Nishant Kumar JDU Bihar Yatra date announced kick off journey from Champaran like father Nitish निशांत कुमार की बिहार यात्रा की तारीख आई, पिता नीतीश की तरह चंपारण से करेंगे आगाज, Bihar Hindi News - Hindustan
More

निशांत कुमार की बिहार यात्रा की तारीख आई, पिता नीतीश की तरह चंपारण से करेंगे आगाज

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की बिहार यात्रा की तारीख का ऐलान हो गया है। उनकी यात्रा का आगाज राष्ट्रपति महात्मा गांधी की कर्मभूमि रहे पश्चिम चंपारण से करेंगे। 

Tue, 21 April 2026 07:27 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
निशांत कुमार की बिहार यात्रा की तारीख आई, पिता नीतीश की तरह चंपारण से करेंगे आगाज

जनता दल यूनाइटेड के नेता निशांत कुमार की बिहार यात्रा की तारीख आ गई है। निशांत आगामी 3 मई को अपनी यात्रा की शुरुआत करेंगे। वह अपने पिता नीतीश कुमार की तरह पश्चिम चंपारण से ही बिहार यात्रा का आगाज करेंगे। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश भी अक्सर चंपारण से ही अपनी सियासी यात्राओं की शुरुआत करते रहे हैं। आगामी यात्रा में नीतीश के बेटे निशांत बिहार के सभी 38 जिलों का दौरा करेंगे। पिछले महीने राजनीति में कदम रखने के तुरंत बाद ही उन्होंने यात्रा निकालने का फैसला कर लिया था।

जदयू नेता निशांत कुमार ने मंगलवार को पटना में मीडिया से बातचीत में कहा कि उनकी बिहार यात्रा 3 मई से शुरू होने की संभावना है। पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता इसकी तैयारी में जुटे हैं। हालांकि, निशांत की पहली सियासी यात्रा का पूरा कार्यक्रम अभी घोषित नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा, जदयू के नेता एवं कार्यकर्ता, सब लोग मिलकर तय करके बताएंगे।

महात्मा गांधी की कर्मभूमि से यात्रा की शुरुआत

निशांत की पहली बिहार यात्रा की शुरुआत पश्चिम चंपारण से होने वाली है। चंपारण को राष्ट्रपति महात्मा गांधी की कर्मभूमि कहा जाता है। उन्होंने बेतिया के भितिहरवा में आश्रम बनाया था। अंग्रेजों द्वारा किसानों पर किए जा रहे शोषण के खिलाफ सत्याग्रह किया था। इसे चंपारण सत्याग्रह भी कहा जाता है।

नीतीश कुमार लगभग दो दशक तक बिहार के मुख्यमंत्री पद पर रहे। इस दौरान उन्होंने कई यात्राएं निकालीं। अधिकतर यात्राओं की शुरुआत वह चंपारण से ही करते रहे हैं। नीतीश कुमार, महात्मा गांधी के विचारों से भी काफी प्रेरित रहे हैं। वह बापू के सिद्धांतों और आदर्शों का अक्सर हवाला देते रहे हैं। अब उनके बेटे निशांत कुमार भी अपने पिता की तर्ज पर चंपारण से ही यात्रा का आगाज करने जा रहे हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:निशांत को जेड सिक्योरिटी, विजय सिन्हा की सुरक्षा घटी; श्रवण को वाई प्लस

नीतीश के इस्तीफे से पहले राजनीति में आए निशांत कुमार

नीतीश के बेटे पिछले महीने तक सक्रिय राजनीति से दूर थे। जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार ने जब बिहार का मुख्यमंत्री पद छोड़कर राज्यसभा जाने का फैसला लिया, तब निशांत की पॉलिटिक्स में एंट्री हुई। नीतीश कुमार ने 10 अप्रैल को राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ली और 14 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया।

वहीं, निशांत कुमार की मार्च महीने में पॉलिटिकल एंट्री हो गई। 8 मार्च को जदयू की सदस्यता लेने के बाद से ही निशांत पार्टी में पूरी तरह से सक्रिय हो गए। वह लगातार जदयू के वरीय नेताओं, प्रवक्ताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन के क्रियाकलाप को समझने का प्रयास कर रहे हैं। अब बिहार के सभी जिलों का दौरा कर वह जनता से सीधे जुड़ने का प्रयास करेंगे।

नीतीश के इस्तीफे के बाद सम्राट चौधरी के नेतृत्व में गठित नई सरकार में निशांत के डिप्टी सीएम बनने की चर्चा चल रही थी। हालांकि, बताया गया कि निशांत अभी इसके लिए तैयार नहीं हुए। इसके बाद नई सरकार में जदयू कोटे से विजय चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव को डिप्टी सीएम बनाया गया। पिछले दिनों जब निशांत से पत्रकारों ने डिप्टी सीएम नहीं बनने के बारे में सवाल किया, तो उन्होंने कहा कि वह अभी संगठन की मजबूती के लिए काम करेंगे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:निशांत कुमार के हौसले को सलाम; डिप्टी CM नहीं बनने पर पप्पू यादव ने की तारीफ
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।