हाथियों के झुंड ने फसल को पहुंचाया नुकसान
रजौली वन क्षेत्र के चितरकोली एवं धमनी पंचायत में हाथियों का आतंक जारी है। सोमवार रात, हाथियों ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय में तोड़फोड़ की और आसपास के खेतों में फसलें नष्ट कीं। ग्रामीणों में दहशत फैल गई है, क्योंकि पिछले महीने एक हाथी ने एक व्यक्ति को कुचलकर मार डाला था।

रजौली वन क्षेत्र की चितरकोली एवं धमनी पंचायत के विभिन्न गांवों में हाथियों के झुंड का आतंक जारी है। सोमवार की रात चितरकोली पंचायत के गढ़ दिबौर स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में हाथियों ने जमकर तांडव मचाया है। विद्यालय के गेट एवं खिड़की को तोड़ दिया है। वहीं आसपास के दर्जनों किसानों के खेतों में लगे फसलों को नष्ट कर दिया है। कुछ किसानों के जानवरों को भी कुचल देने की बात कही जा रही है,हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं हाथियों के झुंड फिर से रजौली क्षेत्र में देखे जाने से चितरकोली एवं धमनी पंचायत के ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है।
बीते तीन सप्ताह पूर्व एक हाथी ने क्षेत्र में जमकर आतंक मचाया था एवं सुअरलेटी के एक व्यक्ति को कुचलकर मार डाला था। इस भय से लोगों के रातों की नींद उड़ी हुई है। इस संबंध में रेंजर नारायण लाल सेवक ने बताया कि बीते सोमवार की रात को हाथियों का झुंड गोविंदपुर प्रखंड क्षेत्र के ककोलत जल प्रपात से महावर पहाड़ होते हुए रजौली क्षेत्र में पहुंचने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद वनकर्मी लगातार हाथियों के झुंड को ट्रैक कर रजौली वन क्षेत्र से झारखंड के जंगली क्षेत्र में भेजने को प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि एक सरकारी विद्यालय के गेट और खिड़की को तोड़ दिया गया है। वही ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्द ही हाथियों के झुंड को रजौली वन क्षेत्र से दूर कर दिया जाएगा। (नवादा से राजेश मंझवेकर)
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन