद्र पांडेय, बंटी व अन्य मौजूद थे। परिवार के सदस्य रामजी प्रसाद, इंदु देवी, अजय कुमार, सुमन कुमारी, नवरतन कुमार सिंह, मुन्नी देवी, राकेश कुमार, सुमन कुमारी, रौशन कुमार, निप्पू देवी, ‎यशवंत कुमार, बंती प्रियदर्शी, ईशु कुमारी, शिवानी कुमारी, ‎रोहित राज, अमन राज और ग्रामीण भी मौजूद थे।

सुरक्षा के थे कड़े इंतजाम

पूर्व मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुबह से ही गांव से लेकर कल्याण विभाग रोड तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गयी थी। एसडीओ किसलय श्रीवास्तव, एसडीपीओ-2 संजय कुमार जायसवाल, हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश वर्मा, कल्याण बिगहा थानाध्यक्ष निशा भारती समेत दर्जनों पुलिस बल सुरक्षा में तैनात थे। परिजनों से मिलने के बाद नीतीश कुमार का काफिला पटना के लिए निकल गया।

(हरनौत से श्रवण लाल की रिपोर्ट)

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।