New Train fair from Patna Muzaffarpur Bhagalpur Bihar to Delhi Mumbai Bengaluru Howrah पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु जाना कितना महंगा? नया ट्रेन किराया यहां देखें, Bihar Hindi News - Hindustan
More

पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु जाना कितना महंगा? नया ट्रेन किराया यहां देखें

पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर समेत पूरे बिहार से अब दिल्ली, मुंबई, हावड़ा, बेंगलुरु ट्रेन से जाना महंगा हो जाएगा। रेलवे का बढ़ा हुआ किराया 26 दिसंबर से लागू होने जा रहा है। बिहार से चलने वालीं सभी प्रमुख लंबी दूरी की ट्रेनों में कितना किराया बढ़ेगा, इसकी जानकारी यहां दी गई है।

Mon, 22 Dec 2025 11:52 AMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, पटना/भागलपुर/मुजफ्फरपुर
share
पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु जाना कितना महंगा? नया ट्रेन किराया यहां देखें

ट्रेन का सफर अब महंगा होने जा रहा है। रेलवे ने यात्रियों के किराये में 10 से 50 रुपये तक की बढ़ोतरी की है। नई दरें 26 दिसंबर 2025 से लागू कर दी जाएंगी। इससे पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर समेत बिहार के विभिन्न शहरों से दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु समेत अन्य जगहों पर जाने वालीं लंबी दूरी की ट्रेनों के किराये में बढ़ोतरी होने वाली है। ऐसे में यात्रियों को जेब थोड़ी ज्यादा ढीली करनी होगी। वंदे भारत, राजधानी से लेकर संपूर्ण क्रांति, बिहार संपर्क क्रांति, वैशाली एक्सप्रेस, अमृत भारत, विक्रमशीला एक्सप्रेस, गरीब रथ जैसी सभी ट्रेनों के किराये में बढ़ोतरी की गई है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार 215 किलोमीटर से अधिक दूरी के सफर पर साधारण श्रेणी में एक पैसा प्रति किलोमीटर किराये की बढ़ोतरी की गई है। हालांकि, दैनिक यात्रियों और कम दूरी का सफर करने वालों पर बोझ नहीं डाला गया है। लोकल ट्रेनों और मंथली सीजन टिकट (एमएसटी) के किराया पहले की तरह रहेगा। साथ ही, जिन लोगों ने लंबी दूरी की यात्रा का टिकट पहले से बुक करा लिया है, उनसे बढ़ा हुआ किराया नहीं वसूला जाएगा।

  • भागलपुर से दिल्ली जाने के लिए 25 रुपये अधिक खर्च करने होंगे
  • भागलपुर से दिल्ली आनंद विहार टर्मिनल का साधारण किराया 330 से बढ़कर 342, स्लीपर क्लास का 585 से बढ़कर 610 और थर्ड एसी का 1535 से बढ़कर 1560 रुपये होगा।
  • भागलपुर से पटना का साधारण किराया 90 से बढ़कर 92 रुपये, स्लीपर का 205 से बढ़कर 209 और थर्ड एसी का 560 रुपये से बढ़कर 565 रुपये होगा।
  • भागलपुर से हावड़ा का साधारण किराया 145 से बढ़कर 149 रुपये, स्लीपर का 260 से बढ़कर 268 रुपये, थर्ड एसी का 700 से बढ़कर 708 रुपये होगा।
  • भागलपुर से मुंबई का साधारण किराया 460 से बढ़कर 479 रुपये, स्लीपर का 785 से बढ़कर 823 रुपये, थर्ड एसी का 2040 से बढ़ाकर 2068 रुपये कर दिया गया है।
  • भागलपुर से धनबाद का साधारण किराया 140 से बढ़ाकर 144 रुपये, स्लीपर 250 का बढ़ाकर 258 रुपये, थर्ड एसी का 680 से बढ़ाकर 688 रुपये किया गया है।
  • भागलपुर से रांची का साधारण किराया 180 से बढ़ाकर 186 रुपये, स्लीपर का 335 से 347 रुपये, थर्ड एसी का 910 से बढ़ाकर 922 रुपये हुआ है।

पटना से दिल्ली 20 रुपये, बेंगलुरु का 54 रुपये किराया बढ़ा

नया किराया लागू होने के बाद पटना से दिल्ली के लिए 20 रुपये, मुंबई के लिए 34.12 रुपये, बेंगलुरु के लिए 53.62 रुपये, केरल के लिए 55 रुपये अधिक देने होंगे। राजेंद्र नगर से नई दिल्ली तेजस राजधानी के थर्ड एसी का किराया अभी 2395 रुपये है। अब यात्रियों को 2415 रुपये देने होंगे। टाटानगर-बक्सर एक्सप्रेस में 615 किलोमीटर की दूरी पर 5 से 15 रुपये, दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस में 540 किलोमीटर पर 5 से 10 रुपये किराया बढ़ेगा।

पटना से मुंबई का नया किराया यहां देखें

  • स्लीपर में अभी 730 रुपये लगते हैं, आगे 764 रुपये लगेंगे
  • थर्ड एसी का किराया 1895 रुपये से बढ़ाकर 1929 कर दिया गया है
  • सेकंड एसी का किराया 2710 से बढ़ाकर 2744 किया गया है
  • फर्स्ट एसी में अभी 4571 किराया है, आगे 4605 रुपये लगेंगे

पटना से हावड़ा का किराया 10 रुपये बढ़ा

  • वंदे भारत के चेयर कार में अभी 1515 रुपये है, नया किराया 1525 होगा
  • वंदे भारत के ईसी क्लास में 2735 से बढ़ाकर 2745 रुपये किया गया है
  • स्लीपर क्लास का किराया 350 की जगह 360 होगा
  • थर्ड एसी का किराया 915 से बढ़ाकर 925 किया गया है
  • सेकेंड एसी का किराया 1275 से बढ़ाकर 1285 किया गया है

मुजफ्फरपुर से दिल्ली का 22 रुपये, मुंबई का 36 रुपये किराया बढ़ा

मुजफ्फरपुर से दिल्ली के लिए 26 दिसंबर से सामान्य श्रेणी के लिए 316, स्लीपर के लिए 572 और एसी थ्री टियर के लिए 1462 रुपये देने होंगे। वहीं, मुंबई के लिए सामान्य श्रेणी के लिए 453, स्लीपर के लिए 756 और एसी थ्री टियर के लिए 1936 रुपये लगेंगे। वहीं, हावड़ा के लिए सामान्य श्रेणी के टिकट के लिए 191, स्लीपर के लिए 346 और एसी के लिए 921 रुपये लगेंगे। बेंगलुरु के लिए सामान्य श्रेणी के लिए 597, स्लीपर के लिए 974 और एसी थ्री टियर के टिकट के लिए 2444 रुपये देने होंगे।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।