Nitish Kumar calls Rabri Devi Ladki Girl Tejashwi tweets about dementia alzheimer नीतीश ने राबड़ी को ‘लड़की’ कहा; तेजस्वी डिमेंशिया और अल्जाइमर बतियाने लगे, Bihar Hindi News - Hindustan
More

नीतीश ने राबड़ी को ‘लड़की’ कहा; तेजस्वी डिमेंशिया और अल्जाइमर बतियाने लगे

विधान परिषद में नीतीश कुमार द्वारा राबड़ी देवी को ‘लड़की’ कहने पर तेजस्वी यादव ने एक ट्वीट किया है और उसमें डिमेंशिया और अल्जाइमर जैसी बीमारियों की चर्चा की है।

Mon, 9 Feb 2026 09:17 PMRitesh Verma लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
नीतीश ने राबड़ी को ‘लड़की’ कहा; तेजस्वी डिमेंशिया और अल्जाइमर बतियाने लगे

बिहार विधान परिषद में सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने भाषण के दौरान पूर्व सीएम और सदन में विपक्ष की नेता राबड़ी देवी को ‘लड़की’ कह दिया। उनके भाषण के उस अंश का एक वीडियो ट्वीट करते हुए राबड़ी देवी के बेटे और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने डिमेंशिया और अल्जाइमर बीमारी की बात की है और कहा है कि वो रोगी के स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हैं। नीतीश कुमार की सेहत कुछ समय से राजनीतिक बहस का हिस्सा है। जहां विपक्ष उनकी तबीयत ठीक नहीं होने का दावा करता है, वहीं सत्ता पक्ष के दल इस आरोप को सिरे से खारिज करते रहे हैं। चुनाव के दौरान नीतीश ने तूफानी प्रचार से सबको चुप करा दिया था।

तेजस्वी यादव ने विधान परिषद का वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा है- ‘डिमेंशिया और अल्जाइमर का दुष्प्रभाव जब बढ़ता है तो व्यक्ति मानसिक रूप से विक्षिप्त अवस्था में चला जाता है, जहां आप सहानुभूतिपूर्वक रोगी के मानसिक स्वास्थ्य लाभ की कामना ही कर सकते है। प्रदेश की प्रथम महिला मुख्यमंत्री को “लड़की” कहने तथा महिलाओं के प्रति अपनी संकीर्ण, नकारात्मक व दोषपूर्ण सोच का बारम्बार प्रदर्शन करने वाले मुख्यमंत्री को आप क्या कहेंगे? मुख्यमंत्री की इसी मानसिकता के कारण प्रतिदिन बिहार की सैंकड़ो बच्चियों, छात्राओं और महिलाओं के साथ दुष्कर्म की घटनाओं को प्रोत्साहन मिलता है।’

इस वीडियो में नीतीश कुमार विपक्षी बेंच की तरफ मुखातिब होकर कह रहे हैं- ‘ये कोई काम की है। ये लड़की है। इसके जो हट गए, कुछ दिन के बाद तो इसी को बना दिए। ये लोग कोई काम किए हैं।’ नीतीश पहले भी लालू-राबड़ी के बेटे-बेटियों की संख्या पर निशाना साधते रहे हैं और ज्यादा बच्चा पैदा करने पर सवाल उठाते रहे हैं। सदन में आज राबड़ी देवी की बीजेपी के विधान पार्षद देवेश कुमार से भी झड़प हो गई।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।