nda and mahagathbandhan give ticket from yadav bhumihar and rajpoot caste candidate bihar chunav Bihar Election: जीते कोई भी विधायक एक ही जाति का होगा, NDA और महागठबंधन ने सेट किया जातीय समीकरण, Bihar Hindi News - Hindustan
More

Bihar Election: जीते कोई भी विधायक एक ही जाति का होगा, NDA और महागठबंधन ने सेट किया जातीय समीकरण

औराई में भाजपा की रमा निषाद और वीआईपी के भोगेंद्र सहनी, दोनों निषाद हैं। फुलपरास में जदयू की शीला मंडल और कांग्रेस के सुबोध मंडल एक ही जाति धानुक से हैं। वहीं कई सीटों पर दोनों गठबंधनों ने अल्पसंख्यक उम्मीदवार उतारे हैं। आरक्षित सीटों पर भी एक ही जाति के प्रत्याशी हैं।

Sun, 2 Nov 2025 08:08 AMNishant Nandan हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
share
Bihar Election: जीते कोई भी विधायक एक ही जाति का होगा, NDA और महागठबंधन ने सेट किया जातीय समीकरण

सियासी दलों के दावे भले ही बड़े-बड़े हों, लेकिन जातीय समीकरण साधने में सब आगे हैं। चुनाव में जीत सुनिश्चित करने को दलों ने उम्मीदवारों के चयन में जातिगत समीकरण का पूरा ख्याल रखा है। आबादी की बहुलता, सामाजिक समीकरण और जीत की गारंटी को ध्यान में रखते हुए राज्य के दोनों प्रमुख गठबंधन एनडीए और इंडिया ने ही एक ही जाति के लड़ाकों को चुनावी मैदान में उतारा है। 36 से अधिक सीटों पर ऐसी स्थिति है कि दोनों गठबंधनों में से किसी की भी जीत होगी, विधायक एक ही जाति के चुनकर सदन में पहुंचेंगे।

औराई में भाजपा की रमा निषाद और वीआईपी के भोगेंद्र सहनी, दोनों निषाद हैं। फुलपरास में जदयू की शीला मंडल और कांग्रेस के सुबोध मंडल एक ही जाति धानुक से हैं। वहीं कई सीटों पर दोनों गठबंधनों ने अल्पसंख्यक उम्मीदवार उतारे हैं। आरक्षित सीटों पर भी एक ही जाति के प्रत्याशी हैं।

दोनों गठबंधनों की ओर से एक ही जाति के पहलवानों में सबसे अधिक संख्या यादवों की है। महागठबंधन के सीएम उम्मीदवार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के सामने भाजपा के सतीश कुमार हैं। इसी तरह परसा में जदयू के छोटेलाल राय का मुकाबला राजद की डॉ. करिश्मा राय, हसनपुर में जदयू के राजकुमार राय का मुकाबला राजद की माला पुष्पम तो फतुहा में लोजपा (आर) की रूपा कुमारी का मुकाबला राजद के रामानंद यादव से है।

इसी तरह दानापुर में भाजपा के रामकृपाल यादव का राजद के रीतलाल राय तो मनेर में लोजपा (आर) के जितेंद्र यादव का मुकाबला राजद के भाई वीरेंद्र से है। पालीगंज में लोजपा (आर) के सुनील कुमार का मुकाबला भाकपा माले के संदीप सौरव, नरपतगंज में भाजपा की देवंती देवी का राजद के मनीष यादव, बेलहर से जदयू के मनोज यादव का राजद के चाणक्य प्रकाश रंजन, बेलागंज में जदयू की मनोरमा देवी का राजद के विश्वनाथ कुमार सिंह तो नवादा में जदयू की विभा देवी का राजद के कौशल यादव से मुकाबला है।

कम से कम पांच सीटों पर दोनों गठबंधनों ने ब्राह्मण को टिकट दिया है। इनमें बेनीपुर में जदयू के विनय कुमार चौधरी का कांग्रेस के मिथिलेश कुमार चौधरी, अलीनगर में भाजपा की मैथिली ठाकुर का राजद के बिनोद मिश्रा, शाहपुर में भाजपा के राकेश ओझा का राजद के राहुल तिवारी, बक्सर में भाजपा के आनंद मिश्रा का कांग्रेस के संजय तिवारी और बेनीपट्टी में भाजपा के विनोद नारायण झा, कांग्रेस के नलिनी रंजन झा और भाजपा के बागी डॉ. बी झा मृणाल झंडा बुलंद किए हुए हैं।

राजपूत

राज्य की छह सीटों पर आमने-सामने राजपूत उम्मीदवार हैं। इनमें बरौली में जदयू के मंजीत सिंह का राजद के दिलीप सिंह, बनियापुर में भाजपा के केदारनाथ सिंह का राजद की चांदनी सिंह से मुकाबला है। तरैया में भाजपा के जनक सिंह का राजद के शैलेंद्र प्रताप, बड़हरा में भाजपा के राघवेंद्र प्रताप सिंह का राजद के अशोक कुमार सिंह, वजीरगंज में भाजपा के वीरेन्द्र सिंह का कांग्रेस के अवधेश सिंह, औरंगाबाद में भाजपा के त्रिविक्रम सिंह का कांग्रेस के आनंद शंकर सिंह और रामगढ़ में भाजपा के अशोक कुमार सिंह का राजद के अजीत कुमार से मुकाबला है।

भूमिहार

भूमिहार प्रत्याशियों में तेघड़ा में भाजपा के रजनीश कुमार का सीपीआई के रामरतन सिंह, मटिहानी में जदयू के राजकुमार सिंह का राजद के बोगो सिंह, बेगूसराय में भाजपा के कुंदन कुमार का कांग्रेस की अमिता भूषण, लखीसराय में भाजपा के विजय कुमार सिन्हा का कांग्रेस के अमरेश कुमार, मोकामा में जदयू के अनंत सिंह का राजद की वीणा देवी और हिसुआ में भाजपा के अनिल सिंह का कांग्रेस की नीतू कुमारी से मुकाबला है। इसी तरह बरबीघा में जदयू के डॉ. कुमार पुष्पंजय का कांग्रेस के त्रिशूलधारी सिंह और बिक्रम में भाजपा के सिद्धार्थ सौरभ का कांग्रेस के अनिल कुमार से मुकाबला है।

कई सीटों पर दोनों ही गठबंधनों ने कुर्मी/कुशवाहा प्रत्याशी उतारे हैं। बिहारीगंज में जदयू के निरंजन कुमार मेहता के सामने राजद की रेणु कुमारी हैं। हथुआ में जदयू के रामसेवक सिंह का राजद के राजेश कुशवाहा, जीरादेई में जदयू के भीष्म कुशवाहा का भाकपा माले के अमरजीत कुशवाहा, उजियारपुर में रालोमो के प्रशांत पंकज का राजद के आलोक कुमार मेहता, विभूतिपुर में जदयू की रवीना कुशवाहा का माकपा के अजय कुमार, चेरिया बरियारपुर में जदयू के अभिषेक आनंद का राजद के सुशील कुमार, काराकाट में जदयू के महाबलि सिंह का भाकपा माले के अरुण सिंह और नालंदा में जदयू के श्रवण कुमार का कांग्रेस के कौशलेन्द्र कुमार उर्फ छोटे मुखिया से मुकाबला है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।