nine hindered artist make longest mithila painting in madhubani district bihar 900 कलाकारों ने एक दिन में बना दी विश्व की सबसे लंबी मिथिला पेंटिंग, डिप्टी सीएम बोले - मिलेगा सम्मान, Bihar Hindi News - Hindustan
More

900 कलाकारों ने एक दिन में बना दी विश्व की सबसे लंबी मिथिला पेंटिंग, डिप्टी सीएम बोले - मिलेगा सम्मान

बताया जा रहा है कि एक दिन में पहली बार इतनी बड़ी पेंटिंग तैयार करने का अभूतपूर्व रिकॉर्ड बनाया गया है। पेंटिंग को बनाने में बिहार के 910 कलाकारों ने अपनी भागीदारी दी है।

Mon, 2 Dec 2024 05:39 AMNishant Nandan हिन्दुस्तान टीम, मधुबनी
share
900 कलाकारों ने एक दिन में बना दी विश्व की सबसे लंबी मिथिला पेंटिंग, डिप्टी सीएम बोले - मिलेगा सम्मान

मधुबनी जिला के स्थापना दिवस पर रविवार को विश्व की सबसे लंबी मिथिला पेंटिंग बनाने का कीर्तिमान स्थापित हुआ। पेंटिंग की लंबाई 1900 फीट से बड़ी है और इसे एक दिन में 900 से अधिक कलाकारों ने साकार किया। मिथिला चित्रकला संस्थान परिसर में बनायी गयी यह पेंटिंग अनूठी है। इसमें 182 विषयों को शामिल किया गया है।

इस ऐतिहासिक पेंटिंग के निर्माण में दो पद्मश्री सम्मानित कलाकारों के अलावा करीब ढाई दर्जन नेशनल अवार्डी भी शामिल थे। कला, संस्कृति एवं युवा विभाग और उद्योग एवं पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में इससे अमलीजामा पहनाया गया।

बताया जा रहा है कि एक दिन में पहली बार इतनी बड़ी पेंटिंग तैयार करने का अभूतपूर्व रिकॉर्ड बनाया गया है। पेंटिंग को बनाने में बिहार के 910 कलाकारों ने अपनी भागीदारी दी है।

पेंटिंग के दौरान पटना से आई दिव्यांग कलाकार ममता कुमारी की कला प्रतिभा व साधना देख लोग बेहद चकित हुए। इस आयोजन में 157 स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कला संस्कृति निदेशक रूबी समेत अन्य अधिकारी इस दौरान मौजूद रहे।

दो पद्मश्री सम्मानित कलाकार भी रहे शामिल

इस पेंटिंग को बनाने में मिथिला चित्रकला संस्थान की आचार्य पद्मश्री दुलारी देवी, पद्मश्री शिवन पासवान, डॉ. रानी झा, संजय जायसवाल, प्रतीक प्रभाकर शशि कला देवी, विमला दत्ता, विभा दास, राम गोपाल पंडित, आशा देवी, कमल नारायण लाल दास, उर्मिला देवी, जगदीश पंडित, अशोक पासवान, महामना देवी समेत अन्य प्रमुख कलाकारों की विशेष भागीदारी रही। संस्थान के निदेशक वीरेन्द्र प्रसाद ने बताया कि विश्व स्तर पर सबसे लंबी मिथिला पेंटिंग बनाने का उद्देश्य युवा पीढ़ी के लिए मिथिला चित्रकला के क्षेत्र में रोजगार सृजन करना है।

उप मुख्यमंत्री सह कला संस्कृति मंत्री, विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि एक दिन में इतनी लम्बी और शानदार पेंटिंग बनाना मिथिला पेंटिंग के कलाकारों तथा बिहार की बड़ी उपलब्धि है। कला संस्कृति विभाग इस ऐतिहासिक कार्य से जुड़े कलाकारों को सम्मानित करेगा।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।